नवरात्र के पहले दिन मां दंतेश्वरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, मनोकामना जोत प्रज्जवलित
|
12 Oct 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
जगदलपुर, 11 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मनोकामना ज्योति प्रज्वलित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के पारंपरिक धार्मिक विधि-विधानों के बीच पूरे अंचल में भक्तिमय माहौल बना रहा। इस दौरान कलश स्थापना और जोगी बिठाई की परंपरा भी निभाई गई।
कुमार जयदेव ने मां दंतेश्वरी और मां मावली के दरबार में टेका मत्था
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के बड़े भाई कुमार जयदेव ने मां दंतेश्वरी और मां मावली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने बस्तर सहित पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को नवरात्र और बस्तर दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए माता से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।
कुमार जयदेव ने बताया कि किरण सिंह देव सडक़ दुर्घटना में घायल हुए थे, लेकिन अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि किरण सिंह देव जल्द ही मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। कुमार जयदेव ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की।
मावली मंदिर में समाज ने स्थापित किए ज्योति कलश
नवरात्र के पहले दिन मावली मंदिर में बस्तर क्षेत्रीय धाकड़ क्षत्रिय राजपूत समाज के तत्वावधान में ज्योति कलश स्थापना की गई। इस धार्मिक आयोजन में कुमार जयदेव भी शामिल हुए। उन्होंने माता के दरबार में पूजा-अर्चना कर आस्था की ज्योति प्रज्वलित की। ज्योति कलश स्थापना के साथ मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
प्रधान पुजारी ने की बस्तर की खुशहाली की कामना
मां दंतेश्वरी मंदिर के प्रधान पुजारी कृष्ण कुमार पाढ़ी ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। भक्त पूजा-अर्चना के साथ अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए संकल्प ले रहे हैं और ज्योति प्रज्वलित कर रहे हैं।
उन्होंने मां दंतेश्वरी से प्रार्थना की कि बस्तर अंचल सुख-समृद्धि और धन-धान्य से परिपूर्ण रहे तथा सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण हों। उन्होंने कहा कि बस्तर दशहरा यहां की धार्मिक आस्था, समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
छोटे डोंगर से गिरोला तक देवी मंदिरों में उमड़ी भीड़
नवरात्र के शुभारंभ पर मां दंतेश्वरी और मावली मंदिर के अलावा शीतला माता मंदिर सहित छोटे डोंगर, बड़े डोंगर और गिरोला स्थित देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। मंदिरों में ज्योति प्रज्वलित करने की परंपरा के साथ बस्तर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर बस्तर क्षेत्रीय धाकड़ राजपूत समाज के अध्यक्ष योगेश ठाकुर सहित पीताम्बर ठाकुर, मुरली सिंह, देवेंद्र राठौर, प्रकाश रावल, रविन्द्र दास, मनोज जंगम, विवेक जैन, धीरज मेहरा सहित समाज के अन्य सदस्य और महिलाएं उपस्थित रहीं।