छत्तीसगढ़ /
स्वतंत्रता दिवस के लिए किया अंतिम पूर्वाभ्यास परेड द्वारा मार्चपास्ट की ली सलामी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दुर्ग, 14 अगस्त। जिला मुख्यालय में गरिमामय स्वतंत्रता दिवस आयोजन के लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल की मौजूदगी में अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया।
सहायक कलेक्टर अभिजीत बबन पठारे ने पूर्वाभ्यास के दौरान मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। मंच पर मुख्य अतिथि के आगमन व ध्वजारोहण का अभ्यास के साथ ही कलेक्टर और एसएसपी के साथ परेड निरीक्षण, प्लाटूनों द्वारा मार्च पास्ट, हर्ष फायर, प्लाटून कमांडरों से परिचय, खुले आकाश में रंग बिरंगे गुब्बारे छोडऩे, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फोटो सेशन सहित संपूर्ण आयोजन का पूर्वाभ्यास किया गया।
स्वतंत्रता दिवस पर जिला मुख्यालय में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे ध्वजारोहण
दुर्ग, 14 अगस्त। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पूरी गरिमा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जिला मुख्यालय दुर्ग के प्रथम बटालियन ग्राउण्ड दुर्ग में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा प्रात: 9 बजे ध्वाजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद परेड का निरीक्षण कर मुख्य अतिथि श्री शर्मा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।
कार्यक्रम में हर्ष फायर और मार्च पास्ट के बाद शालेय छात्र-छात्राओं द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार मुख्य अतिथि अपने कर कमलों से पुरस्कार वितरण भी करेंगे।
नशा मुक्त के लिए विद्यार्थियों ने ली शपथ
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दुर्ग, 14 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय दुर्ग के द्वारा गुरुवार को नगर के विभिन्न स्कूलों झाड़ूराम देवांगन मल्टीपरपज विद्यालय दुर्ग, मारवाड़ी स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बघेरा, दाऊ ररू प्रसाद उच्चतर माध्यमिक माध्यमिक विद्यालय,तिलक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु विद्यालय सुभाष नगर, महावीर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग एवं वी.आर.टी. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त रहने का प्रतिज्ञा कराया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी चैतन्य प्रभा दीदी, ब्रह्माकुमारी भुवनेश्वरी दीदी, ब्रह्मकुमारीज के अनेक भाई -बहनें सभी विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र छात्रायें इस अभियान में सम्मिलित हुए।
तहसीलदार के सूने मकान में चोरी, जांच
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोंडागांव, 3 अगस्त। कोण्डागांव साइबर पुलिस कार्यालय से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित तहसीलदार के सूने मकान में चोरों ने धावा बोल दिया। पुलिस जांच में जुटी है।
विश्वसनीय सूत्रों से रविवार दोपहर को मिली जानकारी अनुसार कोण्डागांव शहर में साइबर पुलिस कार्यालय के पास स्थित तहसीलदार के मकान में बीती शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। मकान में ताला तोडक़र अंदर घुसे चोरों को कुछ हाथ नहीं लगा और वे खाली हाथ ही लौट गए। घटना के बाद सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि चोरों ने ताला तोडक़र मकान के अंदर प्रवेश किया, लेकिन कोई सामान चोरी नहीं हुआ है। फिलहाल मामला दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तहसीलदार हड़ताल के चलते इन दिनों जिले से बाहर हैं, जिससे मकान खाली था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
बताया जा रहा है पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
