अपहरण कर गांजा के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर मांगी 5 लाख की फिरौती
|
10 Oct 2026
गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार, 3 की तलाश जारी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 अक्टूबर। अपहरण कर गांजा के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपए की फिरौती मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया। घटना में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं प्रकरण के 3 अन्य आरोपी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल को जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार बसंतपुर थानांतर्गत प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि घटना को शाम करीब 6.30 बजे विक्की पवार द्वारा फोन कर 2 बीयर लेकर भदौरिया चौक आने कहा गया। प्रार्थी बीयर लेकर डॉमिनोज पिज्जा सेंटर के पास पहुंचा, जहां विक्की पवार अपने साथी नवीन साहू के साथ काले रंग की फॉच्र्यूनर कार में आया और प्रार्थी को अपने साथ कार में बैठा लिया। इसके बाद विक्की पवार कार को अमोरा तालाब से श्मशान घाट के पास सुनसान स्थान पर ले गया।
वहां विक्की पवार ने प्रार्थी के साथ बीयर पी और कुछ देर बाद यह कहकर वहां से चला गया कि वह अभी वापस आता है। कुछ समय पश्चात मोटर साइकिल से सिविल ड्रेस में दो युवक वहां पहुंचे, जिन्होंने स्वयं को सायबर पुलिस का कर्मचारी बताते कार की तलाशी ली तथा कार में 20 किलो गांजा मिलने की झूठी बात कही। आरोपियों ने प्रार्थी को गांजा के झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देते 5 लाख रुपए देने की मांग की। डर के कारण प्रार्थी द्वारा अपने परिजनों को फोन कर 2 लाख 50 हजार रुपए लेकर आने कहा गया। इसी बीच दोनों युवक वहां से चले गए। कुछ समय बाद प्रार्थी के परिजन मौके पर पहुंचे और प्रार्थी को साथ लेकर थाना बसंतपुर पहुंचे, जहां घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में धारा 296, 115(2), 351(2), 137(1)(ए), 127(2), 319(2), 140(3), 308(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 84, 86(1) किशोर न्याय अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। बसंतपुर थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई। साक्ष्यों के आधार पर लगातार प्रयास करते घटना में शामिल आरोपी नवीन साहू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी नवीन साहू द्वारा विक्की पवार के कहने पर घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया तथा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
आरोपी नवीन साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में शामिल अन्य 3 आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश एवं पतासाजी की जा रही है।