पिथौरा-कसडोल मार्ग पर हाथीदल की मौजूदगी, आवाजाही प्रभावित
|
25 Aug 2026
वन विभाग ने की सतर्कता की अपील
छत्तीसगढ़ संवाददाता
पिथौरा, 25 अगस्त। पिथौरा-कसडोल मार्ग स्थित देवगढ़ घाट क्षेत्र में हाथियों के झुंड की उपस्थिति के कारण मार्ग पर आवागमन में समय-समय पर व्यवधान आ रहा है। वन विभाग ने राहगीरों से मार्ग की स्थिति की जानकारी लेकर सतर्कतापूर्वक यात्रा करने की अपील की है।
वन विभाग के अनुसार, विगत एक सप्ताह से बार क्षेत्र में भ्रमण कर रहा 27 हाथियों का झुंड देवगढ़ घाट क्षेत्र में मौजूद है। पिथौरा से कसडोल मार्ग पर वाहनों की नियमित आवाजाही तथा घाट मार्ग के संकरे होने के कारण सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
रेंजर संतोष पैकरा ने छत्तीसगढ़ को बताया कि हाथियों की गतिविधियों की निरंतर निगरानी के लिए हाथी मित्र टीम को गश्त (पेट्रोलिंग) पर लगाया गया है। मार्ग के दोनों ओर बेरियर लगाए गए हैं। हाथियों की वर्तमान लोकेशन की पुष्टि होने और मार्ग सुरक्षित पाए जाने के उपरांत ही बेरियर से वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है।
वन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि वे बेरियर पर तैनात कर्मचारियों से मार्ग की अद्यतन जानकारी प्राप्त करने के उपरांत ही घाट पार करें।