छत्तीसगढ़ /
बाइक-स्कूटी में भिड़ंत, एक की मौत, 4 जख्मी
एक घंटा एनएच जाम, अंबिकापुर से बतौली आने में ढाई घंटे लगा एंबुलेंस को
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बतौली, 23 मार्च। शनिवार सुबह अंबिकापुर-बतौली नेशनल हाइवे 43 पर बाइक और स्कूटी में जबरजस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं चार अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सडक़ हादसे में घायलों को एक घंटे बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में उपचार मिल सका, वही गंभीर रूप से घायल सवार को अंबिकापुर रेफर किया गया। दुर्घटना के ढाई घंटे बाद अम्बिकापुर से एम्बुलेंस बुलाकर गंभीर को मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर भेजा गया। घायल प्रभु की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर एक घंटे तक एनएच जाम रहा।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह नेशनल हाइवे पर बतौली पुल के पास बाइक के उछलकर अनियंत्रित होने के कारण घटना हुई। बाइक सवार जशपुर जिले के पंडरापाट थाना अंतर्गत गेरसा निवासी देवधारी नगेसिया अपनी पत्नी के भाई प्रभु एवं सुरजो बाई 40 वर्ष को लेकर सुबह दशगात्र कार्यक्रम से वापस घर लौट रहे थे। बतौली पहुंचने से पहले पुल में तेज रफ्तार बाइक उछलकर सामने से जा रही स्कूटी सवारों से टकरा गई। टक्कर से स्कूटी सवार मनोज गुप्त 50 वर्ष और मनोज गुप्ता पिता स्व. पारस नाथ गुप्ता 48 वर्ष गिर गए। हादसे में बाइक के तीनों सवार सडक़ पर उछलकर जा गिरे। हादसे में सिर में गंभीर चोट के कारण देवधारी की मौके पर मौत हो गई। वहीं प्रभु के सिर में भी गंभीर चोट आईं। सुराजो, मनोज गुप्त और मनोज गुप्ता के हाथ पैर में चोटें आई हैं।
मौके पर पहुंचे एसडीएमने घायलों को भेजा अस्पताल
दुर्घटना के करीब 15 मिनट बाद सीतापुर से अंबिकापुर जा रहे सीतापुर एसडीएम रवि राही मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस के लिए बीएमओ को फोन किया, परंतु एम्बुलेंस के ड्राइवर उपलब्ध नहीं होने के कारण एसडीएम ने अपने बोलेरो के चालक को घायलों को अस्पताल पहुंचाने कहा। मौके पर डायल 112 की वाहन पहुंच गई तो उसमें घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली तक पहुंचाया गया।
एक घंटे में लग गया जाम, सैकड़ों वाहन के लगे कतार
साढ़े दस बजे दुर्घटना हुई और घायलों को अस्पताल ले जाते साढ़े ग्यारह बजे गए। इस एक घंटे में सडक़ के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई। दोनों ओर एक-एक किलोमीटर तक वाहन खड़े हो गए।
गौरतलब है कि रास्ट्रीय राज्यमार्ग 43 झारखंड, बंगाल, ओडिशा, दक्षिण राज्य के साथ यूपी, बिहार और दिल्ली को जोड़ता है। सघन आवागमन होने के कारण प्रतिदिन 3000 से ज्यादा वाहन इस राष्ट्रीय राज्यमार्ग से गुजरती है। एक घण्टे में ही सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई।
रेफरल सेंटर बना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
राष्ट्रीय राज्यमार्ग 43 पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य बतौली में 30 बिस्तर की चिकित्सा सुविधा है। दो बेड की आईसीयू है, परन्तु कभी भी एक से ज्यादा चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहते। शनिवार को दुर्घटना में पांच घायल एक साथ पहुंचे जिन्हें उपचार चालू करने में एक घंटे से ज्यादा लग गया तब तक घायल कराह रहे थे। गंभीर रूप से घायल प्रभु को वार्ड के एक बेड में लिटा कर भगवान भरोसे छोड़ दिया गया था। पूछने पर बताया गया कि अम्बिकापुर रेफर कर दिया गया है अब वहीं उसका इलाज होगा।
एम्बुलेंस कंडम अवस्था में