वहीं जल्द ही चोरों को पकडऩे का दावा किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ का हाल बदहाल, साल भर में जर्जर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोंडागांव, 3 अगस्त। शहरों को गांवों से जोडऩे वाली प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना कोंडागांव जिले के ग्रामीण अंचलों में नाकाम होती नजर आ रही है। पांच साल होने को है और उससे पहले बनी सडक़ की हालत अब जर्जर हो चुकी है। बारिश में पूरी सडक़ नाले में तब्दील हो जाती है।
ग्रामीणों को यहां से गुजरने में काफी दिक्कतों का सामना पड़ता है। बरसात में यहां से गुजरने वाले ग्रामीणों और स्कूली विद्यार्थियों को भी परेशानी होती नजर आ रही है, ठीक इसी तरह कोंडागांव जिले के विकासखण्ड बड़ेराजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत हरवेल से गम्हरी मुख्य मार्ग को जोडऩे वाली सडक़ के बीचोंबीच गढ्ढे में तब्दील हो गई है सडक़ उखडऩे लगी है और किनारे किनारे दरार हो चुके हैं साथ ही साथ बड़े बड़े पत्थर भी निकल चुके हैं।
ज्ञात हो कि इस ग्राम को जोडऩे वाली सडक़ हरवेल, तराईबेड़ा, पीढ़ापाल , पीटीसपाल , तितरवंड, गम्हरी को जोड़ती है लगभग पांच से छ: गांव प्रभावित हो रही हैं।
सरपंच प्रतिनिधि ग्राम पंचायत हरवेल महेश नेताम का कहना है कि ग्राम हरवेल से तितरवंड पहुंच मार्ग प्रधानमंत्री सडक़ मार्ग पिछले 1 साल से अति जर्जर एवं गडडा नुमा हो गया है जिससे दुर्घटना होने की अति संभावना बनी हुई है । इस सडक़ से प्रभावित ग्राम हरवेल , तरईबेड़ा, पीटीसपाल, पीढ़ापाल तितरवंड आदि ग्राम प्रभावित हो रही है।
शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देकर 35 लाख से अधिक ठगे
3 आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 3 अगस्त। शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देकर 35 लाख से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है।
थाना प्रभारी राजहरा निरीक्षक रवि शंकर पांडे के साथ साइबर सेल से एक टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी हेतु झुंझुनूं राजस्थान राज्य भेजा गया। टीम द्वारा झुंझुनूं राजस्थान जाकर वहां कैम्प कर लोकल हिंट मुखबिर लगाकर और लोकल थाना के सहयोग से प्रकरण में 3 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
मामला थाना राजहरा क्षेत्र का है, कि दिनांक 17/07/25 को प्रार्थी/पीडि़त जो बीएसपी में इंजीनियर के पद पर राजहरा के कार्यरत है ने थाना हाजिर होकर एक लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 28/05/25 से 30/06/25 तक शेयर ट्रेडिंग ग्रुप में का ऐड होकर अधिक लाभ देने के नाम से प्रार्थी को अलग अलग किस्तों में क्कढ्ढ/क्रञ्जत्रस् के माध्यम से कुल 35,86,740 रुपए बैंक खाते में डलवा कर धोखाधड़ी किया गया है की रिपोर्ट पर थाना राजहरा में धारा 317(4),3(5) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद द्वारा थाना राजहरा और साइबर सेल से विशेष टीम बना कर प्रकरण के आरोपियों को जल्द पकडऩे निर्देशित किया गया । टीम शेयर ट्रेडिंग के ऐप , बैंक खातों की जानकारी, तकनीकी जानकारी के साथ आरोपियों की पुख्ता जानकारी होने पर टीम झुंझुनू राजस्थान रवाना किया गया । टीम वहां पहुंच कर कैंप कर लोकल सनसूचना पर लोकल पुलिस की मदद से संदेहियों की जानकारी प्राप्त कर आरोपियों को घेरा बंदी कर टीम ने प्रकरण में तीन आरोपियों रामनिवास मुंड, मनीष कुमार, विवेक दतुसेलीया तीनों निवासी राजस्थान को गिरफ्तार कर जिला बालोद लाया गया ।
आरोपियों के कब्जे से एच डी एफ सी ,केनरा बैंक, चेकबुक, एवं घटना के दौरान प्रयुक्त 6 मोबाइल फोन को जप्त किया गया है।तीनों आरोपियों गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।
घटना में प्रयुक्त 3 बैंकों के चेक बुक,6 नग मोबाइल, 3 लाख रुपए नगदी जब्त किए। वहीं बैंक खाता में जमा फ्रॉड रकम करोड़ों रुपए सीज किया गया।*
शेयर ट्रेडिंग के धोखाधड़ी के 3 आरोपियों को पकडऩे में थाना प्रभारी राजहरा से निरीक्षक रविशंकर पांडेय, साइबर सेल प्रभारी स उनि धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक रूम लाल चुरेंद्र, आरक्षक राहुल मनहरे, संदीप यादव, पुरण देवांगन, मिथिलेश यादव , भोप साहू ,विपिन गुप्ता ,योगेश पटेल, गुलझारी साहू साइबर सेल,सुरेंद्र देशुख थाना राजहरा का विशेष सराहनीय योगदान रहा।
