पुनर्वासित हितग्राही हासिल करें स्वरोजगार - रूप सिंह
|
18 Sep 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 17 सितंबर। राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष, रूप सिंह मंडावी ने लाइवलीहुड कॉलेज का जायजा बृहस्पतिवार को लिया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से संवाद कर उनसे फीडबैक लिया।
उन्होंने पुनर्वासित और एनसीएचएचडी के हितग्राहियों से मुलाकात कर उनके प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार की जानकारी ली। उनके प्रशिक्षण अनुभव, रोजगार की संभावनाओं एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा की। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्ष ने कौशल विकास के माध्यम से युवाओं एवं हितग्राहियों को रोजगार और स्वरोजगार से जोडऩे के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं लाइवलीहुड कॉलेज द्वारा कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी प्रशिक्षार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के अवसर युवाओं को नई दिशा देने के साथ उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।