छत्तीसगढ़
"जन्मदिन विशेष, विष्णुदेव साय: एक आदिवासी नेता का सफर"
रायपुर: ग्राम पंचायत के सरपंच से सीएम बनने तक का विष्णुदेव साय का सफर रोचक और प्रेरणाकारी है. 21 फरवरी 1964 को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम बगिया में जन्म लेने वाले विष्णुदेव साय की पारिवारिक पृष्ठ भूमि एक राजनैतिक परिवार से रही. साय मूलतः किसान परिवार से हैं. इनके बड़े पिताजी नरहरि प्रसाद साय, स्व. केदार नाथ साय विधायक और सांसद रहें.
बता दें कि विष्णुदेव साय के दादा बुद्धनाथ साय भी सन् 1947 से 1952 तक विधायक रहे. विष्णुदेव साय 1990 में ग्राम पंचायत बगिया के निर्विरोध चुने गये. इसी साल पहली बार अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के तपकरा विधानसभा के विधायक बनें. 1990 से 1998 तक दो बार उन्होंने तपकरा विधानसभा से विधायक के रूप में निर्वाचित होकर अपने दायित्व का निर्वाहन किया. 1999 में तेहरवीं लोकसभा, 2004 में चैदहवीं लोकसभा, 2009 में पंद्रहवीं लोकसभा और 2014 में सोलहवीं लोकसभा के लिए रायगढ़ छत्तीसगढ़ से सांसद चुने गए. साल 2014 से 2019 तक केन्द्रीय राज्य मंत्री इस्पात खान श्रम रोजगार मंत्रालय का प्रभार भी प्राप्त हुआ. सीएम साय ने अपनी प्रत्येक भूमिका के साथ न्याय किया.
विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के प्रथम आदिवासी मुख्यमंत्री हैं. वैसे आदिवासी कहते ही हमारे मन में एक ऐसी आकृति बनती है, जिसमें सहजता सरलता और उदारता का बोध होता है. प्रकृति के निकट हमारे आदिवासी भाई-बहनों के व्यक्तित्व और व्यवहार में प्रकृति की ही तरह निर्मलता और उदारता दिखती है और यह सभी गुण सभी विशेषताएं विष्णुदेव साय के व्यक्तित्व और व्यवहार में परिलक्षित होती है.
लाखों करोड़ों व्यक्ति इस धरा पर आते हैं और गुमनाम चले जाते हैं. इनमें से कभी-कभी ऐसा व्यक्ति भी आता है जो अपना मनुष्य जन्म सार्थक बनाता है और साथ में लाखों-करोड़ों लोगों का पथ-प्रदर्शन करता है, तो कोई भी व्यक्ति माॅ के गर्भ से महान होकर नहीं आता. जन्म के बाद परिवार, समाज और देश के परिवेश से संस्कार ग्रहण करता हुआ अपने पुरूषार्थ, त्याग, सेवा और प्रेम जैसे उद्धांत गुणों से स्वयं को तराशता है. खदान से जब हीरा निकलता है तो वह काला होता है, लेकिन तराशने पर उसमें चमक पैदा होती है. जन्म से न कोई अच्छा होता है न बुरा. हर व्यक्ति स्वाध्याय और सत्संग से स्वयं को निखारता है और चारों ओर अपनी आभा बिखेरता है.
कौन जानता था कि एक सामान्य परिवार में जन्मा हुआ व्यक्ति न केवल नए प्रदेश छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनेगा, अपितु उसकी गणना आदिवासी गौरव के रूप में होगी, राजनीति काजल की कोठरी है, विष्णुदेव साय इसके अपवाद हैं. वे निर्विवाद रूप से उदार, चरित्रवान, बेदाग जनप्रिय नेता हैं. महानता का पथ उबड़-खाबड़ और कष्ठ साध्य होता है. राग-द्वेष, अपना-पराया, पद लिप्सा और प्रतिशोध कुछ ऐसी मानवीय कमजोरियां है, जिनसे ऊपर उठना सामान्य व्यक्ति के लिए असंभव नहीं, तो कठिन अवश्य है. राजनीति में प्रतिद्वंदी का नुकसान एक सामान्य लक्ष्य होता है.
मुखिया का अर्थ होता है- ‘मुख‘. भोजन मुख ग्रहण करता है और सम्पूर्ण शरीर का समान रूप से पोषण करता है. जो दिन-दुखियों की पीड़ा को महसूस करता है, उसका हित-चिंतन करता है. वह दीनबन्धु हो जाता है, जननायक हो जाता है. ऐसा व्यक्ति किसी जाति, धर्म, पंथ से ऊपर होता है, उनके जीवन ध्येय केवल और केवल जनता जनार्दन की सेवा करना परसेवा और परमार्थ के लिए अपना जीवन समर्पित करना होता है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ऐसी ही व्यक्तित्व के अद्वितीय उदाहरण हैं.
विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का महत्व: शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर: विद्यार्थी जीवन में अनुशासन जरूरी है। अनुशासन से ही हमें ज़िंदगी में सफलता की राह मिलती है। जब हम लक्ष्य तय करते हैं, तो अनुशासन ही हमें उन लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करता है। यह बात उच्च शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन ने आज शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय के वार्षिक स्नेह सम्मेलन में कहीं ।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि अनुशासन हमें अपने समय का सदुपयोग करने में मदद करता है। जब हम अनुशासित होते हैं, तो हम अपना समय ज़रूरी कामों में लगाते हैं और व्यर्थ की गतिविधियों में समय बर्बाद नहीं करते हैं।
अनुशासन हमारी एकाग्रता को बढ़ाने में मदद करता है। जब हम अनुशासित होते हैं, तो हम अपने काम पर ध्यान केंद्रित कर पाते हैं और आसानी से विचलित नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासन से हमारा आत्मविश्वास बढ़ता है। जब हम अनुशासित होते हैं, तो हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं और सफलता प्राप्त करते हैं। अनुशासन हमें स्वस्थ जीवन शैली अपनाने में मदद करता है। जब हम अनुशासित होते हैं, तो हम नियमित रूप से व्यायाम करते हैं, स्वस्थ भोजन करते हैं और पर्याप्त नींद लेते हैं।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि याद रखें, अनुशासन एक आदत है, इसे बनाने में समय लगता है। यह एक ऐसी आदत है जो आपको ज़िंदगी में सफलता प्राप्त करने में मदद करेगी। कॉलेज के दिन आपके जीवन के सबसे यादगार दिनों में होंगे। अनुशासन के साथ, आप इन दिनों का भरपूर आनंद ले सकते हैं और ज़िंदगी में सफलता भी प्राप्त कर सकते है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ एथिक्स, संस्कार, संस्कृति, अध्यात्म योग प्राणायाम के साथ ही गीत संगीत और खेल कूद भी शामिल करना चाहिए, यह विद्यार्थियों के बहुआयामी विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने रुचि के अनुसार कैरियर का चुनाव करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है, जिसको पूरा करने के लिए हमको पढ़ाई के साथ-साथ दूसरे क्षेत्रों में भी आगे आना होगा। उच्च शिक्षा शोध और नवाचार आदि से जुड़ी होनी चाहिए। सभी क्षेत्रों में हमको नंबर वन बनना होगा।
इस अवसर पर श्री ज्ञानेश शर्मा, अलुमनई एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अंजय शुक्ला, प्राचार्य डॉ पीसी चौबे, श्री एनबी सिंह, श्रीमती रेणु माहेश्वरी समेत कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित थे।
कोटवार कर्मचारी: 6 महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण प्रदर्शन करेंगे
रायपुर : 6 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण प्रदेश के कोटवार कर्मचारी भवन बुढ़ापारा में प्रदर्शन करेंगे। उक्त जानकारी कोटवार संघ के प्रांतीय अध्यक्ष प्रेम किशोर बाघ एवं संरक्षक अनिल श्रीवास्तव ने देते हुए बताया कि प्रदेश के 16000 कोटवार 6 माह से वेतन नहीं मिलने के कारण 22 फरवरी को कर्मचारी भवन बुढ़ापारा में प्रदर्शन करेंगे । वैसे भी कोटवारों को 3000 से 6000 रुपये मानदेय दिया जाता है।
कोटवार संघ का प्रतिनिधिमंडल गत दिवस ने राजस्व मंत्री एवं वित्तमंत्री को ज्ञापन सौंपा था। जिस पर फरवरी के प्रथम सप्ताह में मानदेय दिलाने का आश्वासन दिया गया था ,लेकिन उस पर अमल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग में सेवा दे रहे हैं लेकिन उनकी प्रमुख मांगें नहीं मानी जा रही है।
प्रेम किशोर बाघ एवं अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि दो सूत्रीय मांग को लेकर राज्य सरकार को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा सरकार को चुनाव पूर्व किए वादे को पूरा करना चाहिए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की सरकार में भी 23 फरवरी 2018 को कोटवारों की प्रांतीय सम्मेलन में यह आश्वासन दिया गया था कि पूर्व भूमि स्वामी का हक कोटवारों को पहले की तरह ही दिया जाएगा। लेकिन अभी भी लंबित है।
नेताओं ने बताया कि छत्तीसगढ़ की निकटवर्ती राज्य महाराष्ट्र,ओड़िशा एवं झारखंड में कोटवारों को शासकीय कर्मचारी का दर्जा प्राप्त है , इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ के लगभग 16 हजार कोटवारों ने प्रदेश सरकार को दो बिंदुओं पर लेकर पत्र लिखा है। इसमें कोटवारों को कर्मचारी का दर्जा देकर सरकार राजस्व विभाग में संविलियन करने की मांग की है।
छत्तीसगढ़: अमित शाह का 22 फरवरी को प्रवास, देखें किस-किस से होगी मुलाकात
रायपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 फरवरी को छत्तीसगढ़ प्रवास पर होंगे। अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान कोंडागांव, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर में होने वाले भाजपा के क्लस्टर बैठक में शामिल होंगे। अमित शाह के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान मिनट टू मिनट का ब्योरा जारी कर दिया गया है।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री अमित शाह 12 बजे दिल्ली से रवाना होकर दोपहर एक बजे कोंडागांव पहुंचेंगे। कोंडागांव स्थित ऑडिटोरियम करीबन घंटेभर तक बस्तर क्लस्टर बैठक में शामिल होने के बाद जांजगीर-चांपा के लिए रवाना होंगे। हाई स्कूल मैदान में आयोजित रायपुर क्लस्टर मीटिंग में शामिल होने के बाद साढ़े चार बजे बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। बिलासपुर में होटल सेंट्रल पाइंट में बिलासपुर क्लस्टर मीटिंग में शामिल होंगे। यहां भी करीबन घंटे भर की बैठक के बाद रायपुर के लिए रवाना होंगे, जहां से शाम 6 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
छत्तीसगढ़: महतारी वंदन योजना के आवेदनों की अंतिम तिथि आज, सीएम विष्णुदेव साय ने दिया बड़ा बयान
रायपुर: महतारी वंदन योजना के आवेदन को लेकर सीएम विष्णुदेव साय का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा, महतारी वंदन योजना के अप्लाई करने का आज आखिरी दिन है. अब तक 70 लाख फार्म आ चुके हैं. सबकी जांच होगी. दावा आपत्ति का भी समय रहेगा और फिर लास्ट सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके बाद लाभार्थियों को इसका लाभ दिया जाएगा. ये योजना लगातार चालू रहेगी, जो पात्र छूट जाएंगे तो उनका फिर से फार्म भराकर लाभ दिया जाएगा. हालांकि, पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने योजना के फार्म भरे जाने की डेट को बढ़ाने की मांग की थी.