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में एक शव वाहन,एक महतारी एक्सप्रेस,एक हाट बाजार एम्बुलेंस के साथ एक एम्बुलेंस है। बतौली को प्रदाय की गई 108 एम्बुलेंस और एक अन्य एम्बुलेंस कंडम अवस्था में अस्पताल परिसर में खड़ी है । एक एम्बुलेंस से बीएमओ दौरे पर थे।परिसर में हाट बाजार एम्बुलेंस और महतारी एक्सप्रेस खड़ी थी परन्तु ड्राइवर नही होने से घायलों को लेने 3 किलोमीटर तक नहीं जा सकी।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने किया था औचक निरीक्षण
क्षेत्रीय विधायक रामकुमार टोप्पो ने एक माह पूर्व आधी रात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली का औचक निरीक्षण किया था।जिसमे कई खामियों की ओर ध्यान आकर्षित किया गया था।जिसमें चिकित्सक की अनुपस्थिति, एम्बुलेंस की कंडम हालत की बात सामने आई थी।विधायक ने चिकित्सकों को हर समय उपलब्ध रहने और एम्बुलेंस को सुधारने के निर्देश दिए थे। साथ ही कहा था कि अस्पताल को रेफरल सेंटर न बनाएं बल्कि इलाज भी करके मरीजो की जान बचाएं। परन्तु एक माह से ज्यादा बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
शांति समिति की बैठक
सुकमा, 23 मार्च। शुक्रवार को एसडीओपी तोंगपाल रजत नाग तथा थाना प्रभारी तोंगपाल निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में होलिकोत्सव को शान्तिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने केलिए थाना तोंगपाल में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनपद सदस्य एवं सरपंच ,अन्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में बैठक ली गई।
उपस्थित नागरिकों द्वारा होलिकोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से मनाने व पुलिस को सहयोग करने का आश्वासन दिया गया। साथ ही उपस्थित नागरिकों को नक्सल गतिविधियों के सम्बंध में सूचना देने व सहयोग करने की अपील की गई, स्थानीय जनप्रतिनिधियों को साप्ताहिक बाजारों, वार्षिक मेला व अंदरूनी ग्रामों में अकेला भ्रमण न करने व भ्रमण की सूचना पूर्व से थाने में देने की समझाईश दी गई ताकि सुरक्षा मुहैया कराई जा सके।
तोंगपाल की जनपद सदस्या मानकदई नाग ने क्षेत्र में चल रहे जुआ पर रोक लगाने के अपील की। जिस पर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने कहा-ऐसे कोई भी समस्या से मुझे अवगत कराए, जिससे समस्याओं का तत्काल निवारण होगा।
नगर के नागरिकों ने ,तेज रफ्तार में बाइक चला रहे युवाओं को रोकने ,एवं होली में ड्रिंक एवं ड्राइव को रोकने की अपील की है, साथ अन्य विषयों पर विचार विमर्श किया गया एवं बैठक शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ।
रियासत कालीन जोड़ा होलिका दहन परंपरानुसार होगा - ईश्वर खंबारी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
जगदलपुर, 23 मार्च। शहर के हृदय स्थल सीरासार चौक मावली मंदिर के सामने रियासत कालीन जोड़ा होलिका दहन प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के द्वारा श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर से भव्यता के साथ भगवान श्रीकृष्णजी की दो डोली निकाली जाकर रथ परिक्रमा मार्ग से होते हुए होलिका दहन स्थल मावली मंदिर के सामने भगवान श्रीकृष्णजी की डोली पहुंचने के उपरांत परंपरानुसार पूजा विधान संपन्न कर रियासत कालीन जोड़ा होलिका दहन संपन्न किया जाएगा।
360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष ईश्वर अंबारी ने बताया कि रियासत कालीन होलिका दहन 24 मार्च को 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के ब्राह्मणों एवं मावली मंदिर के पुजारी द्वारा परंपरानुसार भव्यता के साथ शुभ मुहर्त में संपन्न किया जाएगा। इस अवसर पर समाज के सदस्यों एवं समस्त श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य-लाभ प्राप्त करें।
