छत्तीसगढ़ /

जरही-भटगांव में भाजपा की मासिक बैठक और सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला

सेवा पखवाड़ा, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां छत्तीसगढ़ संवाददाता जरही/भटगांव,14 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी सूरजपुर जिला संगठन के निर्देश पर 9 सितंबर को भाजपा मंडल जरही एवं भटगांव में मासिक बैठक के साथ सेवा पखवाड़ा एवं सेवा संकल्प अभियान को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह, रमेश गुप्ता, जिला महामंत्री अशोक सिंह सहित दोनों मंडलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला में मंडल प्रभारी ललित गोयल एवं वक्ता राजेश अग्रवाल ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि गुजरात के वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी तक यात्रा निकाले जाने की जानकारी भी दी गई। यात्रा विभिन्न राज्यों और जिलों से होकर गुजरेगी तथा 17 अक्टूबर को वाराणसी में इसका समापन प्रस्तावित है। बैठक में अभियान को मंडल व जिला स्तर तक सीमित न रखते हुए बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इसके तहत स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृहद पौधरोपण, स्वास्थ्य शिविर, दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण वितरण तथा जरूरतमंदों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने जैसे कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया। 17 सितंबर को हर घर में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने और आशीर्वाद अर्पित करने का भी आह्वान किया गया। कार्यकर्ताओं से पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और लाभ दिलाने में सहयोग करने कहा गया। मासिक बैठक में शक्ति केंद्रों और बूथ स्तर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारियां तय की गईं।

Leave Your Comment

Click to reload image