नवरात्रि के पहले दिन सरगुजा के श्री सिद्धि विनायक मंदिर में वाटर कूलर का शुभारंभ
|
12 Oct 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अंबिकापुर, 11 अक्टूबर। मां वनेश्वरी देवी मंदिर परिसर स्थित सरगुजा के पहले श्री सिद्धिविनायक मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मां वनेश्वरी देवी और भगवान श्री गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाटर कूलर का शुभारंभ किया गया।
वाटर कूलर की व्यवस्था रामदेव साहू और उनकी पत्नी शकुंतला देवी की ओर से की गई है। इसके साथ ही मंदिर परिसर में कई स्थानों पर नल भी लगाए गए हैं, ताकि दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को पेयजल की सुविधा मिल सके।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, मां वनेश्वरी देवी मंदिर की ख्याति लगातार बढ़ रही है। सरगुजा के पहले सिद्धिविनायक मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है।
ज्ञात हो कि 3 वर्ष पहले श्री सिद्धि विनायक मंदिर की स्थापना यहां की गई थी।
नवरात्रि के दिनों में यहां भक्तों की संख्या और बढ़ जाती है। आसपास के क्षेत्रों के साथ ही दूर-दराज से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। दूर से आने वाले भक्तों को अब मंदिर परिसर में ही ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
श्रद्धालुओं ने पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए साहू दंपति के प्रति आभार जताया। मंदिर परिसर में की गई इस पहल से नवरात्रि के दौरान आने वाले भक्तों को सुविधा मिलेगी।