CG MORNING NEWS: साय कैबिनेट की बैठक आज… पीएम विश्वकर्मा कार्यक्रम का आयोजन… अमेरिका दौरे से राजधानी लौटेंगे डिप्टी सीएम साव…छत्तीसगढ़ बंद ऐलान के बाद कांग्रेस की बैठक… बोर्ड परीक्षा में शामिल होने फॉर्म 30 सितंबर तक…
रायपुर |
20-Sep-2024
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज सुबह 11.30 बजे कैबिनेट की बैठक होगी. कैबिनेट बैठक मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित की गई है. यह बैठक करीब एक माह बाद होने जा रही है, जिसमें राज्योत्सव आयोजन, धान खरीदी की शुरुआत, नई औद्योगिक नीति और नक्सलवाद खत्म करने के लिए पुनर्वास नीति समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं.
पीएम विश्वकर्मा कार्यक्रम का आयोजन
आज “पीएम विश्वकर्मा: प्रगति का एक वर्ष” कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली शामिल होंगे, जबकि सांसद बृजमोहन अग्रवाल कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे. यह आयोजन सुबह 10:30 बजे रायपुर के सर्किट हाउस में होगा.
अमेरिका दौरे से राजधानी लौटेंगे डिप्टी सीएम अरुण साव
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज अमेरिका दौरे से राजधानी रायपुर लौटेंगे. वह सुबह 9:15 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वह 11:30 बजे कैबिनेट की बैठक में शामिल होंगे. अरुण साव और लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह 10 सितंबर से एशियन डेवलपमेंट बैंक के आमंत्रण पर अमेरिका के अध्ययन प्रवास पर थे.
कांग्रेस ने कल छत्तीसगढ़ बंद का किया ऐलान, आज तैयारी को लेकर होगी बैठक
कांग्रेस ने 21 सितंबर को छत्तीसगढ़ बंद का ऐलान किया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इसका ऐलान किया है. कवर्धा सहित पूरे प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में यह बंद आयोजित किया जा रहा है. दीपक बैज ने कवर्धा में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छत्तीसगढ़ बंद का ऐलान किया. बंद की तैयारी को लेकर आज शाम 4 बजे कांग्रेस भवन,गांधी मैदान में कांग्रेस की बैठक होगी. यह बैठक प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में होगी. बैठक में प्रदेश और रायपुर शहर के कार्यकर्ता शामिल होंगे.