कोंडागांव जिला और माकड़ी ब्लॉक को नीति आयोग से मिला गोल्ड मेडल
आकांक्षी जिला एवं विकासखंड कार्यक्रम में शत-प्रतिशत उपलब्धि पर मिला सम्मान
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोंडागांव, 3 अगस्त। नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में कोण्डागांव जिला एक बार फिर अग्रणी साबित हुआ है। देशभर के 112 जिलों और 500 विकासखंडों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है, जिसका उद्देश्य सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों में तेजी से विकास सुनिश्चित करना है।
कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड ने आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत निर्धारित सभी 06 इंडीकेटर में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के जिलों और विकासखंड को हाल ही में रायपुर में आयोजित एक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया, जिसमें आकांक्षी जिला कार्यक्रम में कोंडागांव जिला और आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम में माकड़ी भी शामिल है।
इस अवसर पर कोंडागांव की कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होकर यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया।
आकांक्षी जिला में एएनसी जांच, गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, 9 से 11 माह के बच्चों का शत् प्रतिशत टीकाकरण और स्कूलों में विद्युतीकरण और मूलभूत सुविधा, स्कूलों में पुस्तक वितरण में शत् प्रतिशत उपलब्धि शामिल है। वहीं माकड़ी विकासखंड में एएनसी जांच, शुगर जांच, उच्च रक्तचाप जांच, गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और समूह की महिलाओं को रिवाल्विंग फंड वितरण में शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है।
इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, मितानिन बहनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम स्तरीय अमले को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता टीमवर्क और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी प्रकार प्रतिबद्ध होकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
गांजा तस्करी, राजस्थान का आरोपी बंदी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोंडागांव, 3 अगस्त। अंतरराज्यीय गांजा परिवहन करने वाले फरार आरोपी को साईबर सेल कोंडागांव व केशकाल पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान का है।
पुलिस के अनुसार 11 अप्रैल को केशकाल पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की फार्च्यूनर कार में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ गांजा छिपा कर ओडिशा से रायपुर की ओर केशकाल के रास्ते से जाने वाले है।
सूचना पर थाना केशकाल के सामने एन.एच. 30 पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार किया। मुखबिर के बताये अनुसार एक सफेद रंग की कार क्रमांक आरजे -50 यूए 0788 मिली, जो पुलिस को देखकर भागने लगा जिसका पीछा करने पर अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी वाहन को छोडक़र भाग निकला जिससे गाड़ी में भरा हुआ गांजा जैसा मादक पदार्थ कुल 130 पैकेट कुल वजन 262.258 किलोग्राम गांजा कीमत करीबन 26,22,580/- रू. एवं एक सफेद रंग का फार्च्यूनर कार कीमती 25,00,000 रू. को केशकाल पुलिस द्वारा बरामद किया गया था और अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
