छत्तीसगढ़ /

नक्सल डंप से बीजीएल कलपुर्जे, ग्रेनेड और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

छत्तीसगढ़ संवाददाता बीजापुर, 10 सितंबर। बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत बीजापुर पुलिस और सुरक्षा बलों को नक्सल डंप बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। विगत सप्ताह अलग-अलग क्षेत्रों में चलाए गए सर्चिंग अभियानों के दौरान बीजीएल बैरल ग्रेनेड लॉन्चर के कलपुर्जे, ग्रेनेड, तीर बम, डेटोनेटर और नॉन-इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। ताड़पाल क्षेत्र में बरामदगी एफओबी ताड़पाल क्षेत्र में सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन द्वारा ताड़पाल पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पत्थरों और जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 105 बीजीएल राउंड कंपोनेंट्स, एक बीजीएल नोज, दो लोहे के पाइप, एक एल्युमिनियम पतीला तथा लेथ मशीन का हैंडल बरामद किया गया। इंडरीपाल जंगल से ग्रेनेड और तीर बम बरामद 5 सितंबर को डीआरजी और थाना मिरतुर की संयुक्त टीम ने इंडरीपाल जंगल में सर्चिंग के दौरान नक्सल डंप का पता लगाया। यहां से दो नग ग्रेनेड और पांच नग तीर बम बरामद किए गए। बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बीडीएस टीम द्वारा मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया। डुमरीपलनर जंगल से डेटोनेटर और वायर बरामद 6 सितंबर को डीआरजी एवं थाना मिरतुर पुलिस की संयुक्त टीम ने डुमरीपलनर जंगल में अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सात बंडल नॉन-इलेक्ट्रिक वायर और छह नग डेटोनेटर बरामद किए गए। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से माओवादी संगठनों द्वारा जंगल क्षेत्रों में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और युद्धक सामान बरामद हो रहे हैं। पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सर्चिंग और नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है।

Leave Your Comment

Click to reload image