छत्तीसगढ़ / जशपुर

किसानों के अतिरिक्त आय के लिए विष्णु सरकार में हो रहा सांय सांय कार्य : मनरेगा अंतर्गत बने तालाबों में किसानों के आय के लिए 177 किसानों को किया गया मत्स्य बीज वितरण

जशपुर । किसानों की आय में वृद्धि कर उन्हें विभिन्न आजीविका के साधनों से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। जिसके तहत सोमवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत बनाये गए तालाबों को किसानों की आय वृद्धि का साधन बनाने के लिए कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत बगीचा एवं मत्स्य पालन विभाग के सहयोग से बगीचा विकासखण्ड के 177 किसानों को मत्स्य बीज का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रीना बरला सहित जनपद पंचायत बगीचा सीईओ कुमार प्रमोद सिंह, मनरेगा पीओ तरुण सिंह, मत्स्य निरीक्षक अभिनीत सिंह उपस्थित रहे।

इस संबंध में जनपद पंचायत बगीचा सीईओ कुमार प्रमोद सिंह ने बताया कि किसानों को अतिरिक्त आय दिलाने के साथ साथ लगातार तालाबों को पाट कर खेत बनाये जाने के प्रचलन को रोकने एवं भूमिगत जलस्तर को ऊंचा उठाने के लिए किसानों को तालाबों के संरक्षण हेतु प्रेरित किया जा रहा है। जिसके लिए बगीचा विकासखण्ड के 177 ग्रामीण किसानों को मत्स्य बीज का वितरण किया गया है। इससे ना सिर्फ किसानों को सतत अतिरिक्त आय मिलेगी बल्कि आगामी फसलों को भी कम सिंचाई की आवश्यकता होगी और तालाबों के संरक्षित होने से सिंचाई का लाभ लेकर किसान दोहरी फसल ले सकते हैं। इन सभी लाभों से किसानों को अवगत कराते हुए उनका प्रोत्साहन भी किया गया है। इसके साथ ही समय समय पर किसानों को मत्स्य पालन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image