पीएम मोदी का आज रायपुर दौरा, 14,260 करोड़ रुपए के विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास
रायपुर |
01-Nov-2025
रायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 1 नवंबर को रायपुर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे. छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान वह विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. पीएम छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन करेंगे. इसे ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर बनाया गया है. इसके अलावा प्रधानमंत्री सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों को कवर करते हुए 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक और परिवर्तनकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.
3.51 लाख पूर्ण हो चुके घरों के गृह प्रवेश में PM होंगे शामिल
विकास परियोजना से जुड़े कार्यक्रम में पीएम मोदी ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में 12 नए स्टार्टअप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम (एसवीईपी) ब्लॉकों का उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री 3.51 लाख पूर्ण हो चुके घरों के गृह प्रवेश में शामिल होंगे. इस दौरान आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 3 लाख लाभार्थियों को 1200 करोड़ रुपये की किश्त जारी किया जाएगा.
देखें मिनट टू मिनट शेड्यूल
(पीएम मोदी कार्यक्रम 1 नवंबर) प्रधानमंत्री मोदी सुबह 7:35 बजे दिल्ली से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से रवाना होंगे और सुबह 9:40 बजे रायपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे. इसके बाद वे सड़क मार्ग से नवा रायपुर के लिए रवाना होंगे. सबसे पहले प्रधानमंत्री सुबह 10 बजे सत्य साईं संजीवनी अस्पताल पहुंचेंगे, जहां वे “दिल की बात” कार्यक्रम में शामिल होकर हृदय रोग का सफल ऑपरेशन करा चुके करीब 2500 बच्चों से संवाद करेंगे. इसके बाद वे ब्रह्माकुमारी भवन (शांति शिखर) (Brahmakumari Shanti Shikhar Bhavan) का उद्घाटन करेंगे और नए विधानसभा भवन पहुंचकर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके साथ ही वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन भी करेंगे. (Chhattisgarh Assembly inauguration)
दोपहर में प्रधानमंत्री आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन कर उसका भ्रमण करेंगे. इसके बाद वे नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव समारोह का शुभारंभ करेंगे. राज्योत्सव के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री शाम 4:20 बजे रायपुर हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे और 4:25 बजे विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे.
छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन
छत्तीसगढ़ राज्य के लिए आज का दिन ऐतिहासिक महत्व रखता है. साल 2000 में इसी दिन यह राज्य मध्यप्रदेश से अलग होकर अस्तित्व में आया था. इस वर्ष राज्य स्थापना दिवस का उत्साह कई गुना बढ़ गया है, क्योंकि छत्तीसगढ़ अपने गौरवशाली 25 वर्ष पूरे कर चुका है. इस खास अवसर पर राज्योत्सव मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बॉलीवुड से लेकर स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे. पांच दिनों तक यह उत्सव पूरे जोश और उमंग के साथ मनाया जाएगा.