हवा का बदलेगा रुख, छत्तीसगढ़ में फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड
रायपुर. छत्तीसगढ़ के सभी इलाकों में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाली नमी युक्त हवा के असर से अगले तीन दिन मौसम में ठहराव की स्थिति बनी रहेगी. इसके बाद हवा की दिशा बदलने से तापमान में पुनः गिरावट का दौर शुरू होगा. उत्तरी इलाकों में ठंड का कहर देखने को मिल रहा है, विशेषतौर पर बलरामपुर-रामानुजगंज और सरगुजा जिले में प्रभाव अधिक है. पिछले 24 घंटों के दौरान यहां न्यूनतम पारा 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. वहीं दक्षिणी क्षेत्र के दंतेवाड़ा और बस्तर के तामपान में गिरावट दर्ज की गई. मध्य इलाकों में फिलहाल सर्द हवाओं से राहत है. मौसम विभाग के मुताबिक, 15 जनवरी के बाद पूरे प्रदेश में फिर कड़ाके की ठंड लौटेगी.