विवेचना दौरान जब्त वाहन के नम्बर प्लेट के आधार पर आरोपी पता तलाश हेतु टीम राजस्थान गई थी जहाँ उस नंबर का फॉर्च्यूनर मिला गाड़ी का नंबर, चेचिस नंबर सेम पर इंजन नंबर अलग होने से व वाहन मालिक से पूछताछ करने पर घटना दिनांक को वो और गाड़ी राजस्थान में ही होने की जानकारी पर टीम वापस आ गई और लगातार तकनीकी मदद के माध्यम से फास्टैग का डिटेल प्राप्त हुआ जिसके अकाउंट नंबर की जानकारी प्राप्त की गई और उससे लिंक एक मोबाइल नम्बर प्राप्त हुआ जो तत्कालीन समय पर बंद था, उक्त मोबाइल नम्बर का सीडीआर से प्राप्त आईईएमआई का सर्च करने पर उसमे संचालित नए नम्बर का पता चला जिसके सम्बन्ध में साइबर सेल द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किया जा रहा था, जिसका संपर्क उड़ीसा मलकानगिरी में होने और लगातार आने जाने की जानकारी प्राप्त हुई।
उक्त मोबाईल नम्बर को लगातार ट्रैक करने पर पुन: ओडिशा जाने की जानकारी प्राप्त हुई जिसे थाने और साइबर सेल द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी ओमप्रकाश भादू राजस्थान को पकडक़र हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने घटना दिनांक को अपराध कारित करना स्वीकार किया।
आरोपी ओमप्रकाश के विरुद्ध पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
खाद की किल्लत, केसीसी लोन नहीं मिलने से भटक रहे किसान
धरना-प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बलरामपुर, 1 अगस्त। जिले में खाद और केसीसी लोन नहीं मिलने से किसान परेशान हैं और सहकारी समिति सहकारी बैंक के चक्कर काट रहे हैं। किसानों की समस्या को देखते हुए कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है।
बलरामपुर जिले के अधिकतर सहकारी समितियों में खाद की किल्लत और किसानों को केसीसी लोन में नगद भुगतान नहीं मिलने से किसान परेशान हैं, कांग्रेसियों ने किसानों की समस्या को लेकर नगर के भारत माता चौक पर धरना प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा है।
किसानों के बीच जाकर करेंगे आंदोलन
इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजय सोनी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज किसानों के हित में केसीसी लोन और खाद की समस्या को लेकर जो किसानों की विकराल समस्या है।
किसान लगातार परेशान हैं यह कांग्रेस के संज्ञान में आया तो जिला और ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया कि हम किसानों के बीच जाकर उनका सहयोग करेंगें और आंदोलन भी करेंगे. किसानों को धन और पैसे का अभाव हो रहा है उससे हमारे व्यापार पर भी असर है।
सुनील गुप्ता की प्रथम पुण्यतिथि, मरीजों को फल- मच्छरदानी वितरित
छत्तीसगढ़ संवाददाता
प्रतापपुर, 1 अगस्त। प्रतापपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा नेता स्व. सुनील कुमार गुप्ता की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर में फल एवं मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में उपचाररत जरूरतमंद मरीजों को फल वितरित किए गए, साथ ही प्रसव उपरांत माताओं एवं नवजात शिशुओं की सुरक्षा हेतु मच्छरदानियां और बेड भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्व. गुप्ता के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर आमजन की सेवा और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी। उनके कार्यों से प्रेरणा लेते हुए उनके पुत्र अधिवक्ता विक्रमादित्य गुप्ता एवं परिजनों सहित स्थानीय नागरिकों ने इस सेवा कार्य को किया।
इस अवसर पर यह संकल्प भी लिया गया कि स्व. गुप्ता की पुण्यतिथि पर प्रत्येक वर्ष इसी प्रकार सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ, जनप्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता, एवं क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आनंद मित्तल, तोती सेठ, मुकेश गर्ग, कैलाश सिंह, जुल्फेकार कादरी, विनोद जायसवाल, मृत्यंजय सिंह, विजेन्द्र कश्यप, राज किशोर गुप्ता, संतोष यादव, बबली धुर्वे, धरमसाय सिंह, सत्तन सिंह, विक्रम वर्मा व भूपेंद्र राजवाड़े आदि उपस्थित रहे।
गौ हत्या के आरोप में एक नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजपुर/शंकरगढ़, 1 अगस्त। गौ हत्या के आरोप में शंकरगढ़ पुलिस ने एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी सुर्या पाण्डेय डीपाडीह ने थाना शंकरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराया कि जरहाडीह (पतराटोली लाईन पारा) निवासी मोहना पहाड़ी कोरवा के द्वारा अन्य लोगों के साथ मिलकर एक गाय को क्रूरतापूर्वक मार दिए हैं।
