छत्तीसगढ़ / रायपुर

छत्तीसगढ़ के इन इलाकों में आज बारिश की संभावना, 3 दिन बाद बढ़ेगी गर्मी

 छत्तीसगढ़ में आज मौसम फिर से बदलेगा। कई इलाकों में आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ क्षेत्रों में अंधड़ और वज्रपात के आसार है। हालांकि तापमान में वृद्धि का दौर भी शुरू हो गया है। प्रदेश के उत्तरी इलाकों में अगले तीन दिनों तक मेघगर्जन की गतिविधि जारी रहने की संभावना है। रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



पिछले 24 घंटों में एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई। बिलासपुर सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया।


मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ इस समय 71 डिग्री पूर्वी देशांतर और 30 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर, लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके साथ ही एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका मराठवाड़ा से मन्नार की खाड़ी तक फैली हुई है, जो सतह से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है।

इस मौसमी व्यवस्था के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में आगामी दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। प्रदेश में अधिकतम तापमान में फिलहाल हल्की वृद्धि का सिलसिला बना रह सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ में मेघ गर्जन की गतिविधियां जारी रहेंगी, जिसके बाद इसमें कुछ कमी आने की संभावना है। वहीं दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक मेघ गर्जन की गतिविधियों के बने रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि देखी जा सकती है।

रायपुर में आज का मौसम
रायपुर में आज आकाश आंशिक मेघमय रहने तथा गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिन में पारा 42°C के आसपास रहने की संभावना है।

Leave Your Comment

Click to reload image