CM साय आज सहकारी सम्मेलन में होंगे शामिल… VB-G RAM G पर होगी विशेष संगोष्ठी… नकटी के ग्रामीणों के साथ कांग्रेस आज फिर घेरेगी कलेक्टोरेट…
रायपुर |
03-Jul-2026
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में आयोजित ‘राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 5:30 बजे एक निजी होटल में आयोजित ‘संवाद संगोष्ठी’ और शाम 6:45 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘नारी संगम’ कार्यक्रम में भाग लेंगे. इसके बाद वह रात 8 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.
आज से दो दिवसीय राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन
रायपुर. राजधानी रायपुर के कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में आज से दो दिवसीय राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन का आयोजन शुरू होगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि सहकारिता मंत्री केदार कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे. सम्मेलन में प्रदेशभर की सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, किसान और विशेषज्ञ भाग लेंगे. ‘सहकार से समृद्धि’ की थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने और इसके विस्तार पर मंथन किया जाएगा.
नकटी गांव बेदखली मामले में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
रायपुर. नकटी गांव बेदखली मामले को लेकर कांग्रेस आज प्रदेशभर के सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन करेगी. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा. कांग्रेस का आरोप है कि नकटी गांव के 85 परिवारों को बारिश के बीच बेघर किया गया है. प्रभावित ग्रामीणों को न्याय दिलाने और सरकार के फैसले के विरोध में शुक्रवार सुबह 11 बजे पार्टी कलेक्टोरेट का घेराव और प्रदर्शन करेगी.
VB-G RAM G पर आज विशेष संगोष्ठी
रायपुर. राजधानी में आज ‘विकसित भारत-2047’ के विजन और गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम-2025 (VBGRAMG) विषय पर विशेष संगोष्ठी आयोजित होगी. सुबह 11 बजे न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस में होने वाले इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि होंगी. ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान के प्रो. आनंद रघुवंशी विषय पर व्याख्यान देंगे, जबकि VB-G RAM G के डिप्टी कमिश्नर नितेश कुमार उपाध्याय भी संबोधित करेंगे. कार्यक्रम में विकसित भारत-2047 के विजन और ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन पर विस्तृत चर्चा की जाएगी.