मेकॉज में अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर का लोकार्पण, स्वास्थ्य मंत्री ने की कई घोषणाएं
|
11 Sep 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
जगदलपुर, 10 सितंबर। स्वर्गीय बलिराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से सम्बद्ध शहीद महेंद्र कर्मा स्मृति चिकित्सालय में निर्मित नए ट्रॉमा सेंटर का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल थे तथा अध्यक्षता वन मंत्री केदार कश्यप ने की।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वर्गीय बलिराम कश्यप के दूरदर्शी योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से स्थापित यह संस्थान आज पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा बन चुका है। उन्होंने बताया कि जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से 90 सीटों पर पैरामेडिकल पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। पूरे राज्य में 630 पदों के साथ 26 से 27 नए पैरामेडिकल कोर्स संचालित होंगे। जगदलपुर में 100 बिस्तरों की क्षमता वाले मानसिक चिकित्सालय को अगले दो से तीन महीनों में क्रियाशील करने का लक्ष्य रखा गया है। महारानी अस्पताल (जगदलपुर) और सुकमा स्थित अटल आरोग्य लैब में 136 प्रकार की जांचें नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अस्पताल परिसर में किचन शेड, शौचालय और चिकित्सकों के लिए आवासीय क्वार्टर निर्माण की मंजूरी दी गई है। इसके अतिरिक्त, राज्य में प्रतिवर्ष 3,000 डॉक्टर तैयार करने के लक्ष्य के तहत नए मेडिकल कॉलेजों के साथ 14 नर्सिंग और 7 फिजियोथेरेपी कॉलेज स्वीकृत किए गए हैं।
वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार (जगदलपुर, कांकेर और दंतेवाड़ा मेडिकल कॉलेज) का उल्लेख करते हुए मेडिकल छात्रों को अंदरूनी क्षेत्रों में सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया।
चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने सुरक्षा एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. प्रदीप बेक ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडे, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, जनपद अध्यक्ष रामबती भंडारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, कमलचंद भंजदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित थे।