छत्तीसगढ़ /

सुकमा में कांकेर सांसद भोजराज नाग ने किया ध्वजारोहण

छत्तीसगढ़ संवाददाता सुकमा, 27 जनवरी। 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कांकेर सांसद भोजराज नाग ने सुकमा जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। उन्होंने कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण एवं परेड कमांडर के साथ सुसज्जित वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके पश्चात नाग ने प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संदेश का वाचन किया। इसके बाद तिरंगे के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। शहीदों के परिजनों का सम्मान समारोह में नाग ने नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया और उनके साथ सम्मानस्वरूप फोटोग्राफ्स खिंचाया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांसद भोजराज नाग ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 50 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आदिवासी विकास विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को झांकी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।आज के झांकी प्रदर्शन में प्रथम स्थान पर आदिवासी विकास विभाग, द्वितीय स्थान पर महिला एवं बाल विकास विभाग और तृतीय स्थान पर शिक्षा विभाग को पुरस्कार प्रदान किया गया। सुकमा जिले में आयोजित 76वां गणतंत्र दिवस गरिमामय रूप से मनाया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम (सामूहिक नृत्य) में प्रथम स्थान आकार आवासीय विद्यालय सुकमा, द्वितीय स्थान सेजेस बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा और तृतीय स्थान मदर टेरेसा इंग्लिश स्कूल सुकमा को घोषित किया गया। परेड कमांडर डीएसपी मोनिका श्याम और सहायक परेड कमांडर 2वाईसी निरीक्षक पद्मा जगत के नेतृत्व में मुख्य अतिथि को सलामी दी गयी। परेड प्रदर्शन सीनियर विंग में प्रथम स्थान सीआरपीएफ, द्वितीय स्थान जिला महिला पुलिस बल तथा तृतीय स्थान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को प्राप्त हुआ। इसी तरह परेड जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल सुकमा, द्वितीय स्थान कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा और तृतीय स्थान पर आईएमएसटी स्कूल सुकमा का रहा। गणतंत्र दिवस समारोह में जिला पंचायत सीईओ नम्रता जैन, अपर कलेक्टर गजेन्द्र ठाकुर, एडिशनल एसपी अभिषेक वर्मा, राज्य महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, गणमान्य जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, अरूण सिंह भदौरिया, विश्वराज सिंह चौहान, हुंगाराम मरकाम, मनोज देव, नुपुर वैदिक, कोरसा सन्नू, जगन्नाथ साहू, आयशा हुसैन, डमरूराम नाग, दिलीप पेद्दी सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image