छत्तीसगढ़
गुरु घासीदास लोककला महोत्सव में पचरी की पंथी पार्टी जिले की ओर से करेगी शिरकत
महासमुंद, 23 दिसम्बर। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग महासमुंद द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय खैरा के मैदान में प्रति वर्ष की भांति जिला स्तरीय गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें सतनाम पंथी पार्टी पचरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो राज्य स्तरीय गुरु घासीदास लोककला महोत्सव 2025 में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत खैरा के सरपंच श्री प्रांशु चंद्राकर तथा विशिष्ट अतिथि श्री बी के ढीढी पूर्व मंडल संयोजक रहे। इस अवसर पर ग्राम के दर्शक गण एवं विभाग की ओर से आर एन ध्रुव, सतीश घृतलहरे, पुष्कर चंद्राकर, मोहनीश वैष्णव, संदीप घृतलहरे, अमृता रायसागर, तनुजा चंद्राकर, ममता सोनी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
हर्षोल्लास से मना प्री-क्रिसमस उत्सव
महासमुंद, 23 दिसंबर। गुड शेफर्ड हायर सेकेंडरी स्कूल में प्री-क्रिसमस उत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा विद्यार्थियों में विशेष उमंग देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत में शाला के डायरेक्टर डॉ. जॉर्ज राविटे एवं डॉ. अनिता रावटे द्वारा आशीष वचन दिया गया एवं सबके उज्जवल भविष्य की कामना की। नन्हे-मुन्ने पीपी-1 के बालक-बालिकाओं द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से हुई, जिसे शिक्षिका रीना द्वारा प्रशिक्षित किया गया था।
इसके पश्चात शिक्षिका बबीता सिंग, शिवानी गंडेचा और दीपा कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रभु यीशु मसीह के जन्म पर आधारित एक सुंदर एवं भावपूर्ण नाटिका प्रस्तुत की, जिसने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। नर्सरी के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं पीपी-2 के बच्चों ने अपनी नृत्य प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
इसके अतिरिक्त कक्षा छठवीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य कार्यक्रम भी सराहनीय रहा, और बारहवीं के छात्र-छात्राओं द्वारा केरल सॉन्ग गाया गया एवं ग्यारहवीं के छात्र-छात्राओं द्वारा नाटक की प्रस्तुति दी गई। ग्यारहवीं-बारहवीं के छात्राओं द्वारा नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसकी मेज़बानी यास्मिन बेगम एवं प्रेरणा साहू ने कुशलता से की।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय के प्राचार्य एम. एस. राव सर के आशीर्वचन के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी शिक्षकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। अंत में उप-प्राचार्या मिस मिताली गुरुंग द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
पूरा कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने विद्यालय में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में क्रिसमस की खुशियों का संदेश फैलाया।
रामानुजगंज के दौरे पर पहुंचे पूर्व सीएम सिंहदेव, भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अंबिकापुर/रामानुजगंज, 19 दिसंबर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सरगुजा महराज टीएस सिंहदेव ने रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सनवाल स्थानांतरित किए जाने के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा है।
उन्होंने कहा कि आजादी से पहले स्थापित रामानुजगंज का यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की सेहत की रीढ़ रहा है। आज यहां 100 बिस्तरों का अस्पताल मौजूद है, लेकिन भाजपा शासन में डॉक्टरों की कमी, जरूरी जांच और दवाइयों की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दो दिवसीय बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दौरे पर पहुंचे पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव ने शुक्रवार सुबह रामानुजगंज स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए।
टीएस सिंहदेव ने कहा कि रामानुजगंज में 100 बिस्तरों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौजूद है, लेकिन यहां न तो पर्याप्त डॉक्टर पदस्थ हैं और न ही मरीजों को जरूरी जांच व दवाइयां समय पर मिल पा रही हैं।
