एसी-फ्रिज रिपेयरिंग दुकान में लगी आग
|
14 Sep 2026
रिहायशी इलाके में गैस से भरी दुकान में हुए धमाके
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 14 सितंबर। महासमुंद शहर के इमलीभाठा (वार्ड-10) स्थित एक एसी-फ्रिज रिपेयरिंग सेंटर में रविवार दोपहर आग लग गई। बंद दुकान के भीतर रखे कंप्रेसर एवं गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने से दुकान का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में कोई जनहानि दर्ज नहीं की गई है। बालाजी मेडिकल स्टोर के मालिक के मकान में हिच्छापोटिया निवासी धनेश निषाद पिछले 5-6 वर्षों से किराए पर वर्कशॉप का संचालन कर रहे थे।
रविवार अवकाश के कारण दुकान बंद थी। दोपहर लगभग 12 बजे अंदर से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने शटर तोडक़र पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर अग्निशमन कार्यालय होने के बावजूद, संकरी गली के कारण बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ी मौके पर प्रवेश नहीं कर सकी। तत्पश्चात छोटी दमकल गाड़ी बुलाई गई, जिसे पानी समाप्त होने पर रिफिलिंग हेतु जाना पड़ा। नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने शहर में संचालित ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग की है। वहीं नगर पालिका सीएमओ सौरभ शर्मा ने इससे संबंधित किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया।
घटना के बाद गंज रोड और रेलवे स्टेशन रोड जैसे घनी आबादी व संकरी गलियों वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में संचालित पटाखा होलसेल दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था एवं वहां आपातकालीन वाहनों की पहुंच को लेकर भी चिंता जताई गई है।
विधायक ने घटनास्थल का लिया जायजा
रविवार को नगर के इमलीभाठा क्षेत्र में एक दुकान में आगजनी की जानकारी मिलते ही महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। आगजनी से आसपास के निवासियों में भय का माहौल बन गया। विधायक श्री सिन्हा ने आसपास के निवासियों से मुलाकात की। उन्हें आश्वस्त किया कि वे हरसंभव मदद के लिए उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने लोगों से आगजनी के संबंध में जानकारी ली। साथ ही उन्हें घटनास्थल से दूर सुरक्षित रहने भी कहा। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क कर घटना के संबंध में चर्चा की। साथ ही उक्त घटना में हर संभव सहायता देने के लिए उन्हें निर्देशित भी किया।
इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा नेता संदीप घोष, गोविंद ठाकुर, एल्डरमैन हनीश बग्गा सहित अन्य उपस्थित थें।
विस्फोटों के बीच आग बुझाते दिखे पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू
शहर के इमली भाठा में हुई आगजनी ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी थी। दुकान में रखे एसी और फ्रिज की गैस लगातार ब्लास्ट कर रही थी। हर धमाके के साथ आग और भडक़ रही थी। फायर ब्रिगेड के आने से पहले लोग डर के कारण दूर से ही बाल्टियों से पानी फेंक रहे थे, पास जाकर पानी डालने की किसी में हिम्मत नहीं थी।
इस दौरान वहां उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने साहस कर आगे आए और पार्षद जय देवांगन, शकील खान, बाबू भाई तथा कुछ अन्य युवाओं के साथ आग के बिल्कुल करीब पहुंच गए। लगातार हो रही ब्लास्टिंग के बीच उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा। उनके इस साहसिक प्रयास से आग को आसपास की दुकानों और अन्य घरों में फैलने से रोका जा सका। इस दौरान मोहल्लेवासियों ने भी आग बुझाने में मदद की।