छत्तीसगढ़ /
निरंतर अभ्यास और मेहनत से अवश्य मिलती है सफलता - विक्रांत
दो दिवसीय कबड्डी स्पर्धा के समापन में शामिल हुए जिपं उपाध्यक्ष
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 दिसंबर। खैरागढ़ जिले के ग्राम पंचायत टेकापारकला में आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह व अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा ने की।
समापन समारोह को संबोधित करते जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि इस प्रकार के ग्रामीण खेल आयोजन से पारंपरिक खेलों को बढ़ावा मिलता है और युवाओं में खेल भावना एवं अनुशासन का विकास होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों की सराहना करते कहा कि खेल में जीत-हार दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में हारने वाली टीमों को निराश न होने की सलाह देते कहा कि निरंतर अभ्यास और मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने युवाओं से खेल के माध्यम से अपने शारीरिक एवं मानसिक विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग में चयनित होने पर ग्राम टेकापारकला के युवा मनीष श्रीवास को मंच पर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि नरेश कुर्रे, संतोष वर्मा, अशोक वर्मा, हेमलाल वर्मा, भागी वर्मा, दुर्गा वर्मा, रामकुमार वर्मा, रामचंद वर्मा, चंद्रेश वर्मा, दिनु नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में खासा उत्साह देखा गया।
प्रेम व भाईचारे का संदेश सब मिलकर फैलाएंगे- सुशील शुक्ला
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अम्बिकापुर, 17 दिसंबर। प्रेम व भाईचारे का संदेश देने व आपसी मेल मिलाप बढ़ाने के उद्देश्यों को लेकर सर्वधर्म एकता मंच के बैनर तले क्रिसमस मिलन समारोह का आयोजन बिशप अंतोनिस बड़ा की अगुवाई एवं फादर थेओदोर लकड़ा के संयोजन में बिशप हाउस परिसर में सभी धर्मों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में फादर विलियम उर्रे के द्वारा इस मंच के गठन के उद्देश्य व जरूरत पर प्रकाश डाला व अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील शुक्ला ने कहा कि हमारा संविधान हमें इजाजत देता है कि स्वतंत्र रूप से हम अपने धर्म का पालन करते हुए दूसरे धर्म का भी आदर सम्मान करते हुए आपसी भाईचारे को मजबूती प्रदान करें।
सिख समाज के प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह सोढ़ी ने अपने दसवें गुरु के उपदेश को बताया कि जंग के दौरान भी घायल दुश्मन की सेवा करके गुरु ने प्रेम का संदेश दिया है।
ब्राम्हण समाज के प्रतिनिधि सतेंद्र तिवारी समेत प्रीतपाल सिंह अरोरा, मौलाना अबरार मिस्बाही, पास्टर प्रणय टोप्पो, शादाब रिजवी ने भी संबोधित कर अपने विचारों को रखा। पूरी दुनिया में जब मसीही समुदाय क्रिसमस त्योहार की तैयारी में जुटे हुए हैं, ऐसे माहौल में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने एक मंच पर आकर आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने और विभाजनकारी ताकतों से सावधान रहने का आह्वान किया।
मंच के प्रतिनिधियों ने सर्व सम्मति से ये तय किया है कि आने वाले दिनों में सभी धर्म के तीज त्योहारों पर स्वागत सत्कार व परिवारों में जाकर बधाई संदेश देकर आपसी भाईचारे को बढ़ाने काम निरन्तर हम सब मिलकर करेंगे। कार्यक्रम के दौरान त्रिभुवन सिंह, मृगेंद्र सिंह देव, अशफाक अली, राशिद खान, पार्षद कलीम अंसारी, फादर कल्यानुस मिंज, फ़ा अनिल एक्का,फ़ा अनुरंजन व सभी चर्च के प्रतिनिधि सिस्टर व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रेडक्रास कार्यालय का शुभारंभ
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सूरजपुर, 17 दिसंबर। जिला मुख्यालय सूरजपुर में लंबे इंतजार के बाद इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के जिला कार्यालय का शुभारंभ मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से पूजा -अर्चना कर किया गया।
इस दौरान रेडक्रॉस के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि कार्यालय स्थापना का मूल मंत्र मानव, जन व समाज सेवा ही है। अब यह जिला शाखा कार्यालय हर जरूरतमंदों की मदद के लिए चौबीस घंटे उपलब्ध रहेगा। हमारी प्रबंध कार्यकारणी समिति के निर्वाचित पदाधिकारी, जिला सदस्यगण के साथ पूरी टीम और सभी आजीवन सदस्यगण एक दूसरे की सहायता हेतु 365 दिवस 24 घंटे एक साथ कंधा से कंधा मिला कर हेल्पिंग हेड्स की तरह ऐसा सेवा कार्य करेंगे जो पूरे प्रदेश ही नहीं देश के लिए भी रोल मॉडल होगा।
