छत्तीसगढ़ /

बस्तर दशहरा: सांसद ने रथ निर्माण में किया श्रमदान और कारीगरों को बांटे वस्त्र

छत्तीसगढ़ संवाददाता जगदलपुर, 12 अक्टूबर। अपनी अनूठी परंपराओं और लगभग 75 दिनों तक चलने वाले भव्य आयोजन के लिए देश-दुनिया में विख्यात बस्तर दशहरा पर्व की तैयारियां इन दिनों पूरे उत्साह के साथ जोरों पर हैं। इसी कड़ी में बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष और बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप जगदलपुर के ऐतिहासिक सिरहासार भवन पहुंचे, जहां झारउमरगांव के पारंपरिक ग्रामीण शिल्पकार विशाल रथ के निर्माण में जुटे हुए हैं। सांसद कश्यप ने वहां पहुंचकर न केवल कारीगरों का हौसला बढ़ाया, बल्कि उन्हें वस्त्र वितरित कर सम्मानित किया, साथ ही खुद भी औजार थामकर रथ निर्माण में हाथ बंटाते हुए श्रमदान किया। एक जनप्रतिनिधि के तौर पर केवल औपचारिक निरीक्षण करने के बजाय निर्माण कार्य में सीधे भागीदार बनने का उनका यह अंदाज हर किसी का ध्यान खींचने वाला रहा। दरअसल सांसद श्री कश्यप को बढ़ईगिरी, मकान निर्माण, मैकेनिक और मूर्तिकला जैसे व्यावहारिक हस्तकौशल का पुराना और गहरा अनुभव है। उन्होंने अपने स्वयं के घर के निर्माण से लेकर खिडक़ी, दरवाजे और पलंग तक का काष्ठ कार्य खुद किया है। अपने इसी जमीनी हुनर के चलते वे झारउमरगांव के कारीगरों के बीच पूरी सहजता से घुलमिल गए और उनके साथ लकड़ी तराशने के काम में जुट गए।

Leave Your Comment

Click to reload image