ईश्वर खम्बारी ने जोड़ा होलिका दहन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सीरासार चौक मावली मंदिर के सामने माता मावली, भगवान जगन्नाथ स्वरूप श्रीकृष्ण के कल्की अवतार कलंकी मंदिर को समर्पित जोड़ा होली (दो होली) का दहन किया जाता है। इस जोड़ा होलिका दहन की रियासत कालीन परंपरा का निर्वहन शताब्दियों से आज भी अनवरत 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज करता चला आ रहा है, जिसमें जगन्नाथ मंदिर से श्रीकृष्णजी की दो डोली रथ परिक्रमा स्थल से होते हुए जोड़ा होलिका दहन स्थल लाई जाती है, तदुपरांत परंपरानुसार पूजा विधान के बाद होलिका दहन की जाती है। इस दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहते हैं और होलिका पूजन के बाद प्रज्वलित जोड़ा होलिका दहन की बड़ी संख्या में श्रृद्धालू श्रीफल व पूजन सामग्री अर्पित कर परिक्रमा करने की परंपरा का निर्वहन करते हैं।
अवैध शराब बिक्री करने वालों पर कार्रवाई
बचेली, 23 मार्च। बचेली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने वाले के घर दबिश देकर शराब जब्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्रवाई की। थाना से मिली जानकारी अनुसार 21 मार्च को अवैध रूप से देशी महुआ शराब बिक्री करने वाले अमृतलाल मल्ला निवासी वार्ड 5 रेतीपारा बचेली के घर दबिश देकर बिक्री रखे करीब 4 लीटर हाथ भट्टी से बना हुआ देशी महुआ शराब जब्त किया गया। आरोपी के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया।
महिला-किसान सम्मान समारोह
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सारंगढ़, 22 मार्च। विष्णु देव साय की नेतृत्व वाली प्रदेश की भाजपा सरकार के 100 दिन पुरे होने पर आज भारतीय जनता पार्टी जिला सारंगढ़ -बिलाईगढ़ द्वारा मातृ शक्तियों व अन्नदाता किसानों का सम्मान किया गया।
प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने में महिलाओं और किसानों की बड़ी भूमिका रही है, बकाया दो साल का धान का बोनस 3100/- क्विंटल की दर से धान खरीदी, 16 लाख प्रधानमंत्री आवास,व विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत रु 1000/-माह भारतीय जनता पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र के प्रमुख बिंदु थे, जिसे मोदी की गारंटी नाम से जारी किया गया था, और प्रदेश की भाजपा सरकार ने 3 महीने के अल्प कार्यकाल में ही अपने चुनाव घोषणा पत्र के प्रमुख योजनाओं को अमली जामा पहना कर प्रदेश की महिलाओं व किसानों का विश्वास जितने में सरकार सफल रही है।सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में मातृ शक्तियाँ व अन्नदाता किसान शामिल हुए, जिनका स्वागत व सम्मान भाजपा नेताओं व महिला मोर्चा की महिला नेत्रियों ने किया।
आज के कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता जुगल केशरवानी, जग्गनाथ केशरवानी, भुवन लाल मिश्रा, जिला महामंत्री अजय गोपाल, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, शिव कुमारी चौहान, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजय नायक, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कुलकित चंद्रा, दुर्गा सिंह ठाकुर,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजेश अग्रवाल,महिला मोर्चा जिला महामंत्री सहोद्रा सिदार, पार्षद सत्येंद्र बरगाह,मंडल अध्यक्ष भूषण चंद्रा, देवेन्द्र रात्रे, मनोज जायसवाल, चिंता साहू,पूर्व मंडल अध्यक्ष परिमल चंद्रा,मनोज मिश्रा, अवधेश ठेठवार चंद्रिका सिंह ठाकुर, भाजपा जिला मंत्री मीरा जोल्हे,अनुपमा केशरवानी, निर्मला बंजारे रागिनी केशरवानी, मनीषा मघरिया, राधिका चंद्रा, लकेश्वरी चन्द्रा, सत्या कहार,सीमा सिदार, गणेशी चौहान, हेम कुंवर नायक आदि भाजपा व महिला मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे, अंत में महिलाओं ने एक दूसरे को ग़ुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।
जीएसटी टीम भिलाई पहुंचते ही भागा गुटखा कारोबारी
दो घंटे से गोदाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रही टीम, अब गोदाम होगा सील