वाइस चेयरमैन ओंकार पांडेय ने कहा कि यह कार्यालय गढ़बो सूरजपुर गढ़बो छत्तीसगढ़ के साथ करबो सेवा के नए आयाम गढ़ेगा।
कार्यालय पूजन कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, उपेंद्र दुबे, सुनील अग्रवाल (बॉबी, प्रवेश गोयल, जिला महामंत्री राजेश महलवाला, शशिकांत गर्ग, जिला पंचायत सदस्य लोकेश पैकरा, शशि तिवारी, संदीप अग्रवाल, अजय अग्रवाल (अज्जू), शहर अध्यक्ष अरविंद मिश्रा, संत सिंह, कृष्ण कुमार गोयल, दीपक गुप्ता, कपिल पांडेय, किरण खेस, ललित गोयल, विकास अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, शंकर जिंदिया, विजय राजवाड़े, जनपद सदस्य सुमित साहू, पार्षद गैबीनाथ साहू, प्रमोद तायल, ललन सोनवानी, राजू देवांगन, शिवशंकर साहू, अशोक यादव, संजू सोनी, संस्कार अग्रवाल, रंजन सोनी, कौशलेंद्र यादव, सहित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा, सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम व प्रबंध कार्यकारिणी समिति के निर्वाचित सदस्य भी सेवा के इस नए अध्याय में सहभागी बने।
इस दरम्यान वक्ताओं ने कहा कि जिला कार्यालय से आपदा प्रबंधन, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य सहायता जैसी रेडक्रॉस गतिविधियां और मजबूत होंगी। समाज के कमजोर वर्ग को त्वरित मदद मिलेगी। चेयरमैन अग्रवाल ने बताया, जल्द ही हेल्पलाइन नंबर जारी होगा। यही दवाई दुकान शुरू कर सस्ती दवाओं से जनता को राहत देंगे,साथ ही 15 दिनों में सीटी स्कैन सुविधा भी चालू कराए जाने आश्वस्त किया गया है।
ज्ञात हो कि अब तक जिला स्तर पर रेडक्रॉस कार्यालय के अभाव में आमजन को स्वास्थ्य व आपदा सेवाओं में भारी असुविधा झेलनी पड़ रही थी। अब इस जिला शाखा भवन के प्रारंभ हो जाने से जरूरतमंदों को सीधा लाभ मिलेगा।
डॉ. डीके सोनी को साइना नेहवाल के हाथों आरटीआई व पीआईएल एक्टिविस्ट अवार्ड
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 दिसंबर। राजधानी दिल्ली स्थित होटल रेडिसन ब्लू प्लाजा में आयोजित इंस्पायरिंग इंडियंस कार्यक्रम में आरटीआई और जनहित याचिका (पीआईएल) के क्षेत्र में कार्य के लिए डॉ. डी.के. सोनी को बेस्ट आरटीआई एवं पीआईएल एक्टिविस्ट अवार्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान बैडमिंटन खिलाड़ी पद्म श्री और पद्म भूषण सम्मानित साइना नेहवाल द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में आयोजकों द्वारा बताया गया कि डॉ. डी.के. सोनी को यह पुरस्कार आरटीआई और पीआईएल के माध्यम से किए गए कार्यों के आधार पर दिया गया। डॉ. सोनी के अनुसार यह उनका 48वां पुरस्कार है।
डॉ. डी.के. सोनी ने बताया कि वे पिछले दो दशकों से आरटीआई और पीआईएल के माध्यम से विभिन्न विषयों पर कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार उन्होंने अब तक 4800 से अधिक आरटीआई आवेदन दायर किए हैं और 18 से अधिक जनहित याचिकाएं दाखिल की हैं, जिनमें तीन मामले सुप्रीम कोर्ट में भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दायर आरटीआई और पीआईएल के माध्यम से वन संरक्षण, मनरेगा योजना से जुड़े मामलों, कथित प्रोटोकॉल घोटाले, आदिवासी समुदायों से जुड़े मुद्दों, मजदूरी, भूमि अधिकार और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विषयों पर कार्रवाई हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने कई मामलों में बिना शुल्क लिए पैरवी की है।
डॉ. सोनी के अनुसार उनके जीवन और कार्यों पर आधारित एक हिंदी फिल्म डीके का निर्माण किया गया है, जो शीघ्र प्रदर्शित की जाएगी।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. डी.के. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें जनहित और सामाजिक न्याय से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है और वे भविष्य में भी इस दिशा में काम करते रहेंगे।
मादा भालू और दो बच्चों को सुरक्षित पकड़ा
तीनों को जंगल में छोड़ा जाएगा-वन विभाग
छत्तीसगढ़ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 17 दिसम्बर। करीब 3 माह से जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में दहशत का पर्याय बनी मादा भालू और उसके 2 शावकों को बुधवार को वन विभाग की टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। अब नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