उन्होंने कहा- अस्पताल भवन और बिस्तर होने से इलाज नहीं होता, इलाज के लिए डॉक्टर, दवा और जांच की सुविधा जरूरी है। इनकी भारी कमी के कारण मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों या दूरदराज के जिलों में जाना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के बजाय पुराने और स्थापित स्वास्थ्य केंद्र को सनवाल स्थानांतरित करने की तैयारी कर रही है, जो पूरी तरह अव्यवहारिक फैसला है। सिंहदेव ने स्पष्ट कहा कि यदि सनवाल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत थी, तो वहां अलग से नया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाना चाहिए था, न कि रामानुजगंज के ऐतिहासिक अस्पताल को कमजोर किया जाए।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रामानुजगंज और आसपास के सैकड़ों गांवों की आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है। डॉक्टरों की कमी और संसाधनों के अभाव में सबसे ज्यादा नुकसान गरीब, आदिवासी, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को हो रहा है। यह स्थिति भाजपा सरकार की कथित जनहितैषी नीतियों की पोल खोलती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिंहदेव ने रामानुजगंज एनीकट का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि शहर का गंदा पानी एनीकट में पहुंच रहा है और वही पानी नगर में सप्लाई किया जा रहा है, जो गंभीर स्वास्थ्य संकट को जन्म दे सकता है। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।
इससे पहले गुरुवार देर शाम रामानुजगंज पहुंचने पर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को एकजुट रखने और जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और राहुल गांधी के निर्देश पर संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, जिससे पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हरिहर यादव, पूर्व महापौर डॉक्टर अजय तिर्की, एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव प्रतीक सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अजय सोनी, महामंत्री अजय गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष मधु गुप्ता, किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विकास दुबे, वरिष्ठ नेता मनोज दुबे, अशोक जायसवाल, अशोक गोड़ विकास गुप्ता एवं अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
बाघ की करंट से हत्या, वन विभाग की लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
डीएफओ को सौंपा ज्ञापन, दोषी अफसरों पर कार्रवाई की मांग
छत्तीसगढ़ संवाददाता
प्रतापपुर, 19 दिसंबर। राष्ट्रीय पशु बाघ की मौत ने एक बार फिर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत घुई वन परिक्षेत्र के रेवटी बीट में शिकारियों द्वारा करंट लगाकर बाघ की हत्या किए जाने से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह घटना वन विभाग की घोर लापरवाही, उदासीनता और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का प्रत्यक्ष परिणाम है।
ग्रामीणों ने सूरजपुर जिला वनाधिकारी (डीएफओ) को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि जंगल और वन्य प्राणियों की सुरक्षा अब भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। क्षेत्र में कई दिनों से बाघ की हलचल देखी जा रही थी, इसके बावजूद वन विभाग ने न तो गश्त बढ़ाई और न ही कोई सतर्कता बरती। परिणामस्वरूप शिकारियों ने बाघ को करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया।
बताया गया कि रेवटी बीट में बाघ की हत्या के चार दिन बाद शव बरामद किया गया, जो विभागीय लापरवाही को और भी उजागर करता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रेवटी बीट के जिम्मेदार वन अधिकारी जयनारायण मेहता और सुनील केरकेट्टा अपने बीट में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते। वे कभी अंबिकापुर तो कभी अपने घर से ही आना-जाना करते हैं, और 15-20 दिन में एक बार कार्यालय आना भी बड़ी बात मानी जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी लचर व्यवस्था के कारण पहले भी कई वन्य जीवों और पक्षियों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक मात्र एक बीट गार्ड को निलंबित कर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि इतने बड़े मामले में अन्य जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए थी।
ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम पंचायत रेवटी के सरपंच विष्णु सिंह, पंच वार्ड क्रमांक-6 शुभम गुप्ता, पूर्व मंडल महामंत्री अवधेश गुप्ता, वार्ड क्रमांक-5 राजपाल अगरिया, नीतीश पटेल, अनिल विश्वकर्मा, सीताराम पटेल, हिमालय पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस संबंध में सूरजपुर डीएफओ दुलेश्वर साहू ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
शहीद वीर नारायण सिंह के 168वें स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
आदिवासी समाज के संघर्ष,गौरव और योगदान को किया गया नमन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 20दिसंबर।छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर नारायण सिंह के168वें स्मृति दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज के इतिहास,संघर्ष और जनकल्याणकारी परंपराओं को याद करते हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम आदिवासी छात्रावास परिवार,जरहाभाठा द्वारा आयोजित किया गया,जिसमें विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अग्रवाल ने कहा कि वीर नारायण सिंह ने अपने जीवन को आदिवासी और वंचित समाज के हितों के लिए समर्पित कर दिया। अकाल के कठिन दौर में जरूरतमंदों तक अन्न पहुंचाने का उनका साहसिक प्रयास आज भी सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना की मिसाल है। उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह का जीवन संघर्ष,त्याग और जनसेवा का प्रतीक है,जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि आदिवासी समाज के समग्र विकास के बिना राज्य की प्रगति संभव नहीं है। शिक्षा,आवास और स्वावलंबन के माध्यम से आदिवासी युवाओं को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने इस दिशा में छात्रावासों और शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक अग्रवाल ने आदिवासी छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्रावास परिवार के पदाधिकारी,स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
1,350 किलो भुना चना जब्त, गुणवत्ता जांच के लिए नमूने भेजे गए
सिरगिट्टीइंडस्ट्रियल एरिया मेंनिर्माताओं पर छापा
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 20दिसंबर।नियंत्रक,खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़के निर्देश पर जिलाखाद्य एवं औषधि प्रशासन,बिलासपुरकी टीम ने सिरगिट्टी क्षेत्र में भुना चना बनाने वाली फर्मों का छापामार निरीक्षण किया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर1लाख रुपये से अधिक मूल्य का1,350किलोग्राम भुना चना बरामद किया गया।
जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी के अनुसार,सिरगिट्टी स्थितअमित फूड प्रोडक्टसे600किलोग्राम भुना चना (अनुमानित मूल्य48हजार रुपये) औरजय भोले इंडस्ट्रीजसे750किलोग्राम भुना चना (अनुमानित मूल्य60हजार रुपये) जब्त किया गया। इसके अलावाशिवशक्ति दाल मिलसे भी भुना चना का नमूना जांच के लिए लिया गया।
जब्त सामग्री और संकलित नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिएराज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला,रायपुरभेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के बाद संबंधित सभी फर्मों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और आवश्यक सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। -
नकली पनीर फैक्ट्री का भंडाफोड़
नांदगांव के पनेका में रोज बन रहा था सैकड़ों किलो पनीर, लोगों की सेहत के साथ हो रहा था खिलवाड़
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 दिसंबर। शहर के बाहरी इलाके पनेका में एक डेयरी की फैक्ट्री में नकली पनीर बनाने का खाद्य विभाग ने भंडाफोड किया है। विभागीय दस्ते ने मौके से 460 किलो नकली पनीर भी जब्त कर नष्ट किया।
