छत्तीसगढ़ /

सेवा संकल्प अभियान: सवा लाख दीयों से जगमगाएगा जगदलपुर

छत्तीसगढ़ संवाददाता जगदलपुर, 16 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक व प्रशासनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में सेवा संकल्प अभियान की ऐतिहासिक शुरुआत होने जा रही है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत नगर के हृदय स्थल माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर एवं सिरहासार चौक पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहाँ एक साथ सवा लाख दीये प्रज्वलित कर पूरे परिसर को अलौकिक रोशनी से सराबोर किया जाएगा। इस विशाल आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से मंगलवार को महापौर संजय पाण्डे, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने संयुक्त रूप से सिरहासार चौक का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच सज्जा, दीप प्रज्वलन की श्रृंखला तथा जनसहभागिता के सुगम आवागमन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। पूरे एक माह चलने वाले इस सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक जनसेवा पहुँचाना है, जिसके तहत बस्तर भर में स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, सामाजिक सरोकार के कार्य और विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर एवं सिरहासार चौक पर सवा लाख दीपों का यह प्रज्वलन न केवल प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता प्रकट करेगा, बल्कि बस्तर में शांति, विकास और जनसहभागिता के एक नए युग का उल्लास भी बिखेरेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image