मौसम के उतार चढ़ाव से सब्जी उत्पादक किसान परेशान
तिल्दा-नेवरा। मौसम के उतार चढ़ाव से सब्जी उत्पादक किसान परेशान है। बदली छाए रहने से एक ओर जहां बारिश की संभावना बनी हुई है तो दूसरी तरफ सब्जियों के खेती में इसका विपरीत असर पड़ रहा है। मौसम की बेरुखी के चलते लोगों की दिनचर्या भी बदल गई है।
उल्लेखनीय है कि, शनिवार-रविवार से मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली है। आसमान पर छाई बदली से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें नजर आने लगी है। मौसम परिवर्तन के चलते समय पर धान की मिसाई का कार्य नहीं हो पा रहा है। ऐसे में तेज बारिश होती है तो खेतों में रखी धान की फसल को काफी नुकसान होगा।
सुबह से जहां आसमान में बदली छाई हुई है वहीं दोपहर में गर्मी तो शाम को हल्की ठंड लग रही है। सोमवार को दिनभर धूप की लुकाछिपी चलती रही। इधर, दलहन-तिलहन, चना, तिंवरा, मटर आदि लगाए किसानों को भी डर सता रहा है। विभिन्न प्रकार के सब्जियों की खेती कर रहे किसान कीटप्रकोप की आशंका से भयभीत है। कुछ किसान रबी फसल की तैयारी भी कर रहें हैं।
रबी सीजन के लिए किसान गेहूं की बुआई कर रहे हैं। जानकारों की मानें तो मौसम परिवर्तन का असर दलहनी फसलों के साथ-साथ सब्जियों में भी पड़ सकता है।
किसानों ने बताया कि, खेतों में अभी पालक, मूली, लाल भाजी, धनिया, मेथी, टमाटर, सेमी, गोभी आदि सब्जियां लगी हुई है।ऐसे में आसमान में बदली छाने से उन पर कीड़े लगने का डर है। इससे सब्जियों के उत्पादन और क्वालिटी में भी असर पड़ सकता है।