इस खुलासे से यह साफ हो गया कि फैक्ट्री संचालक लोगों के स्वास्थ्य के साथ किस कदर खिलवाड़ कर रहा था। रोज अवैध तरीके से बन रहे लाखों किलो पनीर को नकली होने की खबर से शहर में हडक़ंप की स्थिति है। यह भी स्पष्ट है कि खाद्य विभाग ने काफी देरी से फैक्ट्री का रूख किया है। जबकि शहर के भीतर सुरभि डेयरी के नाम से प्रतिष्ठान से पनीर को खपाया जा रहा था। बहरहाल लाखों किलो नकली पनीर बनाने को लेकर प्रशासन जांच कर रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक पनेका में रौनक इंटरप्राईजेस नामक एक फैक्ट्री में नकली पनीर बनाने की शिकायतें पहुंची थी। रायपुर और जिला प्रशासन की एक संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए मौके से 460 किलो नकली पनीर को जब्त किया। इसके बाद मौके पर ही पनीर को जमींदोज कर दिया गया। बताया जा रहा है कि नकली पनीर की मात्रा देखकर अधिकारी भी हैरत में पड़ गए। जांच में पाया गया कि पाम आईल और दूध पावडर से नकली पनीर तैयार किया जा रहा था। संचालक द्वारा पनीर बनाने के लिए एक बड़ी मशीन का इस्तेमाल भी किया जा रहा था।
छापामार ने पहुंची टीम को जानकारी दी गई कि शहर के अलावा आसपास के इलाकों में पनीर की सप्लाई की जाती है। अफसरों के मुताबिक कई दुकानों में उक्त संस्थान से खरीदे गए पनीर को बिना जांच-पड़ताल के बेचा गया है। संचालक से पूछताछ करते हुए टीम ने पाया कि दूध पावडर और पाम आईल का इस्तेमाल कर पनीर बाजार में बेचा जा रहा था।
बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल हुए विधायक रोहित
मनखे-मनखे एक समान के संदेश को बताया प्रासंगिक
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजिम, 19 दिसंबर। बाबा गुरु घासीदास जयंती के पावन अवसर पर 18 दिसंबर को राजिम के सतनामी पारा एवं विधायक रोहित साहू के निजग्राम पिपरछेड़ी में सतनामी समाज द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी की प्रतिमा पर माथा टेक कर आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। श्री साहू ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी केवल एक संत नहीं, बल्कि विश्व के महान समाज सुधारकों में से एक थे। उन्होंने मनखे-मनखे एक समान का संदेश देकर समाज में व्याप्त भेदभाव, ऊंच-नीच और कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने का कार्य किया। विधायक ने कहा कि बाबा द्वारा बताए गए सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलकर ही एक आदर्श और समरस समाज का निर्माण संभव है। उनके विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं।
उन्होंने जैतखाम की पूजा-अर्चना कर बाबा के संदेशों को आत्मसात करने, शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ जीवन जीने का आह्वान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सतनामी समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम में मारपीट, 3 पर जुर्म दर्ज, तीन घायल
छत्तीसगढ़ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 दिसंबर। दुर्ग जिले के भिलाई नंदिनी थाना अंतर्गत ग्राम पथरिया में गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम के दौरान विवाद कर रहे लोगों को मना करने पर मारपीट शुरू हो गई। आरोपी तीन लोगों ने यहां बीच बचाव करने आए लोगों को भी पीट दिया है। पथरिया गांव के वार्ड-2 ढीमर पारा निवासी संत कुमार बंजारे ने पुलिस को बताया कि शाम 5.30 बजे गुरु घासीदास जयंती रैली कार्यक्रम में हेमंत टण्डन, हरि प्रसाद जांगडे, राहुल जांगड़े तीनों चंद्रप्रकाश, प्रकाश बंजारे के साथ वाद विवाद कर रहे थे। संत कुमार ने आपत्ति जताते हुए उन्हें रोका कि समाज का कार्यक्रम चल रहा है वाद विवाद मत करो। इसी बात पर तीनों ने संत कुमार को जान से मारने की धमकी देते मारपीट की। बीच बचाव करने चंद्रप्रकाश, राहुल, शिवा को भी मारा। संत के माथे, गाल, चंद्रप्रकाश के दोनों कान, पेट व गुठना, प्रकाश की नाक, माथे और पैर में चोट आई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ 115(2), 296, 3(5), 351(3) के तहत जुर्म पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
योगिता सिन्हा बीजेपी महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त
छत्तीसगढ़ संवाददाता
