गौवंश को कुचलकर फरार ट्रक चालक बंदी
|
17 Sep 2026
कांकेर, 16 सितंबर। चारामा थाना क्षेत्र में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक ट्रक चलाकर गौवंश को कुचलने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया था। चारामा पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी को ट्रक समेत पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात करीब 11.30 बजे कानापोड़ के पास ट्रक क्रमांक सीजी-04-एनएम-9092 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सडक़ पर मौजूद गौवंश को कुचल दिया। हादसे में गौवंश की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मामले की रिपोर्ट पर चारामा थाने में अपराध क्रमांक 192/26 दर्ज कर धारा 281, 325, 299 बीएनएस एवं 11(1)(क) पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने फरार चालक और वाहन की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने वाहन की लगातार पतासाजी की। 15 सितंबर को पुलिस ने ट्रक को हिरासत में लेकर चालक से पूछताछ की।
आरोपी की पहचान हितेश्वर यादव निवासी पर्रेगुड़ा करहीबदर, जिला बालोद के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद ट्रक को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।