खुले में कचरा डंप का विरोध, वार्डवासियों और पार्षदों का प्रदर्शन
|
07 Sep 2026
सुकमा, 6 सितंबर। जिला मुख्यालय सुकमा के वार्ड क्रमांक 6 में नगर पालिका द्वारा खुले में कचरा डंप किए जाने के विरोध में स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष आयशा हुसैन और नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन बाबा सहित वार्डवासी शामिल हुए।
डंपिंग ग्राउंड में विरोध प्रदर्शन के उपरांत प्रदर्शनकारियों द्वारा कचरे से लदे ट्रैक्टर को नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर ले जाया गया, जहां कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया। नगर पालिका प्रशासन एवं अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के पश्चात आंदोलन समाप्त हुआ।
नेता प्रतिपक्ष आयशा हुसैन ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड में जमा कचरे और उससे निकलने वाले धुएं से वार्डवासियों तथा पशुओं को परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मांग की कि डंपिंग ग्राउंड को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए और कचरा जलाना बंद किया जाए।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन बाबा ने पूरे शहर का कचरा एक ही वार्ड में डंप किए जाने की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया।
इस विरोध प्रदर्शन में पार्षद शेख नजीर सहित वार्ड के महिला व पुरुष उपस्थित थे।