छत्तीसगढ़ /

बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल हुए विधायक रोहित

मनखे-मनखे एक समान के संदेश को बताया प्रासंगिक छत्तीसगढ़ संवाददाता राजिम, 19 दिसंबर। बाबा गुरु घासीदास जयंती के पावन अवसर पर 18 दिसंबर को राजिम के सतनामी पारा एवं विधायक रोहित साहू के निजग्राम पिपरछेड़ी में सतनामी समाज द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी की प्रतिमा पर माथा टेक कर आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। श्री साहू ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी केवल एक संत नहीं, बल्कि विश्व के महान समाज सुधारकों में से एक थे। उन्होंने मनखे-मनखे एक समान का संदेश देकर समाज में व्याप्त भेदभाव, ऊंच-नीच और कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने का कार्य किया। विधायक ने कहा कि बाबा द्वारा बताए गए सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलकर ही एक आदर्श और समरस समाज का निर्माण संभव है। उनके विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने जैतखाम की पूजा-अर्चना कर बाबा के संदेशों को आत्मसात करने, शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ जीवन जीने का आह्वान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सतनामी समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image