छत्तीसगढ़ /

इंद्रावती में नाव पलटी, मां-बेटे की मौत, दो अब भी लापता

छत्तीसगढ़ संवाददाता बीजापुर, 22 जनवरी। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ तहसील क्षेत्र के इंद्रावती नदी के झिल्ली घाट में बुधवार शाम नाव पलटने से लापता चार लोगों में से दो के शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिए गए हैं। मृतकों की पहचान महिला पोदिया वेक्को और उसके एक वर्षीय पुत्र राकेश के रूप में हुई है। वहीं महिला पोदिया के ससुर भादू वेक्को और सुनीता कोवासी अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश नगर सेना की टीम द्वारा जारी है। तहसीलदार सूर्यकांत धरत ने बताया कि ग्राम बोडग़ा के ग्रामीण गुरुवार को इंद्रावती नदी पार कर उसपरी बाजार आये हुए थे। शाम को बाजार से लौटते समय झिल्ली घाट के पास नाव असंतुलित होकर पलट गई। नाव में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से दो लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बचा लिया, जबकि चार लोग नदी के तेज बहाव में बह गए। तहसीलदार धरत ने आगे बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे घटना स्थल से लगभग 400 मीटर दूर नदी से मां-बेटे के शव बरामद किए गए। शेष दो लापता लोगों की खोजबीन के लिए नगर सेना की टीम द्वारा लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने नदी पार करने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image