CM साय आज होली मिलन कार्यक्रमों में होंगे शामिल, राज्यसभा नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च; भाजपा-कांग्रेस ने नहीं घोषित किए प्रत्याशी, प्री-MCA आवेदन 24 मार्च तक, दो दिवसीय विशेष फोटो प्रदर्शनी आज से
रायपुर |
02-Mar-2026
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विभिन्न स्थानों पर आयोजित होली मिलन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे शाम 4 बजे रायपुर प्रेस क्लब के होली मिलन समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे धरसींवा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम 6 बजे राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित होली मिलन समारोह में उपस्थित रहेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 7 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
राज्यसभा चुनाव के नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च, भाजपा-कांग्रेस ने अब तक नहीं किया प्रत्याशियों का ऐलान
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की रिक्त दो सीटों के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन अब तक भाजपा और कांग्रेस ने नामांकन फार्म तक नहीं खरीदा है। दोनों पार्टियां अपने-अपने अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा का इंतजार कर रही हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित है। ऐसे में 2 और 3 मार्च का समय बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि 4 मार्च को होली का त्यौहार है। भले ही नामांकन 5 मार्च को दाखिल किया जाए, लेकिन उससे पहले प्रस्तावक और समर्थक की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा जरूरी है। नियमों के तहत नामांकन पत्र में कम से कम 10 प्रस्तावक और 10 समर्थक के हस्ताक्षर आवश्यक होते हैं। फिलहाल दोनों ही दल अपने-अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।
प्री एमसीए के लिए आवेदन 24 मार्च तक
रायपुर। एमसीए में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षा के लिए छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने होम व्यावसायिक परीक्षा व्यापम ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विद्यार्थी व्यापमं की वेबसाइट पर लॉगिन कर 24 मार्च को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। 25 से 27 मार्च तक आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि के लिए अवसर प्रदान किया जाएगा। प्रवेश परीक्षा के लिए 7 मई संभावित तिथि निर्धारित की गई है। परीक्षा का समय पहली पाली अर्थात सुबह 10 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक रखा गया है। व्यापमं द्वारा प्रवेश पत्र 23 अप्रैल को वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। परीक्षा के लिए रायपुर में ही केंद्र होगा।
दो दिवसीय विशेष फोटो प्रदर्शनी आज से
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर क्लाउड एवं संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा दो दिवसीय विशेष फोटो प्रदर्शनी ‘छत्तीसगढ़ की विभूतियांः पद्म पुरस्कार प्राप्त महान व्यक्तित्वों की प्रेरक यात्रा’ 2 व 3 मार्च को महंत घासीदास संग्रहालय परिसर की कला वीथिका में लगाई जाएगी। यह प्रदर्शनी दोपहर 12 से रात्रि 7 बजे तक देखी जा सकेगी। आयोजक संस्था ‘क्लाउड’ के प्रमुख आर्टिस्ट व छायाकार दीपेंद्र दीवान ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य छत्तीसगढ़ राज्य के उन विशिष्ट व्यक्तित्वों की जीवन-यात्रा, संघर्ष, उपलब्धियों एवं समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को रेखांकित करना है, जिन्हें देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इस संकलित प्रदर्शनी में महान विभूतियों के व्यक्तित्व और कृतित्व को प्रस्तुत किया जाएगा। प्रत्येक चित्र के साथ संक्षिप्त विवरण भी दर्शाया जाएगा।
रायपुर में 50 से अधिक स्थानों पर जलेगी होलिका
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज पूरे उत्साह और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन किया जाएगा। राजधानी रायपुर में 50 से अधिक स्थानों पर होलिका जलाई जाएगी। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और कॉलोनियों में इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार कालीबाड़ी चौक पर विशेष आकर्षण देखने को मिलेगा, जहां होलिका दहन के दौरान फिल्म ‘मुंज्या’ की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। रायपुर में 20 से अधिक होलिका प्रतिमाएं बिक चुकी हैं। रंग-गुलाल, पिचकारी और मिठाई की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
होली को लेकर पुलिस ने किए कड़े सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम
रायपुर। होली के त्योहार को देखते हुए राजधानी रायपुर में पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर में करीब 700 पुलिस बल तैनात रहेंगे, जो अलग-अलग क्षेत्रों में मुस्तैदी से ड्यूटी करेंगे। हर 1.5 किलोमीटर पर पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन तैनात रहेगी, जबकि गली-मोहल्लों में बाइक पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करेगी। पूरे शहर पर ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अप्रिय स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। विवाद या गड़बड़ी की स्थिति में क्विक रिस्पांस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर एक्शन लेगी। सभी DCP, ACP और थाना प्रभारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोलिंग करते नजर आएंगे। इसके अलावा शहर के 50 प्रमुख चौक-चौराहों पर फिक्स चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं।