मुख्यमंत्री साय आज महत्वपूर्ण बैठकों में रहेंगे व्यस्त, CG Board की परीक्षाएं आज से शुरू, बिजली की नई दर तय करने आज आयोग दफ्तर में सुनवाई
रायपुर |
20-Feb-2026
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में महत्वपूर्ण बैठकों में व्यस्त रहेंगे। मुख्यमंत्री साय नवा रायपुर स्थित अपने निवास में रहेंगे। इस दौरान वे सुबह करीब 11 बजे नवा रायपुर निवास में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा को लेकर अहम बैठक लेंगे। दिनभर बैठकों के बाद मुख्यमंत्री शाम 5 बजे सिविल लाइन स्थित अपने निवास के लिए रवाना होंगे।
CG Board Exam 2026: 12वीं की बोर्ड परीक्षा आज से शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की बोर्ड परीक्षाएं आज से पूरे प्रदेश में शुरू हो गई है। पहले दिन आज 12वीं कक्षा की परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें भूगोल और भौतिक शास्त्र विषय का पेपर होगा। इस वर्ष प्रदेशभर में 12वीं कक्षा के लिए कुल 2 लाख 45 हजार 859 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए राज्य में 2396 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नकल पर सख्ती से रोक लगाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और सभी जिलों के कलेक्टरों व जिला शिक्षा अधिकारियों को कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
बिजली की नई दर तय करने आज आयोग दफ्तर में सुनवाई
रायपुर। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिजली की नई दरें तय करने को लेकर आज 20 फरवरी को छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग के कार्यालय में ऑफलाइन सुनवाई होगी। दूसरे दिन की इस सुनवाई में विभिन्न उपभोक्ता वर्ग आयोग के समक्ष अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराएंगे। आज दोपहर 12 बजे से 1.30 बजे तक स्थानीय निकाय, नगर निगम और ट्रेड यूनियनों की सुनवाई होगी। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे से शाम 4 बजे तक निम्न दाब उद्योग श्रेणी के उपभोक्ता अपनी बात रखेंगे, जबकि शाम 4 बजे से 5.30 बजे तक समस्त उच्च दाब उपभोक्ताओं की सुनवाई निर्धारित है। बता दें कि इससे पहले आयोग द्वारा क्षेत्रीय स्तर पर ऑनलाइन सुनवाई की जा चुकी है। अब आयोग कार्यालय में प्रत्यक्ष सुनवाई के माध्यम से टैरिफ प्रस्ताव पर आपत्तियां ली जा रही हैं। छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 6308.24 करोड़ रुपये के सकल राजस्व अंतर का हवाला देते हुए सभी श्रेणियों के विद्युत टैरिफ में समान वृद्धि का प्रस्ताव दिया है।
रायपुर में आज
नाट्य मंचन ‘जाणता राजा’
रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में शाम 6.30 बजे से नाट्य मंचन ‘जाणता राजा’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में नाट्य मंडली पुणे के कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकार भी प्रस्तुति देंगे।
हरिशंकर उत्सव
पं. हरिशंकर शुक्ल समिति कॉलेज द्वारा आयोजित हरिशंकर उत्सव महाविद्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
5 कुंडीय यज्ञ से आज शुरू होगा आध्यात्मिक जागरण
आरंग। भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष (1926–2026) के उपलक्ष्य में ग्राम कुकरा के बाजार चौक स्थित गायत्री मंदिर परिसर में आज से तीन दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन की शुरुआत होगी। 20 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाले 5 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के तहत शुक्रवार दोपहर 2 बजे मंगल कलश यात्रा एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 21 फरवरी को सुबह 6 बजे सामूहिक उपासना, ध्यान एवं प्रज्ञायोग व्यायाम के बाद सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक महायज्ञ और संस्कार संपन्न होंगे।