कांग्रेस का चीनी सत्याग्रह, धरना-प्रदर्शन
|
07 Sep 2026
सुकमा, 6 सितंबर। चीनी के दामों में हुई वृद्धि और महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा द्वारा जिला मुख्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मुख्य मार्ग पर चीनी सत्याग्रह करते हुए धरना-प्रदर्शन किया गया।
जिला अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और चीनी की थैलियां लेकर केंद्र तथा राज्य सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की।
नगर अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन बाबा ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि रसोई गैस, खाद्य तेल और दालों के बाद अब चीनी के दाम बढऩे से आम नागरिकों और त्यौहारों के समय गरीब व आदिवासी परिवारों पर वित्तीय बोझ पड़ा है।
उन्होंने चीनी के बढ़े हुए मूल्य तुरंत वापस लेने की मांग की और चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर आंदोलन का विस्तार ब्लॉक और ग्रामीण स्तर तक किया जाएगा।
इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, नगर कांग्रेस के पदाधिकारी, स्थानीय पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।