भिलाई नगर, 22 मार्च।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अंतर्गत कैम्प-2 में गुटखा कारोबारी के गोदाम पर जीएसटी टीम ने छापा मारा है। छापे के पहले ही संबंधित गोदाम संचालक भाग निकला है। दो घंटे से गोदाम खोलने का इंतजार कर रही टीम अब गोदाम को सील करने की तैयारी में है।
बताया जा रहा है कि एक बडे़ गुटखा कारोबारी के सब डीलर ने कैम्प-2 क्षेत्र में गोदाम किराया से लेकर यहां होली के चलते बड़े स्टाक को रखा हुआ था। जीएसटी टीम को इसकी शिकायत मिलते ही फौरन आधा दर्जन अधिकारी कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टीम पहुंचने के पहले गोदाम का प्रबंधक मौजूद था मगर कुछ देर पहले ही वह निकल गया। गोदाम का मालिक भी फोन बंद कर निकल गया है। मकान मालिक से जानकारी लेने पर सभी का फोन बंद बता रहा है। सूचना भिजवा कर पिछले दो घंटे से टीम गोदाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रही। बताया जा रहा है कि टीम अब गोदाम सील करने का निर्णय ले चुकी है। प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना बाद गोदाम को कुछ देर में सील किया जाएगा।
एसपी ने की सडक़ दुर्घटनाओं की समीक्षा
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायगढ़, 22 मार्च। सडक़ दुर्घटना में कमी लाने के लिए आईआरएडी प्रोजेक्ट के तहत जांचकर्ता पुलिस अधिकारी को प्रत्येक घटनास्थल का बारीकी से अध्ययन कर दुर्घटना के हर कारणों को ऐप में दर्ज करना अनिवार्य है, जिससे आगे उस स्थान पर सडक़ हादसों को नियंत्रण किया जा सकें।
जिले में आईआरएडी (इंट्रीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस) प्रोजेक्ट के तहत सभी थाना प्रभारियों और विवेचना अधिकारियों को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
इसी परिपेक्ष्य में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल गुरुवार को शहर के गौशाला चौक जहां विगत दिनों सडक़ हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, उस स्थान की ट्रैफिक डीएसपी रमेश चंद्रा एवं थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के साथ समीक्षा किये तथा संबंधित थाने के विवेचकों को साथ लेकर मौके पर ऐप में प्रविष्टि कराये। इसके बाद शहर के प्रमुख चौक- चौराहा में यातायात का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया है।
बीजापुर की बिंदु का चयन भारतीय महिला फुटबॉल लीग में
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बीजापुर, 22 मार्च। आगामी 24 से 30 मार्च तक कोलकाता में होने वाले इंडियन वुमेंस लीग फुटबॉल चैंपियनशिप के लिये भिलाई (छत्तीसगढ़) की एमजीएम अम्बुश क्लब टीम ने इंडियन वुमेंस लीग के लिए छत्तीसगढ़ से क्वालीफाई किया है।
इस अकादमी की कोच ज्योति यादव ने बताया कि विगत दिनों भिलाई में आयोजित छत्तीसगढ़ वुमेंस लीग में बीजापुर की बिंदु तेलम, ज्योति कुडिय़म, पिंकी कुडिय़म और जानकी कोरसा ने गल्र्स फुटबॉल क्लब डौंडी की टीम से खेला था, टीम की ओर से बिंदु के शानदार प्रदर्शन की वजह से एमजीएम अम्बुश क्लब ने बिंदु का चयन अपनी टीम में किया है। पिछले वर्ष भी जिले के फुटबॉल खिलाड़ीयो ने नेशनल और खेलो इंडिया में अपना अच्छा प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया था।
बिंदु तेलम का चयन इंडियन वुमेंस लीग में होने पर बीजापुर कलेक्टर अनुराग पाण्डे, सीईओ जिला पंचायत रमेश हेमंत नंदनवार बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी प्रभारी दिलीप उईके,अकादमी की एनआईएस कोच ज्योति यादव एवं अन्य अधिकारियों व फुटबॉल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त कर उज्वल भविष्य की कामना की है।
भाजपा नेता पर रेप का आरोप, केस दर्ज, आरोपी फरार
छत्तीसगढ़ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 22 मार्च। भाजपा नेता पर एक पीडि़ता ने रेप का आरोप लगाया है। पीडि़ता की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ पुलिस द्वारा केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी नागपुर भाजपा मंडल का मंत्री है, जो घटना के बाद से फरार बताया गया है। इधर रेप का मामला सामने आते ही आरोपी भाजपा नेता को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