ज्ञात हो कि मनेंद्रगढ़ रिहायशी क्षेत्र में मादा भालू और उसके दो बच्चे पिछले कुछ माह से विचरण कर रहे थे। भालू कुछ लोगों पर हमला कर उन्हें घायल भी कर चुके थे। ऐसे में वन विभाग के प्रति लोगों का आक्रोश दिनों-दिन गहराता जा रहा था।
2 दिन पहले ही 15 दिसंबर को भालुओं ने एक बुजुर्ग और एक बच्चे के ऊपर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। भालुओं के बढ़ते आतंक को देखते हुए मनेंद्रगढ़ वन विभाग ने बुधवार को भालू रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
रिंग रोड स्थित हॉटल हसदेव इन के पास पिंजर रखा गया, जिसमें दोनों शावक पिंजरा के अंदर कैद हो गए। मादा भालू अपने बच्चों को मुक्त कराने के लिए पिंजरा के पास लगातार मंडराती रही।
कानन पेंडारी बिलासपुर से आए डॉ. चंदन एवं एलिफेंट रेस्क्यू सेंटर रमकोला के डॉ. अजीत पांडेय सहित मनेंद्रगढ़ वन विभाग की टीम ने मादा भालू को वन परिसर के अंदर ट्रैंक्विलाइज किया। इसके बाद एक पिंजरे से दूसरे पिंजरे के अंदर जिसमें दोनों भालू शावक रखे गए थे उसी में मादा भालू को शिफ्ट किया गया।
भालुओं के पिंजरे में कैद होने की जानकारी मिलते ही उन्हें देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। विभाग का कहना है कि मादा भालू और उसके दोनों बच्चों को जंगल में ले जाकर छोड़ा जाएगा।
इधर भालुओं के रेस्क्यू किए जाने पर नागरिकों ने वन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।
12 साल से फाइलों में कैद बीजापुर बायपास, बढ़ता ट्रैफिक-दुर्घटनाएं और शासन की चुप्पी
तीन राज्यों को जोडऩे वाला शहर, बायपास के बिना बेहाल बीजापुर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बीजापुर, 17 दिसंबर। नगर की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित जरूरत बन चुकी बायपास सडक़ आज भी केवल कागज़ों और फाइलों तक सीमित है। बीते 12 वर्षों से बीजापुर बायपास सडक़ का प्रस्ताव सरकारी दफ्तरों में धूल खा रहा है, जबकि शहर की सडक़ों पर हर दिन बढ़ता यातायात, भारी वाहनों का दबाव और दुर्घटनाओं का खतरा आम नागरिकों की परेशानी को लगातार बढ़ा रहा है।
वर्ष 2012-13 के अनुपूरक बजट में शामिल यह बायपास परियोजना आज तक जमीन पर उतर नहीं सकी। तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा द्वारा बायपास का शिलान्यास किया गया था। इसके बाद कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष और वर्तमान भाजपा सरकार के दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य आज भी शुरू नहीं हो पाया।
बाजार और मुख्य सडक़ों पर ट्रकों का कब्जा
बायपास के अभाव में भारी मालवाहक वाहन सीधे शहर के मुख्य बाजार और रिहायशी इलाकों से होकर गुजरते हैं। इससे रोजाना जाम की स्थिति बनती है, व्यापार प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया चालकों के लिए यह मार्ग लगातार जोखिम भरा होता जा रहा है।
47.66 करोड़ की योजना, फिर भी अधर में
प्रस्तावित बायपास बीजापुर बस स्टैंड से तुमनार होते हुए लगभग 10 किलोमीटर लंबा है, जिसकी स्वीकृत लागत 47.66 करोड़ रुपए बताई गई है। इस परियोजना के लिए कुल 19.095 हेक्टेयर राजस्व व निजी भूमि शामिल है। 44 निजी भूमिस्वामियों को जमीन के बदले जमीन और मुआवजा भी दिया जा चुका है, इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं हो सका। मुख्य अड़चन वन भूमि बनी हुई है। बायपास मार्ग में 19.503 हेक्टेयर फॉरेस्ट लैंड आ रही है, जिसके बदले दूसरी जगह भूमि उपलब्ध करानी थी। तत्कालीन कलेक्टर द्वारा जांजगीर-चांपा में भूमि देने का प्रस्ताव भी रखा गया, लेकिन वह भी ठंडे बस्ते में चला गया। इसके बाद भोपालपट्टनम क्षेत्र के तारुड़ बीट, भद्राकाली पीएफ 876 (कुल रकबा 271.155 हेक्टेयर) में से 40 हेक्टेयर भूमि चयनित कर 10 सितंबर 2025 को संयुक्त डीजीएस सर्वे किया गया। सर्वे के बाद वन विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन पीएफ वन क्षेत्र होने के कारण वन व्यपर्वतन की अनुमति निरस्त कर दी गई। इसी कारण यह योजना पिछले 12 वर्षों से पीडब्ल्यूडी विभाग में अटकी हुई है।
यह सिर्फ सडक़ नहीं, शहर की जरूरत है