अयोध्या के लिए फ्लाइट की मांग
सीएम साय ने आगे कहा, अयोध्या के लिए फ्लाइट की सुविधा हो इसके लिए हमारे प्रदेश अध्यक्ष ने उड्डयन मंत्री से बात की है. निश्चित ही उड्डयन मंत्री इस पर विचार करेंगे.
सीएम साय ने विपक्ष को अयोध्या ले जाने के सवाल पर कहा कि सबको न्यौता है. रामलला दर्शन योजना सरकार की है, जो रामभक्त होंगे वे सरकार के खर्चे पर अयोध्या जा सकते हैं. अभी तो हम सिर्फ मंत्रिमंडल के साथ अयोध्या जाएंगे.
पूरा छत्तीसगढ़ पीएम का आभारी है– साय
आगे उन्होंने कहा पीएम मोदी ने आज छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात दी है. भिलाई में आईआईटी का लोकार्पण किया है. साथ ही कवर्धा में भी उन्होंने नवोदय विद्यालय के भवन का लोकार्पण किया है. इसके लिए पूरा छत्तीसगढ़ उनका आभारी है. आईआईटी भिलाई के लोकार्पण के बाद हमारे बच्चों को नया परिसर मिला है और वे विकसित छत्तीसगढ़ के लिए अब काम करेंगे.
पीएम आवास के लाभार्थियों को मिलेगी रेत
साथ ही उन्होंने पीएम आवास को लेकर भी बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि, जो भी पात्र होंगे वे बिना रॉयल्टी दिए छोटी गाड़ी में रेत ले जा सकते हैं. इसके लिए उनको छूट दी गई है.
रायपुर: विधानसभा में अवैध रेत खनन पर चर्चा के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ग्रामीणों के लिए प्रधानमंत्री आवास बनाने के लिए निःशुल्क रेत की घोषणा की।
रायपुर: विधानसभा में मंगलवार को अवैध रेत उत्खनन पर चर्चा के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बड़ी घोषणा की. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के सवाल पर उन्होंने कहा कि गांव वालों को खुद के उपयोग के लिए प्रधानमंत्री आवास बनाने छोटे ट्रेक्टर से रेत निःशुल्क दिया जाएगा.
कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश ने मामला उठाते हुए कहा कि अवैध रेत खदान की शिकायत आई है. क्या रेत खदानों में मशीनों से लोडिंग की अनुमति है? मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि किसी को मशीन से लोडिंग की अनुमानित नहीं है. बिना अनुमति के अगर कहीं खनन चल रहा है तो इस पर कठोर कार्यवाही की जाएगी. भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि आप अभी हेलीकॉप्टर से अभी चलिए, अगर 200 से ज़्यादा पोकलेन उत्खनन करती नहीं मिली तो मैं अपनी विधायिका से इस्तीफ़ा दे दूंगा.
धर्मजीत सिंह ने पंद्रह दिन तक अभियान चलाने का निवेदन करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने रेत का बड़ा खेल खेला है. बेहतर है कि पूर्व की तरह इसका अधिकार पंचायत को दिया जाए. वित्त मंत्री ने कहा कि विभाग इस पर नज़र रखे हुए है, और उचित कार्यवाही की जा रही है. आसंदी ने मंत्री से कहा कि आप ऐसी कठोर कार्यवाही कीजिए कि नजीर बने. इसके साथ ही मंत्री चौधरी ने आगामी 15 दिनों तक रोज कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए.
