ग्रीन स्टील एंड माइनिंग समिट में शामिल होंगे CM साय, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज, रायपुर में स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम पड़ा ठप, राज्य में 5 महीने से नए LPG कनेक्शन बंद
रायपुर |
13-Aug-2026
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित एक निजी रिज़ॉर्ट पहुंचेंगे, जहां वे ग्रीन स्टील एंड माइनिंग समिट 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे मंत्रालय पहुंचकर उद्योग विभाग की बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:55 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार होने वाली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) 16 सितंबर से शुरू होगी। हॉकी इंडिया ने कुछ शर्तों के साथ टूर्नामेंट को मंजूरी दी है। खेल विभाग को 31 अगस्त तक लीग का शेड्यूल, 6 टीमों की सूची और खिलाड़ियों की जानकारी हॉकी इंडिया को भेजनी होगी। लीग की तारीख राष्ट्रीय चैंपियनशिप, खेलो इंडिया या FIH इवेंट से नहीं टकरानी चाहिए।
20 अगस्त के बाद खिलाड़ी चयन
खेल विभाग ने खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। 20 अगस्त के बाद 6 टीमों के लिए खिलाड़ी चयन और ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू होगी। टूर्नामेंट के आयोजन की पूरी जिम्मेदारी एक इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी को सौंपने की तैयारी है। एजेंसी का फैसला इसी सप्ताह होने की संभावना है। खगोलशास्त्र
रायपुर में स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम ठप
रायपुर। राजधानी की स्मार्ट ट्रैफिक व्यवस्था पिछले 7 महीने से ज्यादा समय से प्रभावित है। आईटीएमएस का संचालन करने वाली एलएंडटी कंपनी का करीब 8 करोड़ रुपए का भुगतान लंबित होने के कारण कंपनी ने संचालन और मेंटेनेंस बंद कर दिया है। इसका असर शहर के ट्रैफिक और सर्विलांस सिस्टम पर पड़ रहा है।
48 कैमरे और 10 सिग्नल बंद
आईटीएमएस के तहत शहर में 142 लोकेशन पर 549 कैमरे लगाए गए हैं। इनमें 12 प्रमुख जगहों के 48 कैमरे बंद हैं, जबकि 15 कैमरों की फुटेज स्पष्ट नहीं मिल रही। इसके अलावा 10 स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल, 16 पीए सिस्टम और 4 वीएमएस बोर्ड भी खराब पड़े हैं।
8 करोड़ का भुगतान अब भी लंबित
कैबिनेट ने तय किया था कि पुलिस द्वारा वसूले गए चालान की राशि का 50 फीसदी हिस्सा आईटीएमएस के संचालन में दिया जाएगा। आदेश को एक साल बीतने के बावजूद करीब 8 करोड़ रुपए जारी नहीं हुए हैं। पुलिस ने पिछले सप्ताह इस संबंध में शासन को पत्र भी लिखा है।
छत्तीसगढ़ में 5 महीने से नए LPG कनेक्शन बंद
रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब पांच महीने से नए घरेलू LPG कनेक्शन बंद हैं। गैस एजेंसियों में 2 लाख से ज्यादा आवेदन लंबित हैं। अब सरकारी तेल कंपनियां नए उपभोक्ताओं के लिए 10 किलो का प्रीमियम फाइबर सिलेंडर ला रही हैं। इंडेन इसे लॉन्च कर चुका है, जबकि BPCL 14 अगस्त को रायपुर में लॉन्च करेगा।
प्रीमियम सिलेंडर का नया कनेक्शन करीब 5,000 रुपए में मिलेगा। यह पुराने सिलेंडर से करीब आधा हल्का और पारदर्शी होगा, जिससे गैस का स्तर दिखाई देगा। बुकिंग के 4 घंटे के भीतर डिलीवरी का दावा है।
गैस घरेलू सिलेंडर से दोगुनी महंगी, 15 अगस्त तक KYC जरूरी
प्रीमियम सिलेंडर की गैस करीब 166 रुपए प्रति किलो पड़ेगी, जबकि घरेलू सिलेंडर में करीब 71 रुपए प्रति किलो है। प्रीमियम सिलेंडर पर सब्सिडी नहीं मिलेगी। प्रदेश के 63.3 लाख LPG उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक KYC करानी होगी। KYC नहीं होने पर कनेक्शन ब्लॉक किया जा सकता है। एजेंसी के अलावा कंपनी के मोबाइल एप से भी KYC की सुविधा उपलब्ध है। खगोलशास्त्र
राजधानी में आज होने वाले आयोजन
रायपुर। राजधानी रायपुर में आज दो प्रमुख धार्मिक आयोजन होंगे। श्रीलोहाणा महाजन रायपुर के आयोजन में पार्थिव शिव पूजन एवं रुद्राभिषेक का कार्यक्रम रखा गया है। यह आयोजन दया भवन, टिंबर मार्केट, फाफाडीह में दोपहर 12:30 बजे से होगा। कार्यक्रम पंडित मनोज शांतिलाल शुक्ल के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा।
वहीं, रामकथा प्रचार समिति के तत्वावधान में रामकथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन संत शंभूशरण लाटा करेंगे। कार्यक्रम समता कॉलोनी स्थित मैक कॉलेज ऑडिटोरियम में दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा।