छत्तीसगढ़ /

सीएचसी में जनप्रतिनिधियों का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं में भारी कमियां उजागर

छत्तीसगढ़ संवाददाता कोटा (करगीरोड), 7 अक्टूबर। बिलासपुर जिले के करगीरोड (कोटा) स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्थाओं की शिकायतों पर गत दिनों स्थानीय भाजपा व कांग्रेस पार्षदों ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक्स-रे मशीन, ब्लड बैंक, डॉक्टरों की उपस्थिति तथा साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आई। अस्पताल की एक्स-रे मशीन पिछले एक सप्ताह से बंद पाई गई, वहीं ब्लड बैंक की मशीन का अर्थिंग कनेक्शन पिछले दो वर्षों से खराब रहने का मामला प्रकाश में आया। इसके अलावा अटैक बाथरूम पर महीनों से ताला लगा मिलने और बेड अस्त-व्यस्त होने की शिकायत मिली। कागजों में अस्पताल में 11 डॉक्टर पदस्थ हैं, किंतु औचक निरीक्षण के दौरान केवल 4 डॉक्टर ही उपस्थित मिले। बीएमओ (ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर) भी ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ नेता व पार्षद वेंकट लाल अग्रवाल ने मौके से ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से फोन पर सीधी बात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। स्वास्थ्य मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएचएमओ बिलासपुर को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। औचक निरीक्षण के दौरान पार्षद जब्बार खान, उत्तम प्रजापति, अनिल साहू, देवेंद्र कौशिक, पार्वती योगेंद्र साहू तथा एल्डरमैन नंदलाल छत्री सहित अन्य स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image