उमावि में मना अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस
|
10 Sep 2026
कोंडागांव, 9 सितंबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गिरोला में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अविनाश भोई के दिशानिर्देश तथा जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान के मार्गदर्शन में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
संपूर्ण विश्व में निरक्षरता को समाप्त करने के उद्देश्य से सन् 1966 से यूनेस्को द्वारा अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस प्रत्येक वर्ष 8 सितंबर को मनाया जाता है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस की 60वीं वर्षगांठ मेक्सिको में वैश्विक स्तर पर मनाई जा रही है।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत मैदान में उल्लास मानव श्रृंखला बनाकर साक्षर भारत का बनाने का संदेश दिया तथा कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साक्षरता अपनाएँ, देश को आगे बढ़ाएँ, हर व्यक्ति पढ़े, हर परिवार बढ़े जैसे नारे लगाये। कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी डी एस पोटाई , सहायक नरेश ठाकुर की उपस्थिति में विद्यालय प्राचार्य संजय कुमार राठौर द्वारा विद्यार्थियों को सक्षारता की शपथ दिलाई गई । कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने साक्षर एवं जागरूक भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार के प्रयास की सराहना करते हुए डी एस पोटाई ने कहा साक्षरता केवल पढऩा-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने का माध्यम है।