बीजापुर के व्यापारी, समाजसेवी और आम नागरिक अब इस मुद्दे पर एकजुट होते दिख रहे हैं। उनका कहना है कि बायपास केवल एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा, सुव्यवस्थित यातायात और व्यापारिक भविष्य से जुड़ा सवाल है।
ईश्वर सोनी, अध्यक्ष व्यापारी संघ, बीजापुर का कहना है-भाजपा और कांग्रेस दोनों सरकारों के समय हमने निवेदन किया। जमीन भी दिखाई गई, कुछ लोगों को मुआवजा भी मिला, लेकिन पता नहीं क्यों इस योजना को गंभीरता से आगे नहीं बढ़ाया गया। पी. राकेश, व्यापारी का कहना है कि बीजापुर में बायपास अब अनिवार्य हो गया है। भारी वाहनों की संख्या बढ़ चुकी है। खासकर स्कूली बच्चों के लिए रोज़ाना सडक़ पार करना जोखिम भरा हो गया है।
प्रेम बाफना, व्यापारी कहते हैं-कुछ साल पहले इस योजना को लेकर हलचल थी, लेकिन अब सब शांत है। नगरवासियों की साफ मांग है बायपास बने, ताकि दुर्घटनाओं से निजात मिले।
राजू गांधी, समाजसेवी का कहना है कि बीजापुर अब पहले जैसा नहीं रहा। यह अंतरराज्यीय मार्ग है। नगरनार से लोहा लेकर रोज़ सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। सडक़ें इस दबाव को झेल नहीं पा रहीं।
दिलु केला, व्यापारी कहते हैं कि भारी वाहन डिवाइडर और खंभे तोड़ते हुए निकल जाते हैं। इससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। बायपास का काम तुरंत शुरू होना चाहिए।
अशोक लुंकड़, व्यापारी का कहना है-हम वर्षों से बायपास की मांग कर रहे हैं। वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन का ध्यान अब तक इस ओर नहीं गया। इस बारे में लोक निर्माण विभाग बीजापुर के कार्यपालन अभियंता एसएस मरकाम ने बताया कि फारेस्ट क्लियरेंस नही होने के चलते कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि इसी वजह से प्रस्तावित बायपास सडक़ का टेंडर भी होल्ड है।
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेतृत्व को बड़ी राहत,
अरुण वोरा बोले- सत्ता नहीं, सत्य सर्वोपरि
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दुर्ग, 17 दिसंबर। नेशनल हेराल्ड प्रकरण में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के ऐतिहासिक निर्णय ने कांग्रेस नेतृत्व शीर्ष नेता सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बड़ी राहत प्रदान की है। अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार करते हुए स्पष्ट कर दिया कि बिना वैधानिक आधार और अधिकार क्षेत्र के की गई जांच कानून की कसौटी पर टिक नहीं सकती।
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा यह निर्णय सत्ता के दुरुपयोग पर न्याय की मुहर है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के विरुद्ध की गई कार्रवाई शुरू से ही दुर्भावना, राजनीतिक प्रतिशोध और कानून की अवहेलना पर आधारित थी। अदालत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बिना एफआईआर और बिना अधिकार के ईडी की पूरी प्रक्रिया अवैध थी। उन्होंने आगे कहा कि यह फैसला मोदी सरकार की दुर्भावनापूर्ण राजनीति और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग को उजागर करता है। पिछले एक दशक से देश के मुख्य विपक्षी दल को डराने, बदनाम करने और दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का जिस प्रकार उपयोग किया गया, आज वह पूरी तरह उजागर हो गया है। राजनीतिक हलकों में इस फैसले को लोकतंत्र, संविधान और न्यायपालिका की स्वतंत्रता की जीत के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने दोहराया है कि वह सत्य, संवैधानिक मूल्यों और हर भारतीय के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।
नौकरी के नाम पर दो महिलाओं से ठगी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