प्रार्थी की सूचना पर थाना शंकरगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। परंतु आरोपियों को पुलिस के आने की खबर लगने से आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौका घटना स्थल से एक गाय के मांस के अवशेष, टंगिया, छुरा, बाल्टी एवं अन्य वस्तुएं जब्त कर कब्जे में लिया गया।
विवेचना दौरान आरोपी मोहना पहाड़ी कोरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि 30 जुलाई को आरोपी मोहना द्वारा कुछ दिन पहले खरीदे गए गाय को अपने खेत के पास ले जाकर अपने बेटे राजबली, नाती चंदर, मजदुर कोंदा ,गोयंदा एवं एक अन्य नाबालिग लडक़े के साथ मिल कर हत्या किये है।आरोपी द्वारा बताए जाने के बाद पुलिस ने आरोपियों मोहना पहाड़ी कोरवा, रामबली पहाड़ी कोरवा, चन्दन उर्फ चंदर पहाड़ी कोरवा, छोटा कोंदा उर्फ कोंदा पहाड़ी कोरवा, गोयंदा पहाड़ी कोरवा सहित एक विधि से संघर्षरत बालक सभी निवासी ग्राम जरहाड़ीह (पतराटोली), थाना शंकरगढ़, जिला बलरामपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड हेतु न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
डॉ. डीके सोनी को डॉक्टर ऑफ फिलासफी की उपाधि
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अंबिकापुर, 1 अगस्त। पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ द्वारा विद्यावारिधी सम्मान से डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की उपाधि 27 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति पद्मश्री डॉ. अरविंद कुमार के हाथों से दी गई।
नई दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल में पं. दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ द्वारा राष्ट्रीय हिंदी संगोष्ठी एवं विद्यावारिधी सम्मान डॉक्टर ऑफ फिलासफी पीएचडी उपाधि समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
हिंदी एवं स्थानीय भाषाओं के प्रचायर हेतु राष्ट्रीय स्तर पर प्रयासरत पं. दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ के द्वारा 27 जुलाई को रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित सम्मान समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में आए विद्वत जनों को विद्या वाचस्पति डॉक्टरेट एवं विद्यावारिधी डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की उपाधि से सम्मानित किया गया जिसमें डॉक्टर डी.के. सोनी अधिवक्ता को सूचना के अधिकार विधि में शोध करने के कारण उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ के द्वारा दी डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की उपाधि प्रदान की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति पद्मश्री डॉ. अरविंद कुमार रहे। अध्यक्षता डॉ. इंदु भूषण मिश्रा कुलपति पं. दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ ने की तथा कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके किया गया।
सम्मान समारोह में देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, लेखकों, शिक्षकों, साहित्यकारों, विधि पर्यावरणविदों एवं अन्य विद्वत जनों ने हिंदी भाषा को लेकर अपने विचार प्रकट किया।
पं. दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ का यह विशिष्ट सम्मान हिंदी लेखन, शिक्षा के उन्नयन, पर्यावरण जागरूकता, चिकित्सा सेवा, जल संरक्षण एवं समाज सेवा तथा सूचना के अधिकार विधि के क्षेत्र में सम्मानित जनों की विशिष्ट उपलब्धियां के आधार पर मंचासीन अतिथियों तथा डॉक्टरेट एवं डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की उपाधि प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