नवापारा राजिम, 19 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी के विभिन्न पदों की सूची कल देर रात जारी की गई। जिसमें रायपुर ग्रामीण से योगिता सिन्हा की नियुक्ति प्रदेश महिला मोर्चा कार्यसमिति सदस्य के रूप में हुई है। बीजेपी प्रदेश महिला मोर्चा कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, प्रवक्ता, कोषाध्यक्ष, समन्वयक,मीडिया प्रभारी, सदस्य एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की पदस्थापना सूची में योगिता सिन्हा को प्रदेश महिला कार्यकारिणी सदस्य के पद में अहम जवाबदारी मिली है। योगिता डाक्टर के.आर.सिन्हा बीजेपी की सक्रिय कार्यकर्ता, शासकीय कन्या महाविद्यालय नवापारा में विधायक प्रतिनिधि एवं प्रतिष्ठित समाजसेवी संस्थान पृथ्वी फाउंडेशन की अध्यक्ष है। योगिता सिन्हा ने प्रदेश महिला मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नियुक्त होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव साय,भाजपा महिला प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष विभा अवस्थी, अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू,भंडार गृह निगम अध्यक्ष चंदूलाल साहू, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग समेत सभी शीर्ष भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया है।
दयालु राम प्रदेश कार्य समिति सदस्य बनाए गए
नवापारा राजिम, 19 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन द्वारा नवापारा नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष,सांसद प्रतिनिधि दयालु राम गाड़ा को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा (प्रकोष्ठ) के प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनोनीत किया गया है। उनके इस मनोनयन पर अंचल के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने दयालु राम को शुभकामनाएं दिए हैं। गौरतलब है भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पांचवीं बार प्रदेश कार्य समिति सदस्य बनाएं गए हैं। इस अवसर पर श्री गाड़ा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया है।
निरंतर अभ्यास और मेहनत से अवश्य मिलती है सफलता - विक्रांत
दो दिवसीय कबड्डी स्पर्धा के समापन में शामिल हुए जिपं उपाध्यक्ष
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 दिसंबर। खैरागढ़ जिले के ग्राम पंचायत टेकापारकला में आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह व अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा ने की।
समापन समारोह को संबोधित करते जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि इस प्रकार के ग्रामीण खेल आयोजन से पारंपरिक खेलों को बढ़ावा मिलता है और युवाओं में खेल भावना एवं अनुशासन का विकास होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों की सराहना करते कहा कि खेल में जीत-हार दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में हारने वाली टीमों को निराश न होने की सलाह देते कहा कि निरंतर अभ्यास और मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने युवाओं से खेल के माध्यम से अपने शारीरिक एवं मानसिक विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग में चयनित होने पर ग्राम टेकापारकला के युवा मनीष श्रीवास को मंच पर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि नरेश कुर्रे, संतोष वर्मा, अशोक वर्मा, हेमलाल वर्मा, भागी वर्मा, दुर्गा वर्मा, रामकुमार वर्मा, रामचंद वर्मा, चंद्रेश वर्मा, दिनु नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में खासा उत्साह देखा गया।
प्रेम व भाईचारे का संदेश सब मिलकर फैलाएंगे- सुशील शुक्ला
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अम्बिकापुर, 17 दिसंबर। प्रेम व भाईचारे का संदेश देने व आपसी मेल मिलाप बढ़ाने के उद्देश्यों को लेकर सर्वधर्म एकता मंच के बैनर तले क्रिसमस मिलन समारोह का आयोजन बिशप अंतोनिस बड़ा की अगुवाई एवं फादर थेओदोर लकड़ा के संयोजन में बिशप हाउस परिसर में सभी धर्मों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में फादर विलियम उर्रे के द्वारा इस मंच के गठन के उद्देश्य व जरूरत पर प्रकाश डाला व अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील शुक्ला ने कहा कि हमारा संविधान हमें इजाजत देता है कि स्वतंत्र रूप से हम अपने धर्म का पालन करते हुए दूसरे धर्म का भी आदर सम्मान करते हुए आपसी भाईचारे को मजबूती प्रदान करें।
