उमावि खड़पड़ी में शिक्षक दिवस समारोह
|
07 Sep 2026
कोंडागांव, 6 सितंबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़पड़ी (विकासखंड कोंडागांव) में शिक्षक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राचार्य नीलम सिंह ठाकुर एवं अन्य आगंतुक अतिथियों द्वारा मां सरस्वती तथा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
अध्यक्षीय संबोधन में संकुल समन्वयक राजमन कश्यप ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन वृत्त का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका जन्म 5 सितंबर 1888 को तमिलनाडु के तिरुत्तनी में हुआ था। उन्होंने मद्रास क्रिश्चियन कॉलेज से दर्शन शास्त्र में स्नातकोत्तर (एम.ए.) की उपाधि प्राप्त की और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्य अतिथि प्राचार्य नीलम सिंह ठाकुर ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन ने मैसूर, कोलकाता और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में अध्यापन कार्य किया तथा वर्ष 1939 से 1948 तक बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति रहे।
व्याख्याता भारत राम मंडावी ने डॉ. राधाकृष्णन के प्रशासनिक व सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि वे 1952 से 1962 तक भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति तथा 1962 से 1967 तक राष्ट्रपति पद पर रहे। वर्ष 1954 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उन्होंने बताया कि डॉ. राधाकृष्णन की इच्छा के अनुरूप ही वर्ष 1962 से उनके जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन चंद्र कुमार कोराम ने किया तथा आभार प्रदर्शन व्याख्याता प्रमोद कुमार राठौर द्वारा किया गया। आयोजन में सुरेश कुमार कुजूर (विज्ञान सहायक), कमला जोशी (प्रधानाध्यापक), श्रीयादेवी ठाकुर (शिक्षक), दिव्या ठाकुर (शिक्षक) सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।