भाजपा-कांग्रेस के कई विधायकों ने रेत के अवैध उत्खनन को लेकर सदन में बात रखी. बिलासपुर में अरपा से रेत के अवैध उत्खनन का मामला भी उठा. ग्रामीणों को आ रही परेशानी को लेकर भी उठे सवाल. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि क्या प्रधानमंत्री आवास के लिए रेत ले जाने की गांव वालों को अनुमति देते हैं? ये बड़ी बात होगी. इस पर मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में घोषणा करते हुए कहा कि गांव वाले खुद के उपयोग के लिए, प्रधानमंत्री आवास बनाने के लिए छोटे ट्रेक्टर से रेत निःशुल्क दिया जाएगा.
पूर्व नेता प्रतिपक्ष और भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि रेत से तेल निकालने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए. रिकेश सेन ने कहा कि खनिज जब्त होता है, तो कहां रखा जाता है? इस पर मंत्री ने कहा कि खनिज का मूल्य और फाइन दोनों उसमें रहता है. फाइन लेकर खनिज उसी व्यक्ति को वापस दे दिया जाता है. रिकेश सेन ने कहा कि पिछले 5 सालों में रेत खनन में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है.
मंत्री चौधरी ने कहा कि जो खनिज जप्त होता है, ट्रक को पकड़ते हैं, उसको वापस लेकर ऑक्शन नहीं करते हैं. खनिज की राशि और पेनाल्टी दोनों लेने के बाद उसे ही खनिज दे दिया जाता है. इस पर रिकेश सेन ने जिला सरगुजा, बलरामपुर और सूरजपुर में जितने भी खनिज जप्त हुए हैं, उस पर जांच के साथ शिकायत सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.
बिना लीज के और एनवायरमेंट क्लीयरेंस के, जो खोदाई की जाता है, या जो क्षेत्र निर्धारित किया गया है उसे क्षेत्र से बाहर खुदाई चल रही है, उसे अवैध कहा जाता है. कोई ट्रक चल रहा है, कोई डंपर चल रहा है, बिना रॉयल्टी दिए तो सड़क पर पकड़ते हैं, तो उसे अवैध परिवहन का केस रजिस्टर होता है.
मंत्री ने कहा कि जो दूसरा कंसर्न है कि छोटे ट्रैक्टर हैं हम ध्यान रखेंगे कि बड़े-बड़े बाहुबली बड़े माफिया पर कार्रवाई हो. यह विष्णु देव की सरकार है. कोई बाहुबली नहीं बचाने वाला, यह हम सुनिश्चित करेंगे. अगर कोई ग्राम पंचायत के काम के लिए या कोई स्थानीय अपने काम के लिए रेत ले जा रहा है, तो माइनिंग नियमों में ऐसे स्थानीय नियमों के तहत छूट गया दिया गया है. उसमें परिवहन कर रहे हैं, और उनको कोई अगर तंग कर रहा है तो उनको हम नहीं करने देंगे.
मंत्री ने कहा कि कई जरूरी कंसर्न अभी सामने आए हैं, अभी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जो घर बन रहा उनको परेशान नहीं किया जाएगा. इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आप सहमत हैं तो बोल दीजिए, सदन में इसकी घोषणा कर दीजिए. इस पर मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए हम निशुल्क रेत उपलब्ध करेंगे.
कवर्धा: 334 किलो गांजा तस्करी करते आरोपी को पुलिस ने धरदबोचा, जब्त गांजे की कीमत 5 करोड़ रुपये
कवर्धा: पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एक ट्रक से 334 किलो गांजा तस्करी करते एक आरोपी को धरदबोचा है. जब्त गांजे की कीमत 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है. आरोपी ओड़िशा से उत्तरप्रदेश के एटावा ट्रक में गांजा छुपाकर ले जा रहे था.
बता दें कि पुलिस को मुखबिर से तस्करी की सूचना मिली थी. जिसके बाद चिल्फ़ी पुलिस ने नाकेबंदी कर ट्रक को कब्जे में लिया और पड़ताल शुरू की. इस दौरान पुलिस ने 334 किलो गांजा जब्त किया. मामले में पुलिस ने आरोपी इशाक अहमद उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया है.
आरोपी के खिलाफ चिल्फ़ी पुलिस नॉरकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है. दो दिन पूर्व चिल्फ़ी पुलिस ने 15 करोड़ से अधिक का गांजा जब्त किया था.
छात्रा को घायल कर देने का मामला: दुर्ग में ब्लेड से हमला, आरोपी की तलाश जारी
दुर्ग: जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां स्कूल से घर लौट रही एक छात्रा एक गले पर सिरफिरे आशिक ने ब्लेड से हमला कर दिया. हमले में छात्रा बुरी तरह से घायल हो गई है. छात्रा को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है. जहां उसका उपचार जारी है. वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है. यह मामला उतई थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग के डूंडेरा गांव के शासकीय स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा घर लौट रही थी. तभी रास्ते में सिरफिरे युवक ने नाबालिक छात्रा का रास्ता रोका और गले में ब्लेड से वार कर दिया. युवक के हमला करने से इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं गंभीर रूप से घायल छात्रा को लोगों ने आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टर के तत्काल इलाज शुरू किया. जिसके कारण बालिका की जान बच गई.
फिलाहल छात्रा आईसीयू में भर्ती है. वहीं मामले में उताई पुलिस के आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है.
