"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान के बाद, कांग्रेस और भाजपा में राजनीतिक तकरार"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जगदलपुर दौरे के बाद अब राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और बस्तर सांसद दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जगदलपुर की सभा में सांप्रदायिकता का जहर घोला है। बैज के इस बयान पर बीजेपी के पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने भी पलटवार किया है।
भाजपा नेता केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने हिंदू-मुस्लिम को बांटा है। मोदी जी की पहली प्राथमिकता गरीब है।
दीपक बैज ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओबीसी, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति में भेदभाव करते हैं। जब वोट लेने की बारी आती है, तब मोदी जी खुद ओबीसी वर्ग के बन जाते हैं और जब अधिकार देने की बारी आती है, तो हिंदू-मुस्लिम की बात करके वैमनस्यता फैलाते हैं, सांप्रदायिकता का जहर घोलते हैं। यह मानसिकता कितनी खतरनाक है, जिसमें केवल चुनावी लाभ के लिए एक प्रधानमंत्री झूठ बोलते हैं। अब भाजपाइयों से भी कोई उम्मीद नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि 2016-17 में जब केंद्र की मोदी सरकार थी और राज्य में रमन सिंह की सरकार थी, तब छत्तीसगढ़ के नंदराज पहाड़ और वहां के लौह अयस्क को अडानी को बेचा गया। कांग्रेस ने उस समय भी इसका विरोध किया था और सरकार में आने के बाद नंदराज पहाड़ लीज को निरस्त करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भी भेजा गया था, लेकिन उस पर आज तक मोदी सरकार मौन है। इधर पीएम गलत बयानबाजी कर रहे हैं।
केदार कश्यप बोले- पहली प्राथमिकता गरीब है
दीपक बैज के बयान पर पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि देश का विभाजन करने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई को बांट दिया है। इसके लिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि गरीब उनके लिए प्राथमिकता है, हम गरीबों के विकास के लिए ही काम करेंगे।
केदार कश्यप ने कहा कि 40 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। 11 करोड़ लोगों को उज्ज्वला योजना का लाभ मिल रहा है। केंद्र सरकार की कई योजनाएं हैं, जो गरीबों को लाभ पहुंचा रही हैं। कांग्रेस गरीबों के साथ नहीं है, बल्कि ये हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई करने वाले लोग हैं।