लॉटरी ने तय किया जनपद पंचायत अध्यक्ष
|
09 Mar 2025
भाजपा की नंदनी पोटाई बनीं केशकाल जनपद अध्यक्ष
छत्तीसगढ़ संवाददाता
केशकाल, 8 मार्च। केशकाल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को जनपद पंचायत केशकाल अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। भाजपा व कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपने-अपने अध्यक्ष प्रत्याशी को उतारा था। भाजपा की ओर से पोटाई और कांग्रेस की ओर से ओमसिल नाग ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की थी।
जहां निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में सभी जनपद सदस्यों ने अपना मतदान दिया। जिसमें भाजपा कांग्रेस दोनों ही पार्टी के दावेदारों को बराबर 8-8 मत मिला व एक मत रिजेक्ट हुआ। जिसके बाद पर्ची के माध्यम से दोनों की फिर से किस्मत अजमाई गई और आखिरकार भाजपा समर्पित प्रत्याशी नंदनी पोटाई ने जीत हासिल की।
इस जीत के बाद केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, भाजपा जिला अध्यक्ष सेवक राम सहित सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल कर नवनिर्वाचित अध्यक्ष नंदिनी पोताई को बधाई दी। इसी क्रम में उपाध्यक्ष पद हेतु कांग्रेस से ओमप्रकाश मरकाम व भाजपा से हितेश नेताम ने दावेदारी की थी।
मतदान के दौरान ओमप्रकाश मरकाम को 9 मत व हितेश नेताम को 8 मत मिला। इस प्रकार से कांग्रेस समर्पित ओमप्रकाश मरकाम ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है।
मीडिया से चर्चा करते हुए केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से जुडक़र आज नगरीय निकाय के साथ ही ग्राम पंचायत, जनपद व जिला पंचायत में भाजपा की जीत हुई है। इसी प्रकार केशकाल विधानसभा के फऱसगांव और केशकाल जनपद पंचायत में भाजपा की जीत हुई है। आगामी रविवार को बड़े राजपुर जनपद पंचायत में भी भाजपा का ही अध्यक्ष बनेगा।
नवनिर्वाचित जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदनी पोटाई ने भी सभी जनपद सदस्यों के साथ ही आम जनता को धन्यवाद दिया। इसी प्रकार भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम ने कहा की भाजपा के सुशासन के चलते ही आज पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा की लहर है। केशकाल जनपद पंचायत में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को अध्यक्ष बनाने में हम कामयाब हुए हैं। हमें विश्वास है कि बड़ेराजपुर जनपद पंचायत में भी भाजपा का ही अध्यक्ष बनेगा।