सिख समाज के प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह सोढ़ी ने अपने दसवें गुरु के उपदेश को बताया कि जंग के दौरान भी घायल दुश्मन की सेवा करके गुरु ने प्रेम का संदेश दिया है।
ब्राम्हण समाज के प्रतिनिधि सतेंद्र तिवारी समेत प्रीतपाल सिंह अरोरा, मौलाना अबरार मिस्बाही, पास्टर प्रणय टोप्पो, शादाब रिजवी ने भी संबोधित कर अपने विचारों को रखा। पूरी दुनिया में जब मसीही समुदाय क्रिसमस त्योहार की तैयारी में जुटे हुए हैं, ऐसे माहौल में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने एक मंच पर आकर आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने और विभाजनकारी ताकतों से सावधान रहने का आह्वान किया।
मंच के प्रतिनिधियों ने सर्व सम्मति से ये तय किया है कि आने वाले दिनों में सभी धर्म के तीज त्योहारों पर स्वागत सत्कार व परिवारों में जाकर बधाई संदेश देकर आपसी भाईचारे को बढ़ाने काम निरन्तर हम सब मिलकर करेंगे। कार्यक्रम के दौरान त्रिभुवन सिंह, मृगेंद्र सिंह देव, अशफाक अली, राशिद खान, पार्षद कलीम अंसारी, फादर कल्यानुस मिंज, फ़ा अनिल एक्का,फ़ा अनुरंजन व सभी चर्च के प्रतिनिधि सिस्टर व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रेडक्रास कार्यालय का शुभारंभ
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सूरजपुर, 17 दिसंबर। जिला मुख्यालय सूरजपुर में लंबे इंतजार के बाद इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के जिला कार्यालय का शुभारंभ मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से पूजा -अर्चना कर किया गया।
इस दौरान रेडक्रॉस के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि कार्यालय स्थापना का मूल मंत्र मानव, जन व समाज सेवा ही है। अब यह जिला शाखा कार्यालय हर जरूरतमंदों की मदद के लिए चौबीस घंटे उपलब्ध रहेगा। हमारी प्रबंध कार्यकारणी समिति के निर्वाचित पदाधिकारी, जिला सदस्यगण के साथ पूरी टीम और सभी आजीवन सदस्यगण एक दूसरे की सहायता हेतु 365 दिवस 24 घंटे एक साथ कंधा से कंधा मिला कर हेल्पिंग हेड्स की तरह ऐसा सेवा कार्य करेंगे जो पूरे प्रदेश ही नहीं देश के लिए भी रोल मॉडल होगा।
वाइस चेयरमैन ओंकार पांडेय ने कहा कि यह कार्यालय गढ़बो सूरजपुर गढ़बो छत्तीसगढ़ के साथ करबो सेवा के नए आयाम गढ़ेगा।
कार्यालय पूजन कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, उपेंद्र दुबे, सुनील अग्रवाल (बॉबी, प्रवेश गोयल, जिला महामंत्री राजेश महलवाला, शशिकांत गर्ग, जिला पंचायत सदस्य लोकेश पैकरा, शशि तिवारी, संदीप अग्रवाल, अजय अग्रवाल (अज्जू), शहर अध्यक्ष अरविंद मिश्रा, संत सिंह, कृष्ण कुमार गोयल, दीपक गुप्ता, कपिल पांडेय, किरण खेस, ललित गोयल, विकास अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, शंकर जिंदिया, विजय राजवाड़े, जनपद सदस्य सुमित साहू, पार्षद गैबीनाथ साहू, प्रमोद तायल, ललन सोनवानी, राजू देवांगन, शिवशंकर साहू, अशोक यादव, संजू सोनी, संस्कार अग्रवाल, रंजन सोनी, कौशलेंद्र यादव, सहित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा, सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम व प्रबंध कार्यकारिणी समिति के निर्वाचित सदस्य भी सेवा के इस नए अध्याय में सहभागी बने।
इस दरम्यान वक्ताओं ने कहा कि जिला कार्यालय से आपदा प्रबंधन, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य सहायता जैसी रेडक्रॉस गतिविधियां और मजबूत होंगी। समाज के कमजोर वर्ग को त्वरित मदद मिलेगी। चेयरमैन अग्रवाल ने बताया, जल्द ही हेल्पलाइन नंबर जारी होगा। यही दवाई दुकान शुरू कर सस्ती दवाओं से जनता को राहत देंगे,साथ ही 15 दिनों में सीटी स्कैन सुविधा भी चालू कराए जाने आश्वस्त किया गया है।
ज्ञात हो कि अब तक जिला स्तर पर रेडक्रॉस कार्यालय के अभाव में आमजन को स्वास्थ्य व आपदा सेवाओं में भारी असुविधा झेलनी पड़ रही थी। अब इस जिला शाखा भवन के प्रारंभ हो जाने से जरूरतमंदों को सीधा लाभ मिलेगा।
डॉ. डीके सोनी को साइना नेहवाल के हाथों आरटीआई व पीआईएल एक्टिविस्ट अवार्ड
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 दिसंबर। राजधानी दिल्ली स्थित होटल रेडिसन ब्लू प्लाजा में आयोजित इंस्पायरिंग इंडियंस कार्यक्रम में आरटीआई और जनहित याचिका (पीआईएल) के क्षेत्र में कार्य के लिए डॉ. डी.के. सोनी को बेस्ट आरटीआई एवं पीआईएल एक्टिविस्ट अवार्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान बैडमिंटन खिलाड़ी पद्म श्री और पद्म भूषण सम्मानित साइना नेहवाल द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में आयोजकों द्वारा बताया गया कि डॉ. डी.के. सोनी को यह पुरस्कार आरटीआई और पीआईएल के माध्यम से किए गए कार्यों के आधार पर दिया गया। डॉ. सोनी के अनुसार यह उनका 48वां पुरस्कार है।
डॉ. डी.के. सोनी ने बताया कि वे पिछले दो दशकों से आरटीआई और पीआईएल के माध्यम से विभिन्न विषयों पर कार्य कर रहे हैं। उनके अनुसार उन्होंने अब तक 4800 से अधिक आरटीआई आवेदन दायर किए हैं और 18 से अधिक जनहित याचिकाएं दाखिल की हैं, जिनमें तीन मामले सुप्रीम कोर्ट में भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा दायर आरटीआई और पीआईएल के माध्यम से वन संरक्षण, मनरेगा योजना से जुड़े मामलों, कथित प्रोटोकॉल घोटाले, आदिवासी समुदायों से जुड़े मुद्दों, मजदूरी, भूमि अधिकार और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विषयों पर कार्रवाई हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने कई मामलों में बिना शुल्क लिए पैरवी की है।
डॉ. सोनी के अनुसार उनके जीवन और कार्यों पर आधारित एक हिंदी फिल्म डीके का निर्माण किया गया है, जो शीघ्र प्रदर्शित की जाएगी।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. डी.के. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें जनहित और सामाजिक न्याय से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है और वे भविष्य में भी इस दिशा में काम करते रहेंगे।
मादा भालू और दो बच्चों को सुरक्षित पकड़ा
तीनों को जंगल में छोड़ा जाएगा-वन विभाग
छत्तीसगढ़ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 17 दिसम्बर। करीब 3 माह से जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में दहशत का पर्याय बनी मादा भालू और उसके 2 शावकों को बुधवार को वन विभाग की टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। अब नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
ज्ञात हो कि मनेंद्रगढ़ रिहायशी क्षेत्र में मादा भालू और उसके दो बच्चे पिछले कुछ माह से विचरण कर रहे थे। भालू कुछ लोगों पर हमला कर उन्हें घायल भी कर चुके थे। ऐसे में वन विभाग के प्रति लोगों का आक्रोश दिनों-दिन गहराता जा रहा था।
2 दिन पहले ही 15 दिसंबर को भालुओं ने एक बुजुर्ग और एक बच्चे के ऊपर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। भालुओं के बढ़ते आतंक को देखते हुए मनेंद्रगढ़ वन विभाग ने बुधवार को भालू रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
रिंग रोड स्थित हॉटल हसदेव इन के पास पिंजर रखा गया, जिसमें दोनों शावक पिंजरा के अंदर कैद हो गए। मादा भालू अपने बच्चों को मुक्त कराने के लिए पिंजरा के पास लगातार मंडराती रही।
कानन पेंडारी बिलासपुर से आए डॉ. चंदन एवं एलिफेंट रेस्क्यू सेंटर रमकोला के डॉ. अजीत पांडेय सहित मनेंद्रगढ़ वन विभाग की टीम ने मादा भालू को वन परिसर के अंदर ट्रैंक्विलाइज किया। इसके बाद एक पिंजरे से दूसरे पिंजरे के अंदर जिसमें दोनों भालू शावक रखे गए थे उसी में मादा भालू को शिफ्ट किया गया।
भालुओं के पिंजरे में कैद होने की जानकारी मिलते ही उन्हें देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। विभाग का कहना है कि मादा भालू और उसके दोनों बच्चों को जंगल में ले जाकर छोड़ा जाएगा।
इधर भालुओं के रेस्क्यू किए जाने पर नागरिकों ने वन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।
12 साल से फाइलों में कैद बीजापुर बायपास, बढ़ता ट्रैफिक-दुर्घटनाएं और शासन की चुप्पी