जशपुरनगर, 17 दिसंबर। जशपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आरोपी फर्जी सशस्त्र बल का जवान बनकर घूम रहा था। इसी दौरान दो महिलाएं संपर्क में आए। और एक महिला से 2 लाख रु ठग लिया। पुलिस ने आरोपी ठगी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मामला इस प्रकार है कि 18 दिसंबर को प्रार्थिया सीमा बाई, उम्र 39 वर्ष, निवासी झरगांव, चौकी सोनक्यारी, ने थाना सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 28 अगस्त को वह अपने किसी काम से कलेक्ट्रेट परिसर जशपुर में आई हुई है, वहीं इसकी मुलाकात एक पुलिस की वर्दी पहने व्यक्ति से हुई, जिसने अपना नाम पुन्नी लाल अनंत बताया, और कहा कि वह बिलासपुर में रहता है व किसी काम से कलेक्ट्रेट जशपुर में आया हुआ है, यहां उसका ऊपर से तक पहुंच है, अगर प्रार्थिया चाहे तो, मत्स्य विभाग में उसकी नौकरी लगवा सकता है, फिर आरोपी के द्वारा प्रार्थिया को अपना मोबाइल नंबर दिया गया, प्रार्थिया, आरोपी के द्वारा वर्दी पहने होने के कारण उसके झांसे में आ गई। दो तीन दिनों के बाद, प्रार्थिया के पास पुन: आरोपी पुन्नी लाल अनंत का फोन आया और बताया गया कि उसके द्वारा मत्स्य विभाग में बात कर ली गई है, 04 लाख रुपए लगेगा , तभी जल्द से जल्द ज्वाइनिंग लेटर मिल पाएगा। जिस पर प्रार्थिया के द्वारा आरोपी पुन्नी लाल अनंत को दो लाख रु दे दिया गया, उसके द्वारा शेष रकम मिलने के बाद ज्वाइनिंग लेटर देने की बात कही गई थी। आरोपी के द्वारा प्रार्थिया की भतीजी की भी डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नौकरी लगवा दूंगा कहकर, उसके अंक सूची, जाति प्रमाण पत्र, आधारकार्ड इत्यादि दस्तावेज को भी रख लिया गया था, तथा उसकी नौकरी के नाम पर तीन लाख रुपए की भी मांग की गई थी। इसी दौरान प्रार्थिया को पता चला कि पुन्नी लाल अनंत कोई पुलिस वाला नहीं था, उसके द्वारा पुलिस की वर्दी पहन कर, नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख रु ठग लिए गए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल पुलिस के द्वारा थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपी पुन्नी लाल अनंत के विरुद्ध बी एन एस की धारा 318(2),318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था। आरोपी पुन्नी लाल अनंत घटना दिनांक से ही फरार था, पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबिर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि आरोपी अपने बिलासपुर जिला स्थित अपने गृह ग्राम टाडा दर्रीकापा थाना कोटा में है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा पुलिस टीम गठित कर उसकी धर पकड़ हेतु, बिलासपुर रवाना की गई, जिनके द्वारा आरोपी पुन्नी लाल अनंत को उसके घर से, घेराबंदी कर हिरासत में लेकर वापस लाया गया।
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी पुन्नी लाल अनंत ने बताया कि वह जशपुर में एक किराए के मकान में रहता था, व आस पड़ोस व दोस्तों को खुद को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का सिपाही बताता था, और वर्दी पहन कर कलेक्ट्रेट परिसर में घूमता रहता था। इसी दौरान उसने दो महिलाओं को कलेक्ट्रेट में नौकरी दिलाने के नाम से झांसे में लिया, व एक महिला से दो लाख रु ठग लिए थे। पुलिस के द्वारा आरोपी के कब्जे से नौकरी दिलाने के नाम पर महिलाओं से लिए गए मार्कशीट, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड इत्यादि को जब्त कर लिया गया है। आरोपी पुन्नी लाल अनंत के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में फर्जी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है ,कार्यवाही जारी है।
अलग-अलग जगह खड़ी बाइक की चोरी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दुर्ग, 17 दिसंबर। भिलाई नगर थाना अंतर्गत दो अलग-अलग जगह खड़ी मोटरसाइकिल की अज्ञात आरोपियों ने चोरी कर ली। दोनों ही मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी दिनेश कुमार निषाद प्राइवेट नौकरी करता है। 12 दिसंबर को वह अपनी होंडा लीवो सीजी 07 सीई 7920 को लेकर फील्ड में काम से निकला हुआ था। रास्ते में सुनिधि पार्क सेक्टर 8 पार्क के पास टिफिन खाने के लिए वह रुका था। उसने अपनी मोटरसाइकिल को सुनिधि उद्यान सेक्टर 8 पार्क के बाहर खड़ी करके अंदर टिफिन लेकर चला गया था। खाना खाने के बाद वह वापस आया तो देखा खड़े किए जगह पर उसकी मोटरसाइकिल नहीं थी। आसपास तलाश करने के बाद प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराया। चोरी गए वाहन की कीमत 15000 रुपए आंकी गई है। इसी तरह अक्षय पात्र में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाले प्रार्थी अजय सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि 13 दिसंबर को वह अपनी एचएफ डीलक्स सीजी 07 एवी 3605 को लेकर घर से सब्जी लेने के लिए साप्ताहिक शनिचरी बाजार रूआबांधा मार्केट गया हुआ था। गाड़ी को उसने सरकारी अस्पताल के पास रोड के किनारे खड़ी कर दिया था। इसके बाद वह सब्जी लेने के लिए मार्केट के भीतर चला गया था। सब्जी लेकर वह बाहर निकला तो देखा उसकी मोटरसाइकिल गायब थी। दोनों ही मामले में पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर जांच कर रही है।