सूचना के अधिकार विधि विषय पर शोध करने वालों में एकमात्र डॉक्टर डी.के. सोनी अधिवक्ता थे, जिन्होंने उक्त विषय पर पीएचडी किया और उसके उपरांत इस विषय पर डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की उपाधि प्राप्त की। अधिवक्ता डी.के. सोनी को डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी के उपाधि मिलने से उनके शुभ जनों शुभचिंतकों सहित अधिवक्ताओं में हर्ष व्याप्त है।
इस मौके पर डी.के. सोनी ने कहा कि यह उपाधि उनके द्वारा सूचना के अधिकार विषय पर किए जा रहे कार्य के कारण मिला है उक्त विषय पर आगे भी शोध जारी रहेगा और भी अच्छा कार्य इस विषय पर किया जाएगा।
परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का आरोप, विद्यार्थियों को मिला शून्य अंक
आज़ाद सेवा संघ ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन, उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच की मांग
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अंबिकापुर, 1 अगस्त। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय द्वारा सत्र 2024-25 के परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के बाद विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने परिणामों को लेकर असंतुष्ट नजर आए,जहां उनके अंकों में व्यापक त्रुटियां पाई गईं और विद्यार्थियों ने इसके संबंध में कई बार आवेदन देकर विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क किया किंतु कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया,जिससे निराश होकर विद्यार्थियों ने गैर राजनीतिक संगठन आज़ाद सेवा संघ प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के नेतृत्व एवं छात्र मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता की उपस्थिति में और संगठन ने छात्रहित में आंदोलन का स्वरूप अपनाते हुए विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाज़ी की और कुलपति को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
कुलपति ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि आगामी 10 दिवसों के भीतर सभी उत्तरपुस्तिकाओं की निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पुन: जांच कराई जाएगी और यदि किसी भी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो उसमें आवश्यक सुधार करते हुए पूरी प्रक्रिया को छात्रहित में पूर्ण किया जाएगा।
ज्ञापन में पहली प्रमुख मांग यह रखी गई कि विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को शून्य अंक प्रदान किए गए हैं,जो अत्यंत ही संदिग्ध है।
रचित ने बताया कि य़ह परिणाम चिंताजनक स्थिति को दर्शाते हैं क्योंकि यह मानना कठिन है कि इतने सारे छात्र परीक्षा में कुछ भी न लिखें जबकि वे नियमित रूप से अध्ययनरत रहते हैं और न्यूनतम उत्तर तो देने की क्षमता रखते ही हैं।
दूसरी मांग यह रही कि कई विषयों विशेषकर बीए और बीएससी संकाय में अंकों के वितरण में एक निश्चित पैटर्न देखने को मिला जिससे यह संदेह उत्पन्न होता है कि उत्तरपुस्तिकाओं का वास्तविक मूल्यांकन नहीं किया गया और केवल औपचारिकतावश परिणाम तैयार कर अंक प्रदान कर दिए गए,जो न केवल मूल्यांकन की पारदर्शिता पर प्रश्नचिन्ह लगाता है बल्कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य के साथ भी अन्याय की स्थिति उत्पन्न करता है।
तीसरी और अत्यंत गंभीर मांग में यह बात सामने आई कि संभाग के अधिकांश महाविद्यालयों में बीसीए संकाय के लगभग 90 प्रतिशत छात्रों को एक या दो विषयों में सामूहिक रूप से अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया है,जिससे न केवल विद्यार्थियों की प्रगति रुकी है बल्कि उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की संभावना बनी है। इन्हीं सभी बातों को ध्यान में रखते हुए आज़ाद सेवा संघ ने छात्रहित में मांग की कि संभाग के सभी प्रभावित विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन पूर्णत: निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आगामी चार दिवसों के भीतर कराया जाए,क्योंकि यह लगातार कई सत्रों से देखा जा रहा है कि बड़ी संख्या में छात्रों को शून्य अंक दिए जा रहे हैं जबकि यह व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है कि हर छात्र पूर्णत: असफल हो।साथ ही उन छात्रों के लिए जिन्होंने प्रायोगिक परीक्षाओं में किसी अनिवार्य कारणवश भाग नहीं लिया उनके लिए पुन: प्रैक्टिकल परीक्षा का आयोजन किया जाए,जिससे उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।