रेंगाखार वनपरिक्षेत्र में शिकारियों को गिरफ्तार किया गया: वन विभाग
कवर्धा: रेंगाखार वनपरिक्षेत्र के सरईपतेरा और मध्यप्रदेश की सीमा से लगे अकलपुरा गांव के 3 कुख्यात शिकारी को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है. कान्हा के बफर जोन में पिछले 20 दिनों में अब तक 3 सांभर का शिकार हो चुका है. मामले में वन अमले ने मास्टरमाइंड सहित तीन शिकारी को दबोच लिया है.
टीम ने आरोपियों 11 किलो से ज्यादा कच्चा मांस जब्त किया है. साथ ही शिकार के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले हथियारों को भी जब्त किया गया है. वहीं गिरोह के द्वारा अब तक 60 से ज्यादा वन्यजीव का का शिकार कर चुके हैं. गिरोह के 5 अन्य सदस्य फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है.
कवर्धा डीएफओ चुड़ामणि और कान्हा टाईगर रिजर्व के फील्ड डायेरक्टर की संयुक्त टीम ने ये कार्रवाई की है. टीम ने इस मामले में प्रभु सिंह ,सोनसिंह सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये कार्रवाई रेंगाखार वन परिक्षेत्र में की गई है.
थाना तमनार के गोड़ी गांव में नवविवाहित महिला की आत्महत्या: पुलिस जांच जारी, परिवार पर आरोप
रायगढ़: थाना तमनार के गोढ़ी गांव में एक नवविवाहित महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं लड़की के मायके वालों को भी सूचना दी गई है. जिसके बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर आत्महत्या के लिए उकसाने के लिए अपराध दर्ज कराया गया है. घटना सोमवार की बताई जा रही है. जिसमें पंचनामा कार्रवाई और अन्य प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
तमनार थाना प्रभारी ने बताया कि ग्राम गोढ़ी में नवविवाहिता महिला की मृत्यु की सूचना पर तमनार पुलिस घटना स्थल पहुंची. जहां नवविवाहिता प्रियंका गुप्ता, पति अभिषेक गुप्ता का शव फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला. फॉरेंसिक टीम द्वारा घटना का मुआयना किया गया है और कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा पंचनामा किया गया. तमनार पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ग्रामीणों ने बताया कि अभिषेक गुप्ता और प्रियंका का विवाह 9 दिसम्बर 2023 को हुआ था. दोनों आनन्दपूर्वक रहते थे. अभिषेक गुप्ता दोपहर को ड्यूटी करने तराईमाल प्लांट गया था. गांव में संध्या समय सरस्वती विसर्जन भी किया गया. गांव में मौत की खबर लगते ही सभी स्तब्ध हैं. मृतिका प्रियंका गुप्ता की माता बीणा देवी, पिता संजय कुमार अग्रहरि निवासी चीर बगीचा जशपुर ने बताया कि 18 फरवरी को शाम करीब 7 बजे परिवार के साथ मोबाइल वीडियो कॉल से बात हुई. जिसमें बेटी प्रियंका खुश हंसते हुए बात कर रही थी. फिर अचानक हमे प्रियंका की सास संजू गुप्ता ने सूचना दी कि आप लोग आ जाइये. हमने यहां आकर देखा तो हमारी बेटी का शव फांसी पर लटका हुआ है. हत्या करने या आत्महत्या के लिए उकसाने वालो पर कार्रवाई हो.
शिशु शिक्षा केंद्र अंग्रेजी माध्यम शाला बूढ़ापारा: वार्षिक उत्सव और खेलकूद पुरस्कार वितरण कार्यक्रम
रायपुर: शिशु शिक्षा केंद्र अंग्रेजी माध्यम शाला बूढ़ापारा के वार्षिक उत्सव एवम खेलकूद के पुरुस्कार वितरण कार्यक्रम शाला में संपन्न हुआ. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी श्री नितिन कुमार झा, विशिष्ट अतिथि संस्था के उपाध्यक्ष श्री अमित सेन, कार्यक्रम अध्यक्ष प्राचार्य श्री योगेश तिवारी रहे.
कार्यक्रम का आरंभ माँ सरस्वती देवी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्प अर्पण एवम् वंदना कर किया गया.
मुख्य अतिथि नितिन कुमार झा जी ने शाला द्वारा दी जाने वाली संस्कार आधारित शिक्षा की प्रशंसा करते हुए दैनिक दिनचर्या को व्यवस्थित करने अर्थात व्यायाम, स्नान, ध्यान, अध्ययन आदि कार्यों को समयबद्ध करने की सलाह बच्चों को दिए. प्राचार्य श्री योगेश तिवारी ने सफल बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य बच्चों को नियमित अभ्यास करने कहा. विशेष अतिथि श्री अमित सेन ने शाला समिति के कार्यों की सराहना की. खेलकूद एवम् सांस्कृतिक कार्यक्रम के विजेताओं, सहभागियों को प्रशस्ति पत्र एवम् उपहार प्रदान किया गया. उपरोक्त अवसर पर शाला के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं एवम् बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवम् अभिभावकगण उपस्थित थे.