डोंगरगांव में 17 से सांसद खेल महोत्सव
कई राज्यों की फुटबाल टीमें दिखाएंगी जौहर
छत्तीसगढ़संवाददाता
राजनांदगांव, 15 दिसंबर। डोंगरगांव में 17 दिसंबर से सांसद खेल महोत्सव में देशभर की अलग-अलग टीमें फुटबाल में अपना जौहर दिखाएंगी। यह टूर्नामेंट डोंगरगांव के खेल मैदान में 17 से 24 दिसंबर तक आयोजित होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए खेलप्रेमियों के अलावा अन्य भाजपा नेता तैयारी में जुट गए हैं। रविवार को खेल के संबंध में आयोजित पत्रकारवार्ता में सांसद संतोष पांडे ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव के नाम से डोंगरगांव में अखिल भारतीय फुटबाल प्रतियोगिता जन सहयोग के माध्यम से किया जा रहा है। मैदान में खेल तैयारी को लेकर अलग-अलग स्तर पर लोग जुटे हुए हैं। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी तय कर दी गई है।
सांसद के मुताबिक फुटबाल स्पर्धा में नागेश एकादश कोंडागांव, नीमच सिटी, महाराष्ट्र एकादश अकोला, मैसूर क्लब हैदराबाद, एमईजी बंगलुरू, चक्रधरपुर झारखंड, नर्मदा स्पोर्टिंग व जबलपुर और एसटीएफ जम्मू-कश्मीर के अलावा अन्य टीमों ने स्पर्धा में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है। इस लिहाज से तैयारी को व्यापक रूप दिया जा रहा है। पत्रकारवार्ता में जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, डोंगरगांव नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी अमर ललवानी समेत अन्य लोग शामिल थे।
फरार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शराब परिवहन के मामले में पुलिस ने की कार्रवाई
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 दिसंबर। आबकारी एक्ट के फरार आरोपियों को सुकुलदैहान चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 नवंबर को चौकी सुकुलदैहान द्वारा मुखबिर की सूचना पर ग्राम हरदी की ओर रवाना हुआ था। रेड कार्रवाई के दौरान दोपहिया वाहन चालक द्वारा उक्त वाहन में रखे शराब को छोडक़र रात्रि का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था, जिस पर अज्ञात चालक के विरुद्ध अपराध चौकी सुकुलदैहान में अपराध क्रमांक 524/25 धारा 34(2) आबकारी एक्ट कायम कर कुल 36 पौवा अंग्रेजी शराब एवं 01 नग दोपहिया वाहन को जब्त कर अज्ञात चालक की तलाश किया जा रहा था।
विवेचना के दौरान आरटीओ कार्यालय राजनांदगांव से जानकारी प्राप्त कर वाहन स्वामी को एवं उनसे पूछताछ के आधार पर शराब परिवहन कर रहे दो आरोपियों कुल तीन आरोपियों दीपेश कुमार वर्मा उर्फ दीपक 21 साल निवासी ग्राम नाथूनवागांव, लिकेश कंवर 19 साल एवं धर्मेन्द्र कंवर 20 साल दोनों निवासी ग्राम रेंगाकठेरा को गिरफ्तार कर रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जिसे जिसे न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर तीनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया।
खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त आधार- शास्त्री
वार्ड स्तरीय एक दिवसीय क्रिकेट स्पर्धा आयोजित
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 दिसंबर। साईं क्लब बसंतपुर द्वारा शासकीय बल्देवप्रसाद मिश्र स्कूल मैदान में वार्ड क्र. 01 से 51 तक की वार्ड स्तरीय एक दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्पर्धा में पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री बतौर अतिथि शामिल हुए। इस दौरान प्रतियोगिता के संरक्षक सुनील सेन और वरिष्ठ खिलाड़ी सुरेन्द्र साहू, पिंकेश्वर साहू, लुकेश साहू के साथ पूर्व पार्षद शास्त्री ने प्रतियोगिता के अध्यक्ष दुर्गेश साहू को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद शास्त्री ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त आधार हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, समयबद्धता, आत्मसंयम, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि मैदान पर नियमों का पालन, विरोधी टीम के प्रति सम्मान तथा निर्णायक के निर्णयों को सहजता से स्वीकार करना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। उन्होंने कहा कि यह वार्ड स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता बसंतपुर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेलप्रेमी, आयोजन समिति के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में साईं क्लब बसंतपुर की सराहनीय भूमिका रही।
