छत्तीसगढ़ /

उगते सूर्य को अघ्र्य के साथ छठ महापर्व संपन्न

छत्तीसगढ़ संवाददाता बचेली, 28 अक्टूबर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा मंगलवार की सुबह बचेली के बंगाली कैम्प नंबर 2, सेंट्रल वर्क शॉप के नीचे साम्प्लेक्स नाला घाट में उदयमान सूर्य को अघ्र्य देने के साथ भक्ति भाव से संपन्न हुआ। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की पवित्रता और अनुशासन ने पूरे नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। सुबह-सुबह साम्प्लेक्स नाला घाट पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। घाट पर व्रतधारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान भास्कर को अघ्र्य अर्पित कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन किया। इस वर्ष घाट पर उत्कृष्ट व्यवस्थाएं देखने को मिलीं। नगर पालिका बचेली द्वारा प्रकाश व्यवस्था, सजावट, स्वच्छता और सुरक्षा की बेहतरीन तैयारी की गई थी। विशेष रूप से नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल और सीएमओ पी.टी.एम. कृष्ण राव की देखरेख में घाट पर आकर्षक शेड का निर्माण कराया गया था। पूरा घाट सुंदर रोशनी, रंगीन झालरों और सजावटी सेटों से सुसज्जित था, जिससे पूरा वातावरण दिव्य और आलोकित दिखाई दे रहा था। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं उनकी पत्नी गीतांजलि जायसवाल द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। उनके इस सेवाभाव और सौहार्द ने भक्तों के बीच आत्मीयता और समर्पण का संदेश दिया। श्रद्धालु परिवारों ने दीप प्रज्वलित कर सूर्यदेव को अघ्र्य अर्पित किया, और वातावरण भक्ति गीतों से गूंज उठा। अघ्र्य के पश्चात प्रसाद वितरण एवं आतिशबाजी ने उत्सव को और भी रंगीन बना दिया। छठ घाट पर भक्तों की भीड़, रोशनी की चमक और नगर पालिका की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं ने इस वर्ष का छठ महापर्व यादगार बना दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image