छत्तीसगढ़ /

ज्ञानगुड़ी की छात्रा कृष्णा सेन का एमबीबीएस में चयन

कलेक्टर ने भेंट किया टैबलेट छत्तीसगढ़ संवाददाता जगदलपुर, 16 सितंबर। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से संचालित ज्ञानगुड़ी केंद्र के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का लोहा मनवाया है। ज्ञानगुड़ी से नि:शुल्क मार्गदर्शन और कोचिंग प्राप्त कर बांदे की होनहार छात्रा कृष्णा सेन ने प्रतिष्ठित एमबीबीएस पाठ्यक्रम में चयन हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस ऐतिहासिक सफलता पर बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने छात्रा की प्रतिभा और लगन की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप एक टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया। सफलता की यह कड़ी केवल एक छात्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इस वर्ष ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों ने काउंसलिंग के पहले ही चरण में राज्य की चार महत्वपूर्ण एमबीबीएस सीटों पर कब्जा जमाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सीमित संसाधनों के बीच दूरस्थ अंचलों के युवाओं को डॉक्टर और अधिकारी बनने का अवसर प्रदान कर रहा यह संस्थान बस्तर में सकारात्मक बदलाव की नई इबारत लिख रहा है। उल्लेखनीय है कि ज्ञानगुड़ी केंद्र में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को नीट, नर्सिंग, पीएटी जैसी व्यावसायिक परीक्षाओं के साथ-साथ एसएससी, रेलवे और बैंकिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क उच्चस्तरीय तैयारी कराई जाती है। सम्मान और उत्साहवर्धन के इस गरिमामय अवसर पर सहायक कलेक्टर यशवंत नाइक, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, एपीसी राकेश खापर्डे, ज्ञानगुड़ी नोडल अधिकारी अलेक्जेंडर एम. चेरियन तथा संजीव बिस्वास विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों ने कृष्णा सेन को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अन्य युवाओं को भी इस उपलब्धि से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image