आयुक्त ने आईटीआई ग्राउण्ड और छावनी मुक्तिधाम का किया निरीक्षण
छत्तीसगढ़ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 नवंबर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-4 खुर्सीपार क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने सबसे पहले जोन-4 खुर्सीपार अंतर्गत आईटीआई ग्राउण्ड का निरीक्षण किया। इस ग्राउण्ड का विकास कार्य प्रस्तावित है, जिसके लिए उन्होंने कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा की उपस्थिति में स्थल का जायजा लिया। आयुक्त ने कार्य की रूपरेखा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। मैदान में पूर्व से रोपित पौधों में वृक्ष मित्र मुकेश पांडेय, राजकुमार गुप्ता, देवांगन एवं टीम के साथियों के द्वारा सिंचाई किया जा रहा था जिसे देखकर आयुक्त प्रसन्न हुए और स्वयं भी कुछ पौधों में सिंचाई किए।
इसके पश्चात् आयुक्त ने स्थानीय पार्षद गिरजा बंछोर की उपस्थिति में छावनी मुक्तिधाम का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मुक्तिधाम की साफ-सफाई व्यवस्था, पीने के पानी की उपलब्धता तथा अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।
जर्जर भवन के संधारण के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुक्तिधाम में पूर्व से निर्मित एक पुराना भवन जर्जर स्थिति में है। आयुक्त ने तत्काल इसके संधारण कार्य को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए हैं ताकि इसका उपयोग सुरक्षित रूप से किया जा सके।
नागरिकों द्वारा उद्यान क्षेत्र में मुंडन कार्यक्रम किए जाने की समस्या को देखते हुए, आयुक्त ने उपस्थित कर्मचारियों को इस पर तत्काल पाबंदी लगाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुक्तिधाम के उद्यान क्षेत्र में किसी भी प्रकार का मुंडन कार्यक्रम न किया जाए और इस संबंध में नागरिकों को भी समझाइश दी गई है। निरीक्षण के दौरान प्रिया करसे, बालकृष्ण नायडू, हेमंत मांझी और विजेंद्र परिहार भी उपस्थित रहे।
------------
खिलाडिय़ों ने शहीदों और अभिनेता धर्मेन्द्र को दी श्रद्धांजलि
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 नवंबर। एक्सपर्ट जिम समिति के पदाधिकारियों ने 2008 में मुम्बई के होटल ताज में आतंकवादी हमले में शहीद नागरिकों और वीर सपूतों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि मोमबत्ती जलाकर अर्पित की। साथ ही सुपरस्टॉर नेता धर्मेन्द्र सिंह को भी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मनीष सिंह गौतम, डॉ.रोहन सोनकर, तामेश्वर बंजारे, गोविन्द निषाद, गौरव कुमार, शशांक पटेल, लता साहू, वैदेही साहू, नंदनी साहू, पायल रजक, निकिता बंजारे, साक्षी तेजवानी, रेनु रामटेके, खुशाल सिन्हा, युवराज सोनवानी, सुशांत चौबे, आकाश साहू, मनीष वैष्णव, चुरामन रजक, समीर साहू, तरूण साहू, हेमंत यादव, तारजन साहू, रोशन सोनकर, भावेश साहू, लोहित साहू, तानिया बंजारे, एकता बंजारे, लक्ष्य कुमार बंजारे, संध्या बंजारे आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी तामेश्वर बंजारे ने दी।
एनआईटी रायपुर की टीम ने दुर्ग में मनरेगा व पीएम आवास निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दुर्ग, 28 नवंबर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के सहायक प्राध्यापक (नोडल ऑफिसर) डॉ. विकास कुमार एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. चन्दन सिंह द्वारा दुर्ग जिले में जिला पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल ने महात्मा गांधी नरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जारी निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थल भ्रमण कर मूल्यांकन किया। निरीक्षण कार्यों में चेक डैम निर्माण-ग्राम थनौद में नवीन चेक डैम निर्माण कार्य की गुणवत्ता, मिट्टी कार्य एवं जल धारण क्षमता का अवलोकन। चेक डैम जीर्णोद्धार - थनौद में पूर्व निर्मित संरचना के सुधार, मजबूती और जल संरक्षण क्षमता का परीक्षण। वृक्षारोपण कार्य अंजोरा (ख) में पौधारोपण की संख्या, जीवितता प्रतिशत एवं संरक्षण उपायों की समीक्षा। गौठान में डबरी निर्माण अंजोरा (ख) में जल संचयन हेतु डबरी के आकार, सफाई एवं तकनीकी मानकों का निरीक्षण। अमृत सरोवर थनौद में सरोवर की गहराई, तट सुदृढ़ीकरण, जलभराव एवं सौंदर्यीकरण कार्य का परीक्षण। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, तकनीकी पहलुओं तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं को समझते हुए सराहनीय सुझाव प्रदान किए। जिला पंचायत दुर्ग द्वारा उन्हें सभी स्थलों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।
जिला भाजपा की संशोधित सूची में अतुल-आकाश हटाए गए
प्रदेश नेतृत्व ने मूलचंद और सत्यप्रकाश को सूची में दी जगह
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 नवंबर। राजनांदगांव जिला भाजपा की पूर्व में जारी सूची में प्रदेश नेतृत्व ने दो पदाधिकारियों की जगह नई नियुक्ति की है।
प्रदेश हाईकमान ने जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत के द्वारा जारी की गई सूची को स्वीकार नहीं किया था। राजपूत की कार्यकारिणी को लेकर पार्टी के भीतर नाराजगी के स्वर उभर गए थे। राजपूत की जारी सूची को प्रदेश भाजपा ने मान्य नहीं किया था। ऐसे में संशोधित करने के निर्देश दिए गए।
मिली जानकारी के मुताबिक जिला भाजपा की कार्यकारिणी में कार्यालय मंत्री और सह-कोषाध्यक्ष के पद पर क्रमश: अतुल रायजादा और आकाश चोपड़ा की नियुक्ति की गई थी।
बताया जा रहा है कि रायजादा कार्यालय मंत्री का जिम्मा सम्हालने के लिए तैयार नहीं थे। वहीं आकाश चोपड़ा को भी सह-कोषाध्यक्ष का पद अपने अनुकूल नहीं लग रहा था। संगठन में चोपड़ा की सह कोषाध्यक्ष पर मनोनयन को लेकर भी कई नेता नाराज थे। बताया जा रहा है कि रायजादा और चोपड़ा की जगह नई नियुक्ति करने को लेकर पार्टी में बहस छिड़ गई थी।
इस बीच प्रदेश नेतृत्व ने मूलचंद लोधी को कार्यालय मंत्री व सत्यप्रकाश मिश्रा को सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोनों डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से संबंधित है।
बताया जा रहा है कि पूर्व की सूची में समूचे जिले में से सर्वाधिक पदाधिकारी जिलाध्यक्ष समेत राजनांदगांव विधानसभा से थे। ऐसे में 18 पदों वाली इस सूची में सिर्फ 8 पदाधिकारी अन्य विधानसभा क्षेत्र से थे। पार्टी नेतृत्व इस बात को लेकर भी खफा था। क्षेत्रीय समीकरण के तहत नए सिरे से संशोधित सूची जारी की गई है। बहरहाल भाजपा में यह पहला मौका है, जब जिलाध्यक्ष की जारी सूची को प्रदेश संगठन ने संशोधित किया है।
महामंत्री ने बताया बदलाव की वजह
जिला भाजपा महामंत्री सौरभ कोठारी ने सूची में किए गए बदलाव की वजह पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि प्रदेश संगठन की ओर से संशोधित सूची जारी की गई है। जिसमें पूर्व में मनोनीत कार्यालय मंत्री और सह-कोषाध्यक्ष की जगह दो नए पदाधिकारियों को जगह दी गई है।
संसार ही समुद्र है और इसमें हमेशा कर्म का मंथन होता है- भरत महाराज
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दुर्ग, 25 नवंबर। किल्ला मंदिर तमेरपारा में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के चतुर्थ दिवस में चित्रकूट से पधारे भरत महाराज ने समुद्र मंथन की सुंदर कथा सुनाई।
उन्होंने कहा यह संसार ही समुद्र है और इसमें हमेशा कर्म का मंथन होता है करने वाले देवता और दैत्य प्रवृत्तियों के लोग होते हैं। कर्म का मंथन करने पर सबसे पहले असफलता का विष प्राप्त होता है, लेकिन जो उसमें अडिग रहा तो अंत में उसकी सफलता का अमृत भी मिलता है, समुद्र से निकले हुई अनेक रत्न की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा सब कुछ संसार में उपलब्ध है, लक्ष्मी भी उसी को प्राप्त होती है जो उद्योग करता है अर्थात कर्मशील होता है भरत महाराज ने राजा बलि की कथा सुनाते हुए कहा की जीव को ईश्वर के प्रति पूर्ण समर्पित होना चाहिए तभी भगवान उसके रक्षक यानी चौकीदार बनते हैं। भक्ति मय भजनों में झूमते हुए श्रोताओं को उन्होंने कृष्ण जन्म की बड़ी ही सारस और मार्मिक कथा सुनाई।
कथा के अंत में हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल के नारों से पूरा पांडाल गूंज उठा। सभी लोगों ने उल्लास के साथ नाचते गाते हुए कृष्ण जन्म का आनंद लिया।