इन तमाम मांगों को लेकर दिए गए ज्ञापन को विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा गंभीरता से लिया गया और उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि आगामी 10 दिवसों के भीतर सभी उत्तरपुस्तिकाओं की निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पुन: जांच कराई जाएगी और यदि किसी भी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो उसमें आवश्यक सुधार करते हुए पूरी प्रक्रिया को छात्रहित में पूर्ण किया जाएगा।
इस दौरान नीतीश भाई पटेल,दिलीप दास,रिया,सिद्धि, अनुराग,अली,लक्ष्मण,पायल,सुमित,नेहा,रवि,शुभम, अमन,आशुतोष एवं भारी संख्या में संघ के पदाधिकारी एवं छात्र उपस्थित रहे।
अकीदत के साथ अदा की ईद उल अजहा की नमाज
छत्तीसगढ़ संवाददाता
लखनपुर, 7 जून। सरगुजा जिले के लखनपुर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को ईद उल अजहा का त्यौहार अकीदत के साथ मनाया गया।
लखनपुर वार्ड क्रमांक 6 स्थित ईदगाह में इमाम खालीदुल कादरी अल गोसी ने ईद उल अजहा की नमाज 9 बजे अदा कराई। नमाज अदा करने हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के बड़े, बुजुर्ग, बच्चे ईदगाह पहुंचे थे। सलातो सलाम के बाद देश में अमन चैन की दुआएं मांगी गई।
एक दूसरे को गले लगा कर बकरीद पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए घर पहुंचे और पुरानी परंपरा अनुसार बकरे की कुर्बानी देते हुए घरों में शीरनी बांटी गई।
सडक़ पार करते वाहन की ठोकर से ग्रामीण की मौत
छत्तीसगढ़ संवाददाता
लखनपुर, 7 जून। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 स्थित जजगा में शुक्रवार की रात सडक़ पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की ठोकर से ग्रामीण की मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक करमु राम जजगा डोकरनारा निवासी अपने ससुराल माड़ीडांड जिला सूरजपुर गया था। शुक्रवार की रात लगभग 8 बजे वह बस से अपने गृह ग्राम वापस लौटा। नेशनल हाईवे 130 स्थित जजगा का रोडक्रॉस करने के दौरान अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी।
सर में गंभीर चोट होने पर मौके पर ही करमू राम की मौत हो गई। सूचना उपरांत डायल 112 के आरक्षक रामकुमार यादव चालक राकेश बड़ा, शव वाहन चालक महमूद खान, भाजपा नेता विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और शव को उठाकर परिजनों के साथ लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया और शव को मच्र्युरी में रखा गया है।
पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सुपुर्द किया है। परिजनों की रिपोर्ट पर लखनपुर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है और दुर्घटना कारित वहान की तलाश जारी है।
सडक़ पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई बाइक, 2 युवक की मौत
गाड़ी पर नंबर नहीं, सुरक्षा संकेत भी नदारद
छत्तीसगढ़ संवाददाता
प्रतापपुर, 7 जून। सूरजपुर जिला के प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम करंजवार में शुक्रवार रात हुए एक सडक़ हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ, जब बाजार से लौट रहे दो बाइक सवार युवक, सडक़ पर गलत तरीके से खड़ी खाद से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराए।
शुक्रवार रात लगभग 8.30 बजे, ग्राम हरिहरपुर (चैनपुर )निवासी अलख निरंजन और शोमारू साय बाजार से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वे करंजवार गांव में स्थित रईस मिल और सरकारी खाद्य भंडार के सामने पहुंचे, तब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में खाद लोड हो चुकी थी और सडक़ पर ही खड़ी थी।
ट्रैक्टर चालक खाद लोड करने के बाद हाथ-पैर धोने के लिए बगल के नल पर चला गया था, और वाहन को बिना किसी चेतावनी चिन्ह, रेडियम पट्टी या रिफ्लेक्टर लगाए सडक़ पर छोड़ दिया गया था। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने ट्रॉली के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अलख की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शोमारू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायल को ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे से निकालकर तुरंत प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली प्रतापपुर के ग्राम गोरगी की बताई जा रही है, जिसकी स्थिति और लापरवाही ने दुर्घटना को और भयावह बना दिया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में आगे या पीछे कहीं भी नंबर प्लेट नहीं थी, जो मोटर व्हीकल एक्ट का सीधा उल्लंघन है।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ज़ब्त कर लिया है और मामला दर्ज कर वाहन व चालक की पहचान के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस दौरान पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
यह हादसा न केवल लापरवाही का नतीजा था, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सरकारी खाद्य भंडार जैसे स्थलों पर ट्रैफिक नियंत्रण, सुरक्षा मानकों और पार्किंग व्यवस्था को लेकर कोई गंभीरता नहीं बरती जा रही।
ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं क्योंकि रात के समय भारी वाहन अक्सर बिना किसी सुरक्षा संकेत के सडक़ पर खड़े रहते हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों को अब यह सुनिश्चित करना होगा कि ऐसी लापरवाहियों पर सख्त कार्रवाई हो।
ईद उल अजहा पर नमाज के बाद देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अम्बिकापुर, 7 जून। शनिवार को सरगुजा संभाग में ईद उल अजहा का त्यौहार अकीदत के साथ मनाया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने ईदगाह और मस्जिदों में ईद की दो रकत नमाज अता की गई। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद उल अजहा की बधाई दी। नमाज के बाद समाज के लोगों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। वहीं समाज के लोगों द्वारा नमाज उपरान्त कुर्बानी की रस्म अदा की गई।
ज्ञात हो कि मुस्लिम समाज द्वारा बकरीद के त्यौहार को लेकर लंबे समय से तैयारियां की जा रही थी। ईद उल अजहा को लेकर ईदगाह व मस्जिदों में कमेटियों द्वारा व्यापक पैमाने पर इंतजाम किए गए थे।
ईद उल अजहा को लेकर इस बार लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ईद उल अजहा की नमाज को लेकर सुबह से ही समाज के लोग ईदगाह व मस्जिदों में पहुंचने लगे थे। ईदगाह में पेश इमाम द्वारा बकरीद के बारे में जानकारी देने के साथ ही लोगों ईमान के रास्ते पर चलने, आपसी भाईचारे की सीख दी गई।
शनिवार को ईदगाह में सुबह 8.30 बजे बकरीद की नमाज अता की गई। ईदगाह में जामा मस्जिद के पेश इमाम अबरार अहमद द्वारा ईदगाह में ईद उल अजहा की नमाज पढ़ाई गई, जबकि जामा मस्जिद में 9 बजे हाफिज व कारी असीमुद्दीन द्वारा नमाज पढ़ाई गई, वहीं तकिया शरीफ व केंद्रीय जेल में भी लोगों ने नमाज पढ़ी।
शहर के रसूलपुर स्थित नाजमिया मस्जिद में सुबह 7.30 बजे मोहम्मद सगीर अहमद मिस्बाही द्वारा नमाज पढ़ाई गई। इसके साथ ही शहर व जिले की ईदगाह, मस्जिदों में नमाज पढ़ाई गई। नमाज के बाद समाज के लोगों ने अपने व परिवार की सुख-समृद्धि के साथ ही देश में अमन चैन व भाईचारे की दुआ मांगी।
ईद उल अजहा के मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गए मिलकर ईद की बधाई व शुभकामनाएं दी।
नमाज के बाद समाज के लोगों ने कब्रिस्तान में जाकर अपने परिवार के सदस्यों की कब्र पर फातिहा पढऩे के बाद कुर्बानी की रस्म अता की। बकरीद को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा भी ईदगाह व कब्रिस्तान में व्यापक इंतजाम किए गए थे।