पीडि़ता ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि ग्राम भल्लौर के दिनेश यादव को वह पूर्व से जानती है, जो दूध बेचने का काम करता है और अक्सर उसके घर आना-जाना करता है। घटना दिवस 20 मार्च की शाम करीब 5 बजे आरोपी दिनेश यादव उसके घर के पास आया, तब पीडि़ता ने उससे कहा कि महतारी वंदन वाला पैसा उसके खाता में नहीं चढ़ा है।
इस पर आरोपी ने उससे कहा कि तैयार रहना वह उसे शंकरपुर लेकर जाएगा और कंप्यूटर से चेक करा देगा। उसने कहा कि शाम लगभग साढ़े 5 वह आरोपी के साथ उसके बाइक में बैठकर शंकरपुर यादव कंप्यूटर दुकान गई। वहां कंप्यूटर से चेक करके बताया कि उसका पैसा खाते में आ गया है। पीडि़ता ने कहा कि इसके बाद आरोपी दिनेश यादव उसे अपनी बाइक में बैठाकर वापस घर ले जाने के लिए निकला।
उसने कहा कि आरोपी ने रास्ते में रोड के नीचे खेत में ले जाकर जबरन उसे शराब पिलाई और उसके साथ रेप किया। पीडि़ता ने कहा कि घर पहुंचकर उसने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद अपने पति व भाई के साथ थाने आकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
मित्रता हो तो कृष्ण सुदामा की तरह-पं. योगेश
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अभनपुर, 22 मार्च। ग्राम दादरझोरी में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन ग्रामवासियों द्वारा किया जा रहा है। कथावाचक पंडित योगेश पांडे हैं।
आज सातवें दिवस सुदामा चरित्र का वर्णन करते हुए कथा वाचक ने कहा कि मित्रता हो तो कृष्ण सुदामा की तरह, भगवान कृष्ण ने अपने मित्र सुदामा की मित्रता को निभाकर लोगों को यही शिक्षा दिया है कि हम सब मनुष्यों को भी अपने मित्र के जीवन में आने वाले हर संकट को समाधान करने के लिए तत्पर रहना चाहिए।
नर सेवा ही नारायण सेवा होता है, ऐसी भावना के साथ व्यक्ति को अपने मित्रता भी निभानी चाहिए
छुई खदान धंसकने से एक की मौत, घायल महिला का इलाज जारी
सूरजपुर। सूरजपुर में छुई खदान धंसने से एक युवक की मौत हो गई। एक महिला घटना में गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है। घटना ओड़गी ब्लाक की है। जानकारी के मुताबिक, 10 लोग छुई मिट्टी निकालने खदान आये थे। इस दौरान मिट्टी धंस गई।
घटना में एक महिला व एक युवक मिट्टी में दब गया। इधर, जैसे ही घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो मौके पर पहुंचे और दबे ग्रामीणों को निकालने रेस्क्यू शुरू किया गया। पुलिस भी हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू कर युवक व महिला को निकाला। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान युवक के मौत की पुष्टि की।
वहीं, घटना में घायल महिला का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार अवैध कोयला और छुई मिट्टी की खुदाई की जा रही है। आये दिन इन खदानों में ग्रामीण मिट्टी और कोयला ले जाने के लिए एकत्र होते रहते है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।
CM विष्णुदेव साय ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर दिया बयान
रायपुर। सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, जस करनी तस भरनी, जैसा उन्होंने किया है वैसा उन्हें भरना ही पड़ेगा. बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली शराब घोटाले मामले में गुरुवार शाम को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था. ईडी की टीम कल शाम अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंची थी. करीब दो घंटे की पूछताछ और आवास पर तलाशी के बाद ईडी ने केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया था.
