छत्तीसगढ़ /

शराब की हजारों खाली बोतलें-ढक्कन बरामदगी में 2 और बंदी

छत्तीसगढ़ संवाददाता कांकेर, 12 अक्टूबर।भानुप्रतापपुर पुलिस ने शराब की हजारों खाली बोतलों, पौवा, स्टीकर, होलोग्राम और ढक्कनों की बरामदगी से जुड़े मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गरियाबंद निवासी पुरुषोत्तम गुप्ता (30) और इंद्रजीत गुप्ता उर्फ गोलू (24) के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस पूर्व में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बसंत नगर, नारायणपुर स्थित उत्तम देवनाथ के किराए के मकान में अवैध शराब में मिलावट और अनधिकृत पैकेजिंग में इस्तेमाल की आशंका के चलते बड़ी मात्रा में खाली शराब की बोतलें, पौवा, स्टीकर, होलोग्राम और ढक्कन रखे गए हैं। सूचना पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की तलाशी ली। इस दौरान विभिन्न ब्रांडों की खाली बोतलें, पौवा, अद्धी, स्टीकर, होलोग्राम और ढक्कन के साथ जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 180 एमएल के 30 भरे हुए पौवा भी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से 4,409 खाली शराब की बोतलें, पौवा और अद्धी, कार्टून में रखे 170 पेटी खाली पौवा तथा विभिन्न ब्रांडों के 3,380 ढक्कन बरामद किए। इसके अलावा 105 पत्ते स्टीकर एवं होलोग्राम भी जब्त किए गए। जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 30 भरे पौवा की कुल मात्रा 5.4 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत 3,600 रुपये है। स्टीकर और होलोग्राम की अनुमानित कीमत 59,645 रुपये तथा खाली बोतलों और पौवा की कीमत 22,045 रुपये आंकी गई है। खाली पौवा की 170 पेटियों की अनुमानित कीमत 34 हजार रुपये बताई गई है। बरामद सामग्री में मैकडॉवल नंबर-1, रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, आरएस और आईबी सहित विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर, बारकोड, होलोग्राम, खाली बोतलें और ढक्कन शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल अवैध शराब में मिलावट और अनधिकृत पैकेजिंग के लिए किया जा सकता था। आठ आरोपी पहले ही गिरफ्तार इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। इससे पहले 15 सितंबर को आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब फरार आरोपियों पुरुषोत्तम गुप्ता और इंद्रजीत गुप्ता की गिरफ्तारी के साथ पुलिस मामले की विवेचना आगे बढ़ा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image