छत्तीसगढ़ /

सडक़ सुरक्षा की अनोखी पहल, बस्तर के 4 प्रमुख गांवों में खुला हेलमेट बैंक

छत्तीसगढ़ संवाददाता जगदलपुर, 10 सितम्बर। सडक़ दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक अत्यंत सराहनीय और नवाचारी कदम उठाया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में हुई इस विशेष कार्यवाही के तहत जिले के जगदलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के चार महत्वपूर्ण ग्रामीण क्षेत्रों करंदोला, बालेंगा, कुदालगांव और घाट लोहंगा में हेलमेट बैंक की स्थापना की गई है। अनुविभागीय दंडाधिकारी बस्तर गगन शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के करंदोला, बालेंगा और कुदालगांव राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर स्थित हैं, जहां दिन-रात तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे व्यस्ततम मार्ग पर दोपहिया चालकों के लिए दुर्घटना का जोखिम हमेशा अधिक रहता है, जिसे देखते हुए इन तीनों स्थानों पर हेलमेट बैंक की शुरुआत स्थानीय राहगीरों को तत्काल एक मजबूत सुरक्षा कवच प्रदान करेगी। वहीं दूसरी ओर घाट लोहंगा क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने रोजमर्रा के कामकाज, व्यापार और आवश्यक सेवाओं के सिलसिले में नियमित रूप से जगदलपुर शहर आते-जाते हैं। ग्रामीण अंचलों में अक्सर हेलमेट की सहज उपलब्धता न होने के कारण लोग बिना सुरक्षा के ही यात्रा पर निकल पड़ते हैं, लेकिन अब इस नई व्यवस्था से वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले आसानी से हेलमेट प्राप्त कर सकेंगे। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल का मुख्य ध्येय केवल यातायात नियमों का पालन कराना ही नहीं, बल्कि आमजन के जीवन की रक्षा करना और उनमें सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाना है। जिसकी स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भी खूब सराहना की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image