राउज एवेन्यू कोर्ट में शराब घोटाले मामले की सुनवाई जारी है. इस दौरान ईडी ने केजरीवाल को लेकर कई दावे किए हैं. ईडी ने दो लोगों की चैट का हवाला दिया, जिसमें कैश को लेकर बातचीत हो रही है. ईडी ने बताया कि हवाला के जरिए गोवा 45 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए. अलग-अलग लोगों को बड़ी धनराशि दी गई. हमने इन लोगों की सीडीआर डिटेल हासिल की है. इनके फोन रिकॉर्ड भी हमारे पास हैं. विजय नायर की एक कंपनी से भी सबूत मिले हैं. चार रूट के जरिए पैसा गोवा ट्रांसफर किया गया.
राज्यपाल ने नरेंद्र कुमार शुक्ल और आलोक चन्द्रवंशी को सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई
रायपुर। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने आज यहां राजभवन के दरबार हाल में आयोजित समारोह में नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्त नरेंद्र कुमार शुक्ल एवं आलोक चन्द्रवंशी को राज्य सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने शपथ प्रक्रिया पूर्ण कराई।
शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डी.डी. सिंह, पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त एम. के. राउत, सरजियस मिंज, पूर्व राज्य सूचना आयुक्त एस. के. तिवारी, ए.के. अग्रवाल, मोहन पवार, मनोज त्रिवेदी, धनवेंद्र जायसवाल, राज्य सूचना आयोग के सचिव गोपाल वर्मा सहित आई.पी. मिश्रा, राकेश चतुर्वेदी, डॉ. सुरेंद्र शुक्ल, एल.एन. तिवारी, अंजनी कुमार शुक्ल, डी.सी. पाण्डेय, अनुराग दीवान एवं नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों के परिजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। ज्ञात हो कि राज्य सूचना आयुक्त नरेंद्र कुमार शुक्ल सेवानिवृत आई.ए.एस. अधिकारी है एवं कलेक्टर बालोद एवं कमिश्नर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग आदि पदों पर कार्यरत रहें। आलोक चंद्रवंशी पूर्व जोन कमिश्नर रहे हैं।
रायपुर में जल संकट, इन इलाकों में आज शाम नहीं आएगा पानी
रायपुर। आज शाम रायपुर शहर की 23 पानी टंकियों से पानी कम आएगा। बुधवार को सुबह बिजली सप्लाई लाइन बंद थी और मेंटेनेंस का काम किया जा रहा है। जिसके चलते टंकियों में पानी नहीं भर पाया है। इसलिए शाम पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
रायपुर नगर निगम के फिल्टर प्लांट विभाग के इंजीनियर ने बताया कि आज सुबह मेंटेनेंस के चलते बिजली विभाग ने बिजली सप्लाई साढ़े तीन घण्टे तक बंद रखा था। इस वजह से शहर के चंगोराभाठा, डीडी नगर, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, रामनगर, गोगांव, जरवाय, मठपुरैना, लालपुर।
अमलीडीह, अवंति विहार, मोवा, सड्डू, दलदल सिवनी, कचना, आमसिवनी, राजेंद्रनगर, श्यामनगर, खमतराई, डंगनिया, गंज और गुढ़ियारी की पानी टंकियों में भरपूर मात्रा में पानी नहीं भर पाया है। जिस कारण इन क्षेत्रों में आज शाम पेयजल आंशिक रूप से प्रभावित रूप से रहेगा।