‘इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड’ विजेता विनायक कोहली का कलेक्टोरेट में सम्मान
|
11 Sep 2026
कोण्डागांव, 10 सितंबर। ऑक्सफोर्ड सईद बिजनेस स्कूल एवं शिव नादर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड्स 2026 में भूगोल श्रेणी का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कोण्डागांव के सामाजिक विज्ञान शिक्षक विनायक कोहली का कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत के सीईओ अविनाश भोई और अपर कलेक्टर अजय उरांव उपस्थित थे।
विनायक कोहली ने बताया कि पुरस्कार हेतु देशभर से 9,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। तीन चरणों की चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में दिल्ली में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों के समक्ष प्रस्तुतीकरण के आधार पर उनका चयन हुआ।
प्रस्तुतीकरण के दौरान उन्होंने सामाजिक विज्ञान प्रयोगशाला, बस्तर आर्ट म्यूजियम कॉर्नर, रोल-प्ले, मैपिंग गतिविधियों और कला-एकीकृत शिक्षण (भरतनाट्यम) जैसी नवाचार पद्धतियों की जानकारी साझा की।
उन्होंने बाल मनोविज्ञान और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप अनुभवात्मक व गतिविधि-आधारित शिक्षण अपनाने तथा बच्चों में मोबाइल पर अत्यधिक निर्भरता को नियंत्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जिले के समस्त प्राचार्यों को अपने-अपने विद्यालयों में भूगोल प्रयोगशालाएं स्थापित करने हेतु कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के सामाजिक विज्ञान, भूगोल, इतिहास एवं कला शिक्षकों के लिए एक कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए गए, जिसमें विनायक कोहली अपने शिक्षण अनुभवों को साझा करेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।