तीन राज्यों को जोडऩे वाला शहर, बायपास के बिना बेहाल बीजापुर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बीजापुर, 17 दिसंबर। नगर की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित जरूरत बन चुकी बायपास सडक़ आज भी केवल कागज़ों और फाइलों तक सीमित है। बीते 12 वर्षों से बीजापुर बायपास सडक़ का प्रस्ताव सरकारी दफ्तरों में धूल खा रहा है, जबकि शहर की सडक़ों पर हर दिन बढ़ता यातायात, भारी वाहनों का दबाव और दुर्घटनाओं का खतरा आम नागरिकों की परेशानी को लगातार बढ़ा रहा है।
वर्ष 2012-13 के अनुपूरक बजट में शामिल यह बायपास परियोजना आज तक जमीन पर उतर नहीं सकी। तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा द्वारा बायपास का शिलान्यास किया गया था। इसके बाद कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष और वर्तमान भाजपा सरकार के दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य आज भी शुरू नहीं हो पाया।
बाजार और मुख्य सडक़ों पर ट्रकों का कब्जा
बायपास के अभाव में भारी मालवाहक वाहन सीधे शहर के मुख्य बाजार और रिहायशी इलाकों से होकर गुजरते हैं। इससे रोजाना जाम की स्थिति बनती है, व्यापार प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया चालकों के लिए यह मार्ग लगातार जोखिम भरा होता जा रहा है।
47.66 करोड़ की योजना, फिर भी अधर में
प्रस्तावित बायपास बीजापुर बस स्टैंड से तुमनार होते हुए लगभग 10 किलोमीटर लंबा है, जिसकी स्वीकृत लागत 47.66 करोड़ रुपए बताई गई है। इस परियोजना के लिए कुल 19.095 हेक्टेयर राजस्व व निजी भूमि शामिल है। 44 निजी भूमिस्वामियों को जमीन के बदले जमीन और मुआवजा भी दिया जा चुका है, इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं हो सका। मुख्य अड़चन वन भूमि बनी हुई है। बायपास मार्ग में 19.503 हेक्टेयर फॉरेस्ट लैंड आ रही है, जिसके बदले दूसरी जगह भूमि उपलब्ध करानी थी। तत्कालीन कलेक्टर द्वारा जांजगीर-चांपा में भूमि देने का प्रस्ताव भी रखा गया, लेकिन वह भी ठंडे बस्ते में चला गया। इसके बाद भोपालपट्टनम क्षेत्र के तारुड़ बीट, भद्राकाली पीएफ 876 (कुल रकबा 271.155 हेक्टेयर) में से 40 हेक्टेयर भूमि चयनित कर 10 सितंबर 2025 को संयुक्त डीजीएस सर्वे किया गया। सर्वे के बाद वन विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन पीएफ वन क्षेत्र होने के कारण वन व्यपर्वतन की अनुमति निरस्त कर दी गई। इसी कारण यह योजना पिछले 12 वर्षों से पीडब्ल्यूडी विभाग में अटकी हुई है।
यह सिर्फ सडक़ नहीं, शहर की जरूरत है
बीजापुर के व्यापारी, समाजसेवी और आम नागरिक अब इस मुद्दे पर एकजुट होते दिख रहे हैं। उनका कहना है कि बायपास केवल एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा, सुव्यवस्थित यातायात और व्यापारिक भविष्य से जुड़ा सवाल है।
ईश्वर सोनी, अध्यक्ष व्यापारी संघ, बीजापुर का कहना है-भाजपा और कांग्रेस दोनों सरकारों के समय हमने निवेदन किया। जमीन भी दिखाई गई, कुछ लोगों को मुआवजा भी मिला, लेकिन पता नहीं क्यों इस योजना को गंभीरता से आगे नहीं बढ़ाया गया। पी. राकेश, व्यापारी का कहना है कि बीजापुर में बायपास अब अनिवार्य हो गया है। भारी वाहनों की संख्या बढ़ चुकी है। खासकर स्कूली बच्चों के लिए रोज़ाना सडक़ पार करना जोखिम भरा हो गया है।
प्रेम बाफना, व्यापारी कहते हैं-कुछ साल पहले इस योजना को लेकर हलचल थी, लेकिन अब सब शांत है। नगरवासियों की साफ मांग है बायपास बने, ताकि दुर्घटनाओं से निजात मिले।
राजू गांधी, समाजसेवी का कहना है कि बीजापुर अब पहले जैसा नहीं रहा। यह अंतरराज्यीय मार्ग है। नगरनार से लोहा लेकर रोज़ सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। सडक़ें इस दबाव को झेल नहीं पा रहीं।
दिलु केला, व्यापारी कहते हैं कि भारी वाहन डिवाइडर और खंभे तोड़ते हुए निकल जाते हैं। इससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। बायपास का काम तुरंत शुरू होना चाहिए।
अशोक लुंकड़, व्यापारी का कहना है-हम वर्षों से बायपास की मांग कर रहे हैं। वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन का ध्यान अब तक इस ओर नहीं गया। इस बारे में लोक निर्माण विभाग बीजापुर के कार्यपालन अभियंता एसएस मरकाम ने बताया कि फारेस्ट क्लियरेंस नही होने के चलते कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि इसी वजह से प्रस्तावित बायपास सडक़ का टेंडर भी होल्ड है।