महतारी वंदन योजना: आवेदन की अंतिम तिथि 20 फरवरी, शाम 6 बजे के बाद आवेदन स्वीकार नहीं होगें
रायपुर: राज्य सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना के तहत् आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2024 निर्धारित की गई है। योजना का लाभ लेने के लिए हितग्राही निर्धारित केन्द्रों में अपना आवेदन 20 फरवरी की शाम 6 बजे तक जमा कर सकते हैं। साथ ही पब्लिक पोर्टल से हितग्राही 20 फरवरी की शाम 6 बजे तक ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को शाम 6 बजे तक ही ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। शाम 6 बजे के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्धारित पब्लिक पोर्टल भी शाम 6 बजे के बाद बंद हो जाएगा।
तीन अलग-अलग प्रकरणों मे दो दिनों में 350 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त, गिरफ्तारियों से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद
आरोपियों के कब्जे से 01 क्विंटल 38 किग्रा कीमती 59,40,000 रूपयें अवैध गांजा, 02 कार, 01 मोटर सायकल, 05 नग मोबाईल एवं नगदी सहित जुमला कीमती 69,76,800 रूपयें जप्त
पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशानुसार समस्त थाना/चैकी प्रभारीगण संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर दीगर प्रांतो से होने वाली अवैध परिवहन व तस्करी पर अंकुश लाने के दृष्टीकोण से जिलें के सीमावर्ती क्षेत्र, नेशनल हाईवे पर चैकसी बरती जा रही है तथा संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर तलाशी ली जा रही थी।
सिंघोड़ा : कार छोड़कर भागने लगे आरोपी, पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिला एक जामुनी कलर का मंजा क्यूड्राजेट कार क्रमांक CG 07 AH 2415 दो व्यक्ति गांजा रखकर उडिसा से छत्तीसगढ की ओर आ रहे है। सूचना पर एन एच 53 रोड ग्राम रेहटीखोल जाकर नाकाबंदी किया गया. कुछ समय बाद मुखबीर के बताये हुलिया की एक जामुनी कलर का मंजा क्यूड्राजेट कार आयी, जिसे रोका गया। वाहन में सवार दोनो व्यक्ति को छोडकर भागने लगे पुलिस टीम द्वारा दौडाकर पकडा गया। व्यक्ति को भागने का कारण पूछने पर वाहन मे गांजा रखना स्वीकार किया तथा उक्त गांजा को सोनपुर उडिसा से दतिया मध्यप्रदेश ले जाना बताया।
आरोपियो से पूछताछ करने पर चालक अपना नाम सुधीर जोशी पिता शंकरलाल जोशी उम्र 32 साल साकिन बसई थाना बसई जिला दतिया मध्यप्रदेश तथा अन्य व्यक्ति का नाम पता पूछने पर लखन राजपूत पिता लक्ष्मण राजपूत उम्र लगभग 45 साल साकिन बसई थाना बसई जिला दतिया मध्यप्रदेश का निवासी होना बताया। वाहन की तलाशी ली गई तो वाहन के पीछले सीट एवं डिक्की मे बने विशेष चेम्बर मे खाखी रंग के टेप से टेपिंग किया हुआ मादक पदार्थ गांजा मिला पैकेटो को बाहर निकालकर गिनती किया गया जो छोटा बडा कुल 70 पैकेट गांजा मिला ।आरोपी से गांज रखने के संबंध में वैध दस्तावेज पेश करने कहा गया जो किसी प्रकार का दस्तावेज नही होना बताने पर आरोपी के कब्जे से चार प्लास्टिक बोरीयो मे भरा हुआ 25-25 किलोग्राम कुल 100 किलोग्राम मनोत्तेजक अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 50,00,000 रूपये, क्यूड्राजेट कार क्रमांक CG 07 AH 2415 कीमती 4,00,000 रूपये, दो नग मोबाईल कीमती 6000 रूपये, नगदी रकम 2000 रूपये जुमला कीमती 54,08,000 को जप्त कर उनके विरूद्ध थाना सिंघोड़ा में धारा 20बी नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
सिंघोड़ा : मोटर सायकल के सीट कव्हर के नीचे गांजा ले जाते गिरफ्तार
सिंघोड़ा पुलिस ग्राम मुरमुरी क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिला कि एक लाल कलर का हीरो एच एफ डिलक्स मोटर सायकल क्रमांक OD 27 B 6843 में दो व्यकित गांजा रखकर उडिसा से छत्तीसगढ की ओर आ रहे है। सूचना पर टीम एनएच 53 रोड दिनेश ढाबा के सामने ग्राम गनियारीपाली में दबिश देकर नाकाबंदी किया कुछ समय बाद मोटर सायकल में दो व्यक्ति सवार होकर आते दिखे जिन्हे रोका गया। उनसे पूछताछ करने पर गोल मोल जवाब देने लगे दोनो के जवाब में भिन्नता पाये जाने से कडाई से पूछताछ करने पर मोटर सायकल के सीट कव्हर के नीचे गांजा रखना तथा उक्त गांजा को सोनपुर उडिसा से रायपुर छत्तीसगढ ले जाना बताये। आरोपियों से नाम पता पुछने पर चालक अपना नाम 01- विभुन साहू पिता सत्यावान साहू उम्र 23 साल 02- बिरा साहू पिता लखपति साहू उम्र 24 साल साकिनान ब्राम्हणी थाना कमसरा जिला सुभन्यापुर उडिसा का निवासी होना बताये। उनके कब्जे से एक प्लास्टिक बोरी मे 06 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 3,00,000 रूपये, घटना मे प्रयुक्त एक लाल कलर का हीरो एच एफ डिलक्स मोटर सायकल क्रमांक OD 27 B 6843 कीमती 50,000 रूपये, दो नग मोबाईल कीमती 10,000 रूपये, नगदी रकम 500 रूपये, जुमला कीमती 3,60,500 को जप्त कर उनके विरूद्ध थाना सिंघोड़ा में धारा 20बी नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
कोमाखान : बोलेरो से गांजे की तस्करी करते गिरफ्तार
पुलिस को मुखबीर से सूचना मिला कि एक सफेद बोलेरो पुरानी वाहन क्रमांक OR 3 E 0827 में दो व्यक्ति मादक पदार्थ गांजा लेकर उड़ीसा राज्य से बागबाहरा की ओर आ रही है. सूचना ग्राम सुवरमार चैक के पास पहुंचकर नाकाबंदी करते खड़े थे कि एक सफेद कलर की बोलेरो पुरानी वाहन क्रमांक OR 3 E 0827 में दो व्यक्ति सवार होकर आये जिसे रोककर नाम पता पूछने पर वाहन चालक ने अपना नाम रोहित सागर पिता पूरन सागर उम्र 28 साल साकिन क्वार्टर 42 बी स्ट्रीट 03 मां शारदा विद्यालय के पास भिलाई वेस्ट दुर्ग भिलाई वेस्ट वर्तमान पता डोंगरीपाली थाना कोमना जिला नुवापाड़ा उडिसा एवं बगल सीट मे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम बिरेन्द्र मांझी पिता गुरबारू मांझी उम्र 40 साल साकिन वार्ड नंबर 01 कुइकेड़ा थाना संतला जिला बलांगीर उडिसा का निवासी होना बताया । बोलेरो वाहन की तलाशी ली गई तो वाहन की छत मे बने चेंबर में अवैध मादक पदार्थ गांजा को रखा मिला, जिसे उड़ीसा राज्य से महाराष्ट्र में बिक्री करने ले जा रहे थे। आरोपीयान के कब्जे 10 पैकेट बडी, 50 पैकेट छोटी खाखी रंग की टेप से पैकिंग अवैध मादक पदार्थ गांजा वजन 32 किलो ग्राम कीमती 6,40,000 रूपये, एक सफेद कलर की बोलेरो पुरानी इस्तेमाली वाहन क्रमांक OR 3 E 0827 कीमती 5,50,000 रूपये, दो नग मोबाईल कीमती 17,000 रूपये, नगदी रकम 1300 रूपये जुमला कीमती 12,08,300 रूपये को जप्त कर थाना कोमाखान के आरोपियों के विरूद्ध धारा 20बी नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। यह सम्पूर्ण कार्यवाही महासमुंद पुलिस के द्वारा की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आईआईटी भिलाई के वर्चुअल शुभारंभ का आयोजन
रायपुर: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आईआईटी भिलाई के स्थायी परिसर का वर्चुअल माध्यम से मंगलवार को सुबह 10 बजे शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं केंद्रीय मंत्री शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय श्री धर्मेंद्र प्रधान, सांसद श्री विजय बघेल भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री इस मौके पर कवर्धा तथा कुरुद में केंद्रीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी करेंगे। इस मौके पर आईआईटी के अभिशासी मंडल के अध्यक्ष श्री के. वेंकटरमण तथा निदेशक आईआईटी प्रोफेसर राजीव प्रकाश भी मौजूद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि आईआईटी के निर्माण की आधारशिला प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 14 जून 2018 को रखी थी। इसके निर्माण का कार्य 8 जुलाई 2020 को आरंभ हुआ। आईआईटी भिलाई का परिसर 400 एकड़ में फैला है। आरंभिक रूप से इसके निर्माण के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा 1090 करोड़ 18 लाख रुपए स्वीकृत किए गए बिल्डिंग में लेक्चर हाल, सेमिनार रूम, क्लास रूम आदि बनाये गये हैं। भिलाई आईआईटी में निर्मित भवनों के नाम छत्तीसगढ़ के प्रमुख नदियों और पर्वतों के नाम पर रखे गये हैं।
सांइस कॉलेज मैदान में क्षेत्रीय सरस मेला का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आईआईटी भिलाई परिसर के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पुलिस परेड ग्राउण्ड रायपुर से सुबह 10.35 बजे हेलीकॉप्टर से देव संस्कृति कॉलेज ऑफ एजूकेशन एण्ड टेक्नोलॉजी खपरी जिला दुर्ग जाएंगे। मुख्यमंत्री वहां से कार द्वारा आईआईटी कैम्पस भिलाई पहुंचेंगे और 11 बजे से 12.30 बजे तक शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात् दोपहर 12.50 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर लौट आएंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय संध्या 7 बजे रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान खेल परिसर में आयोजित क्षेत्रीय सरस मेला का शुभारंभ करेंगे। यह मेला पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग जिला पंचायत द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों के उत्कृष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी सह-विक्रय के लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है।
बुजुर्ग व्यक्ति लापता: घर से बाहर निकले फिर लौटे नहीं
बुजुर्ग लापता
रायपुर गोवर्धन नगर गंगानगर दुर्गा चौक मकान नंबर 84 भनपुरी रायपुर से 65 वर्षी बुजुर्ग रामकृष्ण मंडल लापता हो गए हैं 11 फरवरी की शाम को घर से घूमने के लिए निकले थे उसके बाद से वापस नहीं लौटे हैं
बुजुर्ग की मानसिक दशा ठीक नहीं है ऐसे में पारिवारिक जन काफी चिंतित हैं और परेशान हैं लगातार रायपुर सहित प्रदेश के कई स्थानों में खोजबीन की है लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है बुजुर्ग के संदर्भ में फोन नंबर 808 577 0069 पर संपर्क कर जानकारी दी जा सकती है
उनकी पुत्री विभा मंडल ने आम लोगों से एक मार्मिक अपील के माध्यम से कहा है कि जिस किसी सज्जन को जानकारी हो उक्त टेलीफोन नंबर पर आवश्यक सूचना देकर मदद करें
भारतीय विश्वविद्यालय संघ के अंतर-विश्वविद्यालयीन युवा-उत्सव में भाग लेने के लिए विश्वविद्यालय की टीम मैसूर (कर्नाटका) के लिए रवाना
भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) के तत्वावधान में 37वें साउथ ईस्ट जोन अंतर-विश्वविद्यालयीन युवा उत्सव दिनांक 22.02.2024 से 26.02.2024 तक जे.एस.एस. साइंस एण्ड टेक्नालॉजी, विश्वविद्यालय, मैसुर (कर्नाटका) में भाग लेने हेतु 47 सदस्यीय टीम, टीम मैनेजर डॉ. लक्ष्मी कांत चौरे, सहायक प्राध्यापक, सेंटर फॉर बेसिक साइंस, पं. रविशंकर शुक्ल विश्विद्यालय, रायपुर, श्री रूपेश कुमार देवांगन, सहायक प्राध्यापक, शासकीय दाऊ कल्याण सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलौदाबाजार एवं डॉ. वंदना तिवारी, प्राध्यापक, दिशा महाविद्यालय, राम नगर, कोटा, रायपुर के साथ दिनांक 19.02.2024 को 02:00 बजे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला जी, कुलसचिव डॉ. शैलेंद्र कुमार पटेल, विश्वविद्यालय के कुलअनुशासक प्रो. ए.के. श्रीवास्तव एवं प्रो. राजीव चौधरी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर माननीय कुलपति जी, कुलसचिव जी, कुलअनुशासक एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण द्वारा प्रतिभागियों को शुभकामना देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
उक्त युवा उत्सव टीम दिनांक 22.02.2024 से 26.02.2024 तक जे.एस.एस. साइंस एण्ड टेक्नालॉजी, विश्वविद्यालय, मैसुर (कर्नाटका) में आयोजित 37वें साउथ ईस्ट जोन अंतर-विश्वविद्यालयीन युवा-उत्सव चयन स्पर्धा के विभिन्न विधाओं (गायन, नृत्य, थियेटर, साहित्यीक विधा एवं ललित कला) के अंतर्गत 20 प्रतियोगिता में अपना प्रदर्शन करेंगे ।
भारत सेवा फाउंडेशन और माहेश्वरी महिला समिति द्वारा ऑनलाइन वेबीनार का आयोजन किया गया
प्रधानमंत्री जी के परीक्षा पर चर्चा विषय पर देश भर से 200 एक्जाम वारियर में चयनित श्रीमती शताब्दी सुबोध पांडे ने इस परिचर्चा में बहुत ही रोचक तरीके से अपना विषय रखा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता की अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी नीता डुमरे ने,स्वागत भाषण दिया शशि बागड़ीजी ने, प्रस्तावना रखी आकाशवाणी की उद्घोषिका सीमा शर्मा ने, कार्यक्रम संचालन भारत सेवा फाउंडेशन की कार्यकारी अध्यक्ष अर्चना वोरा ने किया और धन्यवाद संयोजिका आरती दुबे ने किया,विशिष्ठ वक्ता में आहार विशेषज्ञ शीला शर्मा,माहेश्वरी महिला समिति की अध्यक्ष प्रगति कोठारी, एनसीईआरटी में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर सीमा श्रीवास्तव, डॉ भारती अग्रवाल, महाराष्ट्र मंडल की महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, पुष्टिकर समाज की महिला ट्रस्टी शेफाली पुरोहित, वनवासी कल्याण आश्रम महिला समिति की सदस्य वैजयंती कच्छप, शुभारंभ फाउंडेशन की अध्यक्ष सीमा कंटककार सिंधी समाज से माही बुलानी एवं और भी बहनों, अभिभावक, शिक्षक एवम विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री जी के वीडियो संदेश प्रसारित कर पीपीटी के माध्यम से यह कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। परिचर्चा में अभिभावको द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी विशेषज्ञो द्वारा दिए गए। आगे भी इसी तरह से अन्य विषयों पर भी वेबीनार किए जाएंगे ऐसा अर्चना वोराने बताया