पाईप लाइन बिछाने का महापौर ने किया स्थल निरीक्षण
|
27 Aug 2026
राजनांदगांव, 27 अगस्त। नगर निगम द्वारा शहर में सुचारू पेयजल सप्लाई के लिए पाईप लाइन विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में वार्ड नं. 14 टांकापारा के पास लोधीपारा में पाईप लाइन बिछाने के लिए महापौर मधुसूदन यादव ने मंगलवार को स्थल निरीक्षण किए। उन्होंने वार्ड की ओर ओव्हरब्रिज ढलान सहित वार्ड में 12 विद्युत पोल लगाने के निर्देश दिए। महापौर श्री यादव टांकापारा पहुंच मोहल्लेवासियों के साथ पेयजल समस्या क्षेत्र का निरीक्षण किया। टांकापारा के पास लोधीपारा गली मेें पाईप लाइन नहीं होने के कारण पानी की समस्या बरकरार थी। जिसके समाधान के लिए महापौर ने वार्ड पार्षद के साथ स्थल निरीक्षण कर अधिकारियो को पाईप लाइन बिछाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पाईप लाइन बिछाने के पश्चात चेककर खोदे गए गड्ढे तत्काल समतल किया जाए। जिससे आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने चर्च से लगा टांकाघर परिसर में बाउंड्रीवाल तथा टांकापारा में सीमेंट रोड निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चर्च के आसपास साफ -सफाई एवं लाईट की पर्याप्त व्यवस्था हो इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए तथा वार्ड की ओर ओवरब्रिज ढलान में अंधेरा होने पर लाईट के लिए ओवरब्रिज के अलावा वार्ड में 12 नग विद्युत पोल